White House में ट्रंप और जेलेंस्की के बीच बहस, एक दूसरे पर जड़े बड़े आरोप, जानें पूरी खबर

दुनिया के सबसे ताकतवर मुल्क के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच व्हाइट हाउस में हुई शांति वार्ता खटाई में पड़ गई.

Last Modified:
Saturday, 01 March, 2025
BWHindi

अमेरिका गए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यालय में उनसे तीखी बहस हो गई. इस अप्रत्याशित स्थिति में ट्रंप ने जेलेंस्की पर मदद के लिए एहसान न मानने का आरोप लगाया. कहा, हमारी (अमेरिका की) वजह से आप सही-सलामत हैं. आप जिस तरह से तीसरे विश्वयुद्ध के लिए जुआ खोल रहे हैं, उससे हम सहमत नहीं हैं. अमेरिका क्या करेगा, यह आप तय नहीं करेंगे. इस बहस के दौरान जेलेंस्की ने साफ कर दिया कि वह रूस के साथ कोई युद्धविराम नहीं मानेंगे..पुतिन (रूसी राष्ट्रपति) पहले भी 25 बार युद्धविराम का उल्लंघन कर चुके हैं. इसलिए अमेरिका रूस के साथ कोई समझौता नहीं करे.

ट्रंप ने कहा- जेलेंस्की आप लाखों जिंदगियों से खेल रहे हैं

ओवल हाउस में मीडिया के सामने हुई इस बहस में ट्रंप ने कहा, जेलेंस्की आप लाखों जिंदगियों से खेल रहे हैं. आपका देश खतरे हैं लेकिन आप समझ नहीं रहे हैं. आपको अंतत: रूस से समझौता करना पड़ेगा. जवाब में जेलेंस्की ने कहा, हमें युद्धविराम की जरूरत नहीं है. ट्रंप ने कहा कि जेलेंस्की ने अपने प्रतिष्ठित ओवल ऑफिस में संयुक्त राज्य अमेरिका का अनादर किया. वह तब वापस आ सकते हैं जब वह शांति के लिए तैयार हों. ट्रंप ने कहा, हमने आपको आर्थिक समझौता करने के लिए बुलाया था..अगर आप नहीं करते हैं तो हम वार्ता (वार्ता कक्ष) से बाहर चले जाएंगे, आप अमेरिका का अपमान कर रहे हैं.

पहले भी ट्रंप और जेलेंस्की ने एक दूसरे पर साधा निशाना

विदित हो कि जेलेंस्की अमेरिका के साथ बड़ा आर्थिक समझौता करने के लिए शुक्रवार को व्हाइट हाउस में गए थे. इससे पहले कई दिनों से दुर्लभ खनिजों को लेकर ट्रंप और जेलेंस्की में तीखी बयानबाजी हो रही थी. समझौते के लिए बातचीत से पहले ही ओवल हाउस में मीडिया के सामने जेलेंस्की के इस तरह से बोलने पर उप राष्ट्रपति जेडी वेंस भी नाराज हुए. उन्होंने मीडिया के सामने इस तरह की बातें कहने को अपमान बताया. इस पर जेलेंस्की ने कहा, उन्हें बुलाया गया है लेकिन बोलने नहीं दिया जा रहा है. वेंस ने जेलेंस्की से कहा, आप प्रोपेगेंडा के लिए दौरे करते हैं और माहौल खराब करते हैं. इस बहस में जेलेंस्की ने पुतिन को खूनी और हत्यारा भी कहा.

पता नहीं क्यों भड़क उठे जेलेंस्की: ट्रंप

व्हाइट हाउस के अप्रत्याशित घटनाक्रम के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक्स पर स्पष्टीकरण दिया. कहा, शुक्रवार को व्हाइट हाउस में बेहद महत्वपूर्ण वार्ता होने वाली थी. लेकिन समझ नहीं आया कि बातचीत से पहले ही राष्ट्रपति जेलेंस्की क्यों इस तरह से भड़क उठे और दबाव बनाने लगे. शायद राष्ट्रपति जेलेंस्की शांति के लिए तैयार नहीं हैं. अमेरिका शांति की प्रक्रिया में शामिल था, इसका अंतत: लाभ यूक्रेन को ही होना था. लेकिन जेलेंस्की इस बात को समझना नहीं चाहते हैं, उन्होंने अमेरिका का अपमान किया.