आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का ठिकाना बदल गया है. वह अपना सरकारी बंगला छोड़ रहे हैं.
by
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो ।।
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का ठिकाना बदल गया है. वह अब पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह के आवास पर शिफ्ट हो रहे हैं. कथित शराब नीति घोटाले में अपना नाम सामने आने के बाद सिसोदिया ने पद से इस्तीफा दे दिया था. उनके पास शिक्षा मंत्रालय की भी जिम्मेदारी थी. दरअसल, हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए अरविंद केजरीवाल ने CM पद छोड़ने के साथ ही अपना सरकारी आवास छोड़ने का ऐलान किया था. उन्हीं की राह पर चलते हुए सिसोदिया भी अपना सरकारी बंगला छोड़ रहे हैं.
अभी तक ये था ठिकाना
सिसोदिया आम आदमी पार्टी (AAP) की टिकट से राज्यसभा पहुंचने वाले हरभजन सिंह के आवास पर शिफ्ट होंगे. अब तक वह अपने परिवार के साथ AB-17, मथुरा रोड पर रह रहे थे. यह बंगला पार्टी लीडर आतिशी के नाम पर अलॉट है. अब चूंकि आतिशी दिल्ली की मुख्यमंत्री बन गई हैं, तो उन्हें सिविल लाइंस में 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित CM हाउस अलॉट हो गया है. ऐसे में उनके नाम से AB-17 आवास हट जाएगा. CM बनने से पहले तक आतिशी अपने निजी निवास में रह रही थीं.
केजरीवाल कल छोड़ेंगे बंगला
इन सबके बीच सवाल यह है कि सिसोदिया के हरभजन सिंह को 32 राजेंद्र प्रसाद रोड पर अलॉट बंगले में शिफ्ट होने के बाद भज्जी कहां जाएंगे? इसका जवाब बेहद सरल है. हरभजन इस सरकारी बंगले के बजाये अपने निजी आवास में रहते हैं. ऐसे में यह बंगला खाली है, इसलिए मनीष सिसोदिया यहां रहने वाले हैं. उधर, AAP के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व CM अरविंद केजरीवाल कल यानी शुक्रवार को अपना सीएम आवास खाली करेंगे. उनका नया ठिकाना पार्टी सांसद अशोक मित्तल का आवास होगा.
अपना कोई मकान नहीं
गौर करने वाली बात यह है कि दिल्ली में लगातार 10 साल तक मुख्यमंत्री रहने के बाद भी केजरीवाल के पास अपना कोई निजी आवास नहीं है. इसलिए CM हाउस छोड़ने के बाद वह पार्टी सांसद के आवास पर शिफ्ट होंगे. दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बताया है कि केजरीवाल AAP सांसद अशोक मित्तल के घर पर तब तक रहेंगे, जब तक की जनता उन्हें दोबारा दिल्ली का CM नहीं बना देती. गौरतलब है कि दिल्ली के कथित शराब नीति घोटले में केजरीवाल लंबे समय तक जेल में रहे हैं. कुछ वक्त पहले ही सुप्रीम कोर्ट से उन्हें जमानत मिली है.