गडकरी की चली तो पान मसाला खाकर सड़कों पर थूकने वाले खुद हो जाएंगे शर्मिंदा

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पिछले कुछ समय से लगातार अपने बयानों को लेकर खबरों में बने हुए हैं. हाल ही में उन्होंने सरकारों की तुलना विषकन्या से की थी.

Last Modified:
Thursday, 03 October, 2024
BWHindi

सड़कों-दीवारों पर गुटखा या पान मसाला खाकर थूकने वालों से लगभग हर कोई परेशान है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने ऐसे लोगों से निपटने का शानदार तरीका बताया है. यदि गडकरी के तरीके पर अमल किया जाता है, तो ऐसा करने वाले खुद ही शर्मिंदा हो जाएंगे. एक रिपोर्ट के मुताबिक, नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में गडकरी ने बताया कि पान मसाला खाकर सड़क पर थूकने वालों के साथ कैसा सलूक होना चाहिए. 

ताकि सब देखें उनकी करतूत
गडकरी ने कहा है कि सड़क पर थूकने वालों की तस्वीरें खींची जानी चाहिए और उन्हें अखबारों में प्रकाशित किया जाना चाहिए, ताकि हर कोई उनकी करतूत को देख सके. नागपुर नगर निकाय द्वारा आयोजित 'स्वच्छ भारत अभियान' में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोग दूसरे देशों में अच्छा व्यवहार दिखाते हैं, लेकिन अपने देश में सड़क पर आसानी से कचरा फेंक देते हैं. इस आदत में बदलाव ज़रूरी है.

होशियार हो गए हैं लोग
मोदी सरकार के सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आगे कहा कि लोग आजकल बहुत होशियार हो गए हैं. चॉकलेट खाने के बाद वे तुरंत रैपर फेंक देते हैं. लेकिन जब यही लोग विदेश जाते हैं, वहां चॉकलेट खाने के बाद उसके रैपर को सड़क पर फेंकने के बजाए अपनी जेब में रख लेते हैं. वह विदेश में सभ्य नागरिक जैसा व्यवहार करते हैं. गडकरी ने कहा कि मैं जब भी चॉकलेट खाता हूं तो उसके रैपर को घर ले जाकर कूड़ेदान में फेंक देता हूं.

लगातार बने हैं सुर्खियों में
सार्वजनिक जगहों पर साफ-सफाई के मुद्दे पर बोलते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि पान मसाला खाकर सड़क पर थूकने वालों की तस्वीरें सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि सभी उन्हें देख सकें. बता दें कि गडकरी पिछले कुछ दिनों से अपने बयानों को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. हाल ही में उन्होंने महाराष्ट्र की 'लड़की बहिन योजना' पर सवाल उठाते हुए सरकारों की तुलना विषकन्या से की थी. उन्होंने कहा था कि 'लड़की बहिन योजना' के चलते अन्य सेक्टरों को मिलने वाली सब्सिडी प्रभावित होगी. गडकरी ने कहा था कि यह तय नहीं है कि निवेशकों को उनकी सब्सिडी समय पर मिल पाएगी, क्योंकि सरकार को लड़की बहिन योजना के लिए भी फंड देना है.