जम्मू-कश्मीर में बड़ा आतंकी हमला, 27 पर्यटकों की मौत, मोदी सऊदी अरब का दौरा छोड़ भारत लौटे

पहलगाम आतंकी हमले में 27 पुरुषों की जान गई. पीएम नरेंद्र मोदी सऊदी अरब की यात्रा बीच में ही छोड़कर भारत लौट आए हैं. दिल्ली लैंड करते ही उन्होंने एयरपोर्ट पर ही पहलगाम टेरर अटैक पर बैठक की.

Last Modified:
Wednesday, 23 April, 2025
BWHindi

जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने टूरिस्टों को निशाना बनाया. इस हमले में अब तक 27 मौतें हुई हैं, जिनमें ज्यादातर टूरिस्ट हैं. मृतकों में दो विदेशी और दो स्थानीय लोग भी बताए जा रहे हैं. यह 2019 के पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक आतंकी हमला है. इस केंद्रशासित प्रदेश के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इसे हाल के वर्षों में आम लोगों पर हुआ सबसे बड़ा हमला बताया. आतंकियों की तलाश में सेना जुट गई है. लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर्स जारी किए गए हैं.

5 आतंकी थे

आतंकी सैनिकों और पुलिस जैसी वर्दी में थे. इस हमले में टूरिस्टों के साथ स्थानीय लोग भी घायल हुए, कुछ घोड़ों को भी गोली लगी है. लोगों ने आतंकियों की संख्या पांच बताई है. खबर फैलते ही पाकिस्तान स्थित आतंकी गुट लश्कर-ए-तैबा के मुखौटा संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ यानी TRF ने इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी ली है. टीआरएफ ने एक पेज के संदेश में यह भी लिखा है कि जम्मू-कश्मीर में गैर स्थानीय लोगों को बसाया जा रहा है. यहां अवैध रूप से बसने की कोशिश करने वाले बाहरी लोगों के खिलाफ ऐसे ही हिंसा की जाएगी.

हाई अलर्ट जारी

अधिकारियों ने बताया कि हमले के तुरंत बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में केंद्रीय गृह सचिव, आईबी चीफ, सीआरपीएफ और बीएसएफ डीजी, आर्मी के टॉप अधिकारियों से विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग की. इस हाई लेवल मीटिंग के तुरंत बाद गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हो गए. उनके अलावा अन्य तमाम सिक्योरिटी फोर्सेज के चीफ और अन्य आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं. सूत्रों का कहना है कि गृह मंत्रालय, आर्मी, बीएसएफ, सीआरपीएफ और आईबी अधिकारियों के बीच हुई मीटिंग में इस आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए कहा गया है.

पीएम मोदी सउदी अरब से वापस लौटे

पीएम नरेंद्र मोदी इतनी बड़ी घटना के बाद अपना सउदी अरब का दौरा बीच में ही छोड़कर दिल्ली लौट आए हैं. यहां उन्होंने एयरपोर्ट ही पहलगाम टेरर अटैक को लेकर बैठक की. गृह मंत्री अमित शाह इस वक्‍त श्रीनगर पहुंच चुके हैं. उन्‍होंने एलजी मनोज सिन्‍हा और सीएम उमर अब्‍दुल्‍ला के साथ बैठक की. बताया जा रहा है कि कुल चार आतंकियों ने इस वारदात को अंजाम दिया, जिसमें से तीन पाकिस्‍तानी और एक लोकल कश्‍मीरी है. कांग्रेस पार्टी ने सरकार से कहा कि वो उनके साथ हैं. आतंकियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए.