CNG की कीमतों में 1 से 3 रुपये की बढ़ोतरी, 9 महीने में बाद बढ़ी कीमत, अब इतने हो गए दाम

ब्रोकरेफ फर्म जेफरिज ने फरवरी में आईजीएल के बारे में कहा था कि उसके मुनाफे को बरकरार रखने के लिए कीमत में 2 रुपये का इजाफा पर्याप्त होगा.

Last Modified:
Monday, 07 April, 2025
BWHindi

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड यानी आईजीएल की तरफ से सीएनजी की कीमतों में एक रुपये से लेकर तीन रुपये तक का इजाफा किया गया है. दिल्ली में सीएनजी की  में एक रुपये की बढ़ोतरी हुई जबकि अन्य जगहों पर इसमें 3 रुपये तक बढ़ाया गया है. यानी जून 2024 के बाद पहली बार सीएनजी की कीमत बढ़ाई गई है. आईजीएल की दिल्ली में करीब 70 फीसदी गैस बिकती है, जबकि बाकी 30 फीसदी दूसरी कंपनियों की होती है.

इतने हो गए सीएनजी के दाम

आईजीएल की ओर से कीमतों में इजाफा करने के बाद अब दिल्ली में CNG की कीमत 76.09 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है. एनसीआर के बाकी शहरों की बात करें तो नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की कीमतों भी बढ़ोतरी की गई है. दोनों शहरों में सीएनजी की कीमतें 84.70 प्रति किलोग्राम है. इसका मतलब है कि दिल्ली में नोएडा गाजियाबाद के मुकाबले में सीएनजी की कीमत 8 रुपए प्रति किलोग्राम कम है. नवंबर 2024 में, IGL ने दिल्ली के अलावा अन्य बाजारों के लिए कीमत में बढ़ोतरी की थी. दिल्ली को छोड़कर अन्य भौगोलिक क्षेत्रों में पिछले वर्ष नवम्बर के बाद भी कीमतों में वृद्धि देखी गई थी.

एपीएम में हुआ था इजाफा

ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने फरवरी में IGL पर एक नोट में उल्लेख किया था कि मौजूदा मार्जिन लेवल को बनाए रखने के लिए 2 रुपए प्रति किलोग्राम की कीमत वृद्धि पर्याप्त होगी. सरकार द्वारा एपीएम के तहत गैस की कीमतों में 4 फीसदी के इजाफे के ऐलान के बाद सीएनजी की कीमतों में इजाफा किया गया है. इस साल अप्रैल से सितंबर की अवधि के लिए APM गैस की कीमतें 6.75 डॉलर प्रति mmBtu तय की गई हैं. साल के पहले तीन महीनों के लिए, कीमतें 6.5 डॉलर प्रति mmBtu पर स्थिर रहीं.

पैनल की थी ये सिफारिश

अप्रैल 2023 के बाद से APM (Administered Price Mechanism) गैस की कीमत में यह पहली वृद्धि है और यह किरीट पारिख पैनल द्वारा की गई सिफारिशों के अनुरूप है. पैनल की सिफारिशों के अनुसार, जिन्हें अप्रैल 2023 से लागू किया गया था, कार्यान्वयन के तीसरे वर्ष से गैस की कीमतों में 4 फीसदी की वृद्धि का प्रावधान था. पिछले शुक्रवार को शेयर बाजार बंद होने तक, IGL के शेयर अभी भी अपने शिखर से 30 फीसदी नीचे थे, जबकि MGL के शेयर 33 फीसदी नीचे थे.