पीएम मोदी के शपथ ग्रहण के लिए जहां शेख हसीना दिल्ली पहुंच चुकी हैं वहीं दूसरी ओर बाकी मेहमानों के कल दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है.
by
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो ।।
रविवार को पीएम मोदी एक बार फिर देश के पीएम की कमान संभालने जा रहे हैं. वो देश के पहले पीएम जवाहरलाल नेहरू के बाद दूसरे ऐसे पीएम बन जाएंगे जो तीन बार पीएम पद की शपथ ले रहा है. पीएम मोदी के इस शपथ ग्रहण के लिए सिर्फ पड़ोसी देशों के ही नहीं बल्कि दुनिया के कई दूसरे देशों के मेहमान और राष्ट्राध्यक्ष भी पहुंच रहे हैं.तकरीबन 9000 मेहमान पीएम मोदी के इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पहुंचने जा रहे हैं जिनके लिए चौकस सुरक्षा का ऐसा जाल बुना गया है कि परिंदा भी पर ना मार सके.
पड़ोसी देशों के राष्ट्राध्यक्ष होंगे शामिल
पीएम मोदी 9 तारीख रविवार को शाम 7 बजे के बाद शपथ लेने जा रहे हैं. उनके शपथ ग्रहण के लिए राष्ट्रपति भवन में बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं. पीएम मोदी के शपथ ग्रहण के लिए जिन राष्ट्राध्यक्षों को न्यौता दिया गया है उनमें बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना, श्री लंका के प्रेसीडेंट रानिल विक्रमसिंघे, मालदीव के प्रेसीडेंट डॉ. मोहम्मद मोइज्जू, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ, मारीसियस के पीएम प्रवींद कुमार, नेपाल के पीएम पुष्प कमल दहल प्रचंड और भूटान के पीएम टीशेरिंग टोब्गे शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: अब सैटेलाइट तकनीक से होगा टोल कलेक्शन, NHAI ने शुरू की तैयारी
राष्ट्रपति के डिनर में शामिल होंगे सभी राष्ट्राध्यक्ष
पीएम मोदी के अपने सभी मंत्रियों के साथ शपथ लेने के बाद सभी राष्ट्राध्यक्षों के लिए राष्ट्रपति की ओर से डिनर का भी आयोजन किया गया है. इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अब तक कई देशों के प्रमुख भारत पहुंच चुके हैं. इनमें बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना भारत पहुंच चुकी हैं. जबकि बाकी सभी के रविवार को दिल्ली पहुंचने की तैयारी है. पीएम मोदी का शपथ ग्रहण में उद्योग जगत से लेकर बॉलीवुड और दूसरे कई क्षेत्रों के नामी लोगों के पहुंचने की भी उम्मीद है. यही नहीं संसद भवन में काम करने वाले श्रमिक भी उनके शपथ ग्रहण में पहुंच सकते हैं.
छावनी में तब्दील हुई दिल्ली
पीएम मोदी के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के लिए दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. दिल्ली के आकाश को जहां नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है वहीं दूसरी ओर राष्ट्रपति भवन में थ्री लेयर सिक्योरिटी का इंतजाम किया गया है. इस थ्री लेयर सिक्योरिटी में सबसे बाहरी लेयर का जिम्मा दिल्ली पुलिस के पास होगा जबकि उसके बाद अंदर एनएसजी और एसपीजी को कमान दी गई है. सुरक्षा और खूफिया एजेंसियां भी इस कार्यक्रम को लेकर सक्रिय हो गई हैं. लोकसभा चुनाव में जहां बीजेपी की 240 सीटें आई हैं वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की 99 सीटें आई हैं. बीजेपी को बहुमत का आंकड़ा ना मिलने के कारण अब सरकार जेडीयू और टीडीपी के समर्थन से बन रही है.