ममता बनर्जी अपने एक बयान को लेकर घिर गई हैं. मोदी सरकार के मंत्री ने उनकी तुलना उत्तर कोरिया के तानाशाह से कर डाली है.
by
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो ।।
कोलकाता रेप एवं मर्डर केस को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति में उफान आ गया है. बुधवार को बंगाल बंद के दौरान कई जगहों पर भाजपा और सत्तारूढ़ दल TMC के कार्यकर्ताओं में झड़प हुई. TMC भाजपा पर बंगाल को हिंसा की आग में जलाने के आरोप लगा रही है. वहीं, भाजपा चाहती है कि राज्य के हालात को देखते ही राष्ट्रपति शासन लगाए जाए.
बयान पर मचा बवाल
राष्ट्रपति शासन की आहट से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तिलमिलाई हुई हैं. उन्होंने अपने एक बयान में PM मोदी का नाम लेकर कहा कि यदि आपने बंगाल को जलाया तो असम, नॉर्थ-ईस्ट, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और दिल्ली भी जलेंगे. हम आपकी कुर्सी हिला देंगे. CM बनर्जी के इस बयान की हर तरफ निंदा हो रही है. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तो ममता बनर्जी की तुलना उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन से कर दी है.
ये CM की भाषा नहीं
मोदी सरकार के मंत्री ने कहा कि यह एक लोकतांत्रिक व्यक्ति, एक मुख्यमंत्री की भाषा नहीं हो सकती. जिस तरह उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन अपने विपक्ष को बर्दाश्त नहीं करते. ठीक इसी तरह ममता बनर्जी अपने विपक्ष के शब्दों को बर्दाश्त नहीं कर पातीं. चलिए आपको बताते हैं कि आखिर किम जोंग कौन हैं. किम उत्तर कोरिया के तानाशाह हैं. उनके राज में किसी को अपनी मनमर्जी से जीते की आजादी नहीं है. उत्तर कोरिया में किम को नाराज़ करने का मतलब होता है मौत.
ऐसा है कोरिया का हाल
खबर तो यहां तक है कि पेरिस ओलंपिक में खराब प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को किम जोंग-उन द्वारा सजा दी गई है. इतना ही नहीं, पदक विजेता टेबल टेनिस खिलाड़ी किम कुम-योंग और री जोंग-सिक भी मुश्किल में घिर गई हैं. दरअसल, दुश्मन देश दक्षिण कोरिया के खिलाड़ियों के साथ सेल्फी में हंसने को लेकर किम जोंग उन उनसे काफी नाराज हैं. बताया जा रहा है कि जांच के बाद उन्हें कड़ी सजा दी जा सकती है.
पहले भी दी है सजा
तानाशाह किम जोंग उन लोगों को कड़ी सजा देने के लिए प्रसिद्ध हैं. पहले भी वह खराब प्रदर्शन पर अपने एथलीटों को सजा दे चुके हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 2012 ओलंपिक में हारने वालों को सजा के तौर पर कोयले की खदान में भेज दिया गया था. उनसे मजदूरों की तरह काम करवाया गया था. इसी तरह, उत्तर कोरिया की फुटबॉल टीम जब 2010 विश्व कप क्वालीफाइंग राउंड में सबसे ज्यादा गोल खाते हुए सभी 3 मैच हार गई थी, तो टीम को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. उत्तर कोरिया में हार को देश का सिर नीचा करने के समान माना जाता है. इसलिए किम हारने वाले खिलाड़ियों को कड़ी सजा देते हैं.
दौलत भी बेशुमार
कहा तो यहां तक जाता है कि उत्तर कोरिया में लोगों को अपनी पसंद की हेयरस्टाइल रखने की भी इजाजत नहीं है. किम जोंग-उन अपने दुर्दांत व्यक्तित्व के साथ ही बेशुमार दौलत के लिए भी प्रसिद्ध हैं. वैसे उनकी दौलत के बारे में कोई सटीक जानकारी नहीं है. लेकिन अनुमान है कि उनकी कुल संपत्ति 5 अरब डॉलर से ज्यादा है. उत्तर कोरियाई लीडर के पास रूस, ऑस्ट्रिया, लिचेंस्टीन, चीन, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड और लक्जमबर्ग सहित कई देशों करीब 200 बैंक खाते हैं, जिनमें बेशुमार दौलत है. किम के पास उत्तर कोरिया में 20 महल और हवेलियां हैं. उनके कारों के कलेक्शन में 100 से ज्यादा लग्जरी कार हैं. इतना ही नहीं, किम के पास एक शानदार निजी जेट और नौका भी है.