गृह मंत्री अमित शाह ने लॉन्च किया CRS App, घर बैठे मिलेंगे जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र

गृह मंत्री अमित शाह ने घर बैठे ही डेथ और बर्थ के रजिस्ट्रेशन के लिए एक ऐप लॉन्च किया. इस ऐप का नाम CRS (Civil Registration System) है.

Last Modified:
Wednesday, 30 October, 2024
BWHindi

गृहमंत्री अमित शाह ने आज जनगणना भवन में नागरिक पंजीकरण प्रणाली यानि की CRS (Civil Registration System ) ऐप लॉन्च किया. इस ऐप के जरिए कोई भी आम आदमी किसी भी जगह से जन्म और मृत्यु का रजिस्ट्रेशन कर सकता है. ऐप की मदद से अब घर बैठे रजिस्ट्रेशन का यह काम आसानी से हो जाएगा. ये ऐप आम आदमी को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने और लंबी लाइनों में खड़े होने से मुक्ति दिलाने में कारगर साबित होगा.

21 दिन के अंदर करना होगा रजिस्ट्रेशन

ऐप के मुताबिक, अगर आप 21 दिनों के अंदर रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाते हैं तो फिर अतिरिक्त शुल्क देना होगा. इसके लिए देश के किसी भी आम आदमी को 22 से 30 दिनों के अंदर 2 रुपये शुल्क देना होगा और 31 दिन से एक साल तक 5 रुपये की लेट फीस जमा करानी होगी. इसी के साथ-साथ ज्यादा पुराने प्रमाण पत्रों के लिए 10 रुपये का शुल्क तय किया गया है यानि अधिकतम विलंब शुल्क 10 रुपये होगा.

गृहमंत्री ने क्या कहा?

इस मौके पर गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि यह एप्लिकेशन नागरिकों को किसी भी समय, किसी भी स्थान से और उनके राज्य की आधिकारिक भाषा में पंजीकरण करने की अनुमति देती है. इससे जन्म और मृत्यु के पंजीकरण को सहज और परेशानी मुक्त बनाया जा रहा है.

जनगणना के लिए किया जाएगा ऐप का इस्तेमाल

देश में जनगणना कराने को लेकर तैयारी तेज कर दी गई है. जनगणना में सूचना एकत्र करने के लिए मोबाइल एप्लिकेशन का इस्तेमाल भी किया जाएगा. उन्होंने ये भी कहा कि पहली बार राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) बनने जा रहा है. जिससे देश की कानून व्यवस्था में सुधार होगा और देश के विकास को नई राह मिलेगी.
हालांकि, अभी तक इस बात की जानकारी नहीं दी गई है कि जनसंख्या गणना कब शुरू होगी और इसका क्या फॉर्मेट होगा. साथ ही विपक्षी दल लगातार जाति जनगणना की मांग कर रहे हैं उस पर सरकार ने क्या एक्शन लिया है इन सभी सवालों के जवाब अभी नहीं दिए गए हैं.

कैसे काम करता है CRS ऐप?

•    रजिस्ट्रेशन के लिए सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (CRS) मोबाइल एप्लिकेशन डाउनलोड करें.
•    यूजर्स को अपनी आईडी और पासवर्ड बनाना होगा और लॉग इन करना होगा.
•    ऐप रजिस्ट्रेशन के लिए कैप्चा सब्मिट के लिए कहेगा. वैरिफिकेशन के लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए ओटीपी (वन- टाइम पासवर्ड) भेजा जाएगा. इस ओटीपी को एंटर करके लॉगिन कर सकते हैं.
•    अब होम स्क्रीन पर जन्म और मृत्यु पंजीकरण के विकल्प देखने को मिलेंगे.
•    ऊपरी तरफ बाएं कोने में मेनू, जन्म, मृत्यु, मृत जन्म, दत्तक ग्रहण, प्रोफाइल और भुगतान विवरण जैसे विकल्प देखने को मिलेंगे. जन्म का रजिस्ट्रेशन के लिए 'जन्म' का चयन करना होगा और 'जन्म का पंजीकरण करें' पर टैप करें. 
•    उसके बाद बच्चे की जन्म तिथि, पता और परिवार की जानकारी जैसे विवरण दर्ज करने होंगे.
•    मृत्यु का पंजीकरण करने की प्रक्रिया भी समान है. 'मृत्यु' > 'मृत्यु पंजीकृत करें' चुनना होगा.
•    भुगतान प्रक्रिया पूरी होने के बाद जरूरी प्रमाणपत्र तैयार हो जाएगा.
•    जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र दोनों को ऐप से सीधे डाउनलोड किया जा सकता है.