मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए स्थान आवंटित करेगी सरकार, गृह मंत्रालय ने दी इसकी जानकारी

केंद्र सरकार दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री का स्मारक बनाएगी. इस बारे में गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और मनमोहन सिंह के परिवार को सूचित किया है.

Last Modified:
Saturday, 28 December, 2024
BWHindi

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार को निधन हो गया. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार से पहले कांग्रेस और सरकार आमने-सामने थी. वजह थी मनमोहन सिंह के लिए भी स्मारक. कांग्रेस ने इसके लिए सरकार को खत लिखा. पीएम मोदी और अमित शाह को फोन किया. कहा कि मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह दीजिए. शुरू में सरकार तैयार नहीं थी. मगर अब बात बन गई है. खुद गृह मंत्रालय ने कहा है कि सरकार मनमोहन सिंह के मेमोरियल यानी स्मारक के लिए स्थान आवंटित करेगी. इस तरह अब नेहरू, इंदिरा और अटल की तरह मनमोनह सिंह का भी स्मारक होगा.

गृह मंत्रालय ने दी जानकारी

दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि सरकार पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए स्थान आवंटित करेगी. इस बारे में उनके परिवार और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सूचित कर दिया गया है. ‘पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के संबंध में तथ्य’ शीर्षक से जारी एक विज्ञप्ति में मंत्रालय ने कहा कि सरकार को कांग्रेस प्रमुख खरगे से सिंह के स्मारक के लिए स्थान आवंटित करने का अनुरोध प्राप्त हुआ है.

सरकार स्मारक पर मानी

कैबिनेट की बैठक के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खरगे और मनमोहन सिंह के परिवार को सूचित किया कि सरकार स्मारक के लिए स्थान आवंटित करेगी. गृह मंत्रालय ने कहा कि ट्रस्ट का गठन किया जाना है और स्थान आवंटित किया जाना है. इस बीच मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं. मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार को निधन हो गया था. वह 92 साल के थे.

खरगे ने लिखा था खत

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि पूर्व प्रधानमंत्री सिंह का अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर किया जाए जहां उनका एक स्मारक बन सके. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अंत्येष्टि और स्मारक के लिए सरकार द्वारा स्थान नहीं ढूंढ पाना भारत के पहले सिख प्रधानमंत्री का जानबूझकर किया गया अपमान है. गृह मंत्रालय ने कहा कि सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ नई दिल्ली के निगमबोध घाट पर सुबह 11.45 बजे किया गया है. इसके बाद ही कांग्रेस ने सरकार को घेरा था.

स्मारक तो बनेगा मगर कहां?

सरकार ने यह तो जरूर बता दिया कि मनमोहन सिंह का स्मारक बनेगा. मगर कहां यह अभी तय न हीं है. इसके लिए एक कमेटी बनेगी. अक्सर ज्यादातर पूर्व प्रधानमंत्रियों के स्मारक राजघाट के पास ही बने हैं. राजघाट के पास देश के कई पूर्व प्रधानमंत्रियों जैसे पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, चरण सिंह, अटल बिहारी वाजपेयी और चंद्रशेखर जैसी शख्सियतों के स्मारक बने हुए हैं. राजघाट महात्मा गांधी का समाधि स्थल है. ऐसे में सवाल है क‍ि क्‍या नेहरू, इंदिरा, राजीव और वाजपेयी की तरह मनमोहन सिंह का स्मारक भी राजघाट में बनेगा?