हेलिकॉप्टर हादसे में ईरान के राष्ट्रपति की मौत, अपने पीछे कितनी दौलत छोड़ गए हैं Raisi?

ईरान ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि रविवार को हुए हेलिकॉप्टर हादसे में राष्ट्रपति और विदेश मंत्री की मौत हो गई है.

Last Modified:
Monday, 20 May, 2024
BWHindi

ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी (Iranian President Ebrahim Raisi) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. स्थानीय सरकार ने पुष्टि कर दी है कि रविवार को हुए हेलिकॉप्टर क्रैश में राष्ट्रपति रईसी की मौत हो गई है. हेलिकॉप्टर में उनके साथ सवार विदेश मंत्री होसैन अमीर अब्दुल्लाहियान और पूर्वी अजरबैजान के गवर्नर मलिक रहमती भी इस दुर्घटना का शिकार बन गए हैं. इब्राहिम रईसी को ले जा रहा हेलिकॉप्टर कल शाम ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था. हेलिकॉप्टर पहाड़ी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था और वहां मौसम भी खराब था, इस वजह से सर्च ऑपरेशन में दिक्कत आ रही थीं. 

इजरायल में खुशी?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी अजरबैजान से लगी सीमा पर एक बांध का उद्घाटन करने गए थे. इस समारोह में अजरबैजान के राष्ट्रपति भी मौजूद थे. कार्यक्रम से लौटते समय रईसी का हेलिकॉप्टर ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत के वरजाकन क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. राष्ट्रपति की तलाश में दर्जनों बचाव टीमों जुटी हुई थीं और अब उनके बारे में दुखद समाचार सामने आया है. उधर, ईरान के राष्ट्रपति के साथ हुए हादसे पर इजरायल के धर्मगुरुओं ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने इसे ईश्वर का न्याय बताया है. ईरान और इजरायल के बीच संबंध अच्छे नहीं हैं. दोनों एक दूसरे को अपना दुश्मन मानते हैं. हाल ही में उनके बीच युद्ध के हालात भी उत्पन्न हो गए थे. दोनों तरफ से एक दूसरे को धमकियां भी दी गई थीं. ऐसे में ईरान के राष्ट्रपति का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो जाना कई सवालों को जन्म देता है. हालांकि, अभी तक ये स्पष्ट नहीं है कि कि यह हादसा है या साजिश. ईरान के राष्ट्रपति जिस हेलिकॉप्टर में सवार थे, वो अमेरिका में बना बेल 212 है. दो ब्लेड वाले इस मीडियम साइज हेलिकॉप्टर में पायलट सहित 15 लोग बैठ सकते हैं.

इतनी है रईसी की सैलरी
ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के पास काफी दौलत थी. एक रिपोर्ट के अनुसार, रईसी की नेटवर्थ करीब 442 करोड़ रुपए है. जबकि उनकी वार्षिक सैलरी 9,11,872.00 रुपए थी. रईसी धार्मिक स्कॉलर, वकील और फिर ईरान की कानून व्यवस्था के शीर्ष तक पहुंचने के बाद देश के राष्ट्रपति की कुर्सी तक पहुंचे थे. शिया धर्म गुरुओं में वह अयातोल्लाह के बाद दूसरे नंबर पर आते थे. वहीं, यूरोपीय यूनियन (EU) ने भी ईरानी राष्ट्रपति को ढूंढने में मदद के लिए अपना कॉपरनिकस सैटेलाइट सिस्टम एक्टिवेट कर दिया था. ईरान ने EU से मदद मांगी थी, ताकि मैपिंग सर्विस इस्तेमाल करके क्रैश साइट को लोकेट किया जा सके.