15 जुलाई से तत्काल टिकट के लिए अनिवार्य हुआ आधार सत्यापन, रेल मंत्री ने संसद में दी जानकारी

11 राज्यसभा सांसदों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि आधार लिंक करने पर किसी भी उपयोगकर्ता को बुकिंग में प्राथमिकता नहीं मिलेगी

Last Modified:
Saturday, 02 August, 2025
BWHindi

अब तत्काल ट्रेन टिकट बुक करने के लिए आधार से सत्यापित होना अनिवार्य हो गया है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद के मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में बताया कि 15 जुलाई से IRCTC वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर केवल आधार सत्यापित उपयोगकर्ता ही तत्काल बुकिंग कर सकेंगे.

11 राज्यसभा सांसदों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि आधार लिंक करने पर किसी भी उपयोगकर्ता को बुकिंग में प्राथमिकता नहीं मिलेगी. नियमित टिकट बुकिंग प्रक्रिया इस बदलाव से प्रभावित नहीं होगी.

रेल मंत्री ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य सॉफ्टवेयर या अन्य माध्यमों से तत्काल टिकटों की जमाखोरी करने वाले दलालों और एजेंटों पर अंकुश लगाना है, जो अक्सर बुकिंग खुलते ही चंद सेकंड में सारे टिकट बुक कर लेते हैं. इसके मद्देनज़र तत्काल आरक्षण खिड़की खुलने के पहले 30 मिनट तक एजेंटों को सिस्टम से बाहर रखा गया है.

उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था OTP आधारित सत्यापन और UIDAI के प्रमाणीकरण सिस्टम से जुड़ी है, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और इस हाई-डिमांड बुकिंग स्कीम के दुरुपयोग को रोका जा सकेगा.

TAGS bw-hindi