भारत सरकार ने कुल 5.8 करोड़ से लगभग राशन कार्ड निरस्त कर दिए हैं. सरकार ने किस वजह से किए हैं यह राशन कार्ड निरस्त. लिस्ट में कहीं आपका नाम तो शामिल नहीं.
by
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो ।।
भारत में गरीब जरूरतमंद लोगों को सरकार की ओर से राशन कार्ड जारी किए जाते हैं. भारत में करोड़ों राशन कार्ड धारक है. सरकार राशन कार्ड के जरिए लोगों को नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट के तहत कम कीमत पर राशन मुहैया करवाती है. तो इसके साथ ही राशन कार्ड पर देश के लोगों को सरकार की और भी योजनाओं का लाभ मिल पाता है. लेकिन हाल ही में राशन कार्ड धारकों के लिए एक बेहद बड़ी खबर आई है. भारत सरकार ने कुल 5.8 करोड़ के लगभग राशन कार्ड निरस्त कर दिए हैं. सरकार ने किस वजह से किए हैं यह राशन कार्ड निरस्त. तो इसके साथ ही चेक कर लें निरस्त किए गए राशन कार्डों की लिस्ट इसमें कहीं आपका नाम तो शामिल नहीं.
मंत्रालय ने क्या कहा?
केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने कहा कि सरकार के व्यापक स्तर पर डिजिटलाइजेशन के प्रयास से देश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में काफी बदलाव आया है और 5.8 करोड़ फर्जी राशन कार्ड को रद्द किया गया है. इससे वैश्विक स्तर पर खाद्य सुरक्षा कार्यक्रमों के लिए नये मानक स्थापित हुए हैं. मंत्रालय ने बयान में कहा कि 80.6 करोड़ लाभार्थियों को सेवा प्रदान करने वाली पीडीएस प्रणाली में सुधार के तहत आधार के जरिये वेरिफिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक रूप से अपने ग्राहक को जानें (ई-केवाईसी) की व्यवस्था से 5.8 करोड़ नकली राशन कार्ड हटाए जा सके हैं.
बयान के अनुसार, ‘‘इन प्रयासों के परिणामस्वरूप गड़बड़ी में काफी कमी आई है और लक्षित लोगों तक पहुंच में वृद्धि हुई है.’’ मंत्रालय के अनुसार, लगभग सभी 20.4 करोड़ राशन कार्ड को डिजिटल कर दिया गया है. इनमें से 99.8 प्रतिशत आधार से जुड़े हैं और 98.7 प्रतिशत लाभार्थियों की पहचान का सत्यापन बायोमेट्रिक माध्यम से किया गया है.
5.33 लाख ई-पीओएस इक्विपमेंट लगे
केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने कहा कि देशभर में उचित मूल्य की दुकानों पर 5.33 लाख ई-पीओएस (इलेक्ट्रॉनिक प्वाइंट ऑफ सेल) उपकरण लगाये गये हैं. इसके जरिये खाद्यान्न वितरण के दौरान आधार के जरिये सत्यापन करने के साथ यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राशन का वितरण सही व्यक्ति तक हो. मंत्रालय ने कहा, ‘‘आज कुल खाद्यान्न में से लगभग 98 प्रतिशत खाद्यान्न के वितरण में आधार के जरिये सत्यापन का उपयोग किया जा रहा है. इससे पात्रता नहीं रखने वाले लाभार्थियों को अलग करने और कालाबाजारी के जोखिम को कम करने में मदद मिली है.’’
सभी राशन कार्ड धारकों को e-KYC करवाना जरूरी
बता दें भारत सरकार के खाद्य मंत्रालय की ओर से पहले ही सभी राशन कार्ड धारकों को ई केवाईसी कंप्लीट करवाने के बारे में सूचना जारी कर दी गई है. सरकार की ओर से राशन कार्ड धारकों को इसके लिए डेडलाइन भी दी गई थी. लेकिन बहुत से राशन कार्ड धारकों ने ई केवाईसी की प्रक्रिया को पूरा नहीं करवाया. इसमें कई फर्जी राशन कार्ड धारक भी शामिल थे. सरकार ने अब इन लोगों को चिन्हित करके इनके राशन कार्ड कैंसिल कर दिए हैं. अगर आप भी राशन कार्ड का इस्तेमाल करते हैं. तो 31 दिसंबर 2025 से पहले ई-केवाईसी कंप्लीट करवा लें. नहीं तो आपका राशन कार्ड भी हो सकता है कैंसिल.