गार्टनर का अनुमान: 2026 तक दुनिया में 11.6 करोड़ ईवी चलेंगे

गार्टनर के विश्लेषण से पता चलता है कि दुनिया भर में प्लग-इन हाइब्रिड इलेक्ट्रिक वाहनों (PHEVs) की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है. 2026 में इनकी स्वामित्व दर में 32% सालाना वृद्धि का अनुमान है, जो कुल ईवी बाजार की वृद्धि दर से अधिक है.

Last Modified:
Friday, 05 December, 2025
BWHindi

रिसर्च और एडवाइजरी फर्म Gartner Inc. ने अनुमान लगाया है कि वर्ष 2026 तक वैश्विक स्तर पर इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) की संख्या 11.62 करोड़ तक पहुंच जाएगी. यह 2025 के अनुमानित आधार से 30% की वृद्धि है. कंपनी के अनुसार उपभोक्ता मांग लगातार मजबूत बनी हुई है, भले ही कई देशों में सरकारी सब्सिडी और इम्पोर्ट शुल्क नीतियों में बदलाव किए गए हों.

गार्टनर के विश्लेषण से पता चलता है कि दुनिया भर में प्लग-इन हाइब्रिड इलेक्ट्रिक वाहनों (PHEVs) की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है. 2026 में इनकी स्वामित्व दर में 32% सालाना वृद्धि का अनुमान है, जो कुल ईवी बाजार की वृद्धि दर से अधिक है.

गार्टनर के सीनियर डायरेक्टर एनालिस्ट जोनाथन डेवनपोर्ट ने कहा, “2026 में चीन कुल ईवी बेस का 61% हिस्सा अपने पास रखेगा. उपभोक्ताओं में प्लग-इन हाइब्रिड की मांग इसलिए भी बढ़ रही है क्योंकि बैक-अप पेट्रोल इंजन उन्हें अतिरिक्त भरोसा देता है.”

डेटा के अनुसार बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (BEVs) अपनी बहुलता बनाए रखेंगे. 2025 में अनुमानित 5.95 करोड़ बीईवी की संख्या 2026 में बढ़कर 7.6 करोड़ से अधिक हो जाएगी.

कुल ईवी इंस्टॉल्ड बेस 2025 के 8.96 करोड़ से बढ़कर 2026 में 11.62 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है.

गार्टनर का आकलन बताता है कि वैश्विक ईवी बाजार नीतिगत अनिश्चितताओं के बीच भी मजबूत बना हुआ है. डेवनपोर्ट के अनुसार, “संयुक्त राज्य अमेरिका में वाहनों पर आयात शुल्क बढ़ाने और कई सरकारों द्वारा ईवी खरीद सब्सिडी हटाए जाने के बावजूद यह वृद्धि जारी है.”

रिपोर्ट यह भी रेखांकित करती है कि वैश्विक ईवी इकोसिस्टम में चीन की भूमिका और भी महत्वपूर्ण होती जा रही है, और अगले वर्ष दुनिया की हर दस में से छह ईवी चीन में चलेंगी.

TAGS bw-hindi