इन स्ट्राइक्स में जिन ठिकानों को टारगेट किया गया, वे भारत में हुई हालिया आतंकी गतिविधियों से सीधे तौर पर जुड़े हुए थे. यह ऑपरेशन पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoJK) और पाकिस्तान के भीतर किए गए.
by
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो ।।
कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले पर कार्रवाई करते हुए भारत ने बुधवार की रात ऑपरेशन सिंदुर शुरू किया है. भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू और कश्मीर में 9 आतंकवादी ढांचे पर एयर स्ट्राइक किया है. रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इन ठिकानों से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई थी.
9 आतंकी ठिकानों पर हमला
भारत के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि भारतीय सशस्त्र बलों ने “ऑपरेशन सिंदूर” नामक सैन्य अभियान शुरू किया है. इस ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है. मंत्रालय के मुताबिक, इन ठिकानों से भारत पर आतंकी हमलों की साजिश रची जा रही थी और उन्हें अंजाम दिया जा रहा था.
#PahalgamTerrorAttack
— ADG PI - INDIAN ARMY (@adgpi) May 6, 2025
Justice is Served.
Jai Hind! pic.twitter.com/Aruatj6OfA
पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर हमला नहीं
मंत्रालय ने कहा कि इस कार्रवाई को बेहद सोच-समझकर, सीमित और गैर-उकसाऊ तरीके से अंजाम दिया गया है. खास बात यह रही कि किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया है. भारत ने लक्ष्य का चयन और हमला इस तरह से किया कि टकराव की स्थिति न बने, लेकिन आतंकवाद के खिलाफ सख्त संदेश जरूर जाए.
पहलगाम का लिया बदला!
यह कार्रवाई हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पाहलगाम इलाके में हुए बर्बर आतंकी हमले के जवाब में की गई है, जिसमें 25 भारतीय नागरिक और 1 नेपाली नागरिक की मौत हो गई थी. ऑपरेशन की जानकारी देते हुए मंत्रालय ने कहा कि इस पर और विस्तार से जानकारी एक प्रेस ब्रीफिंग में दी जाएगी.
इस बीच भारतीय सेना ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “न्याय मिल गया. जय हिंद!” साथ ही सेना ने पहले किए एक पोस्ट में यह भी कहा था, “प्रहाराय सन्नहिताः, जयाय प्रशिक्षिताः,” यानी हम हमला करने को तैयार हैं और जीतने के लिए प्रशिक्षित हैं.
पाकिस्तान ने की हमले की पुष्टि
वहीं पाकिस्तान की सेना ने भी इस हमले की पुष्टि की है. पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने बताया कि भारतीय मिसाइल हमले पाकिस्तान के अंदर तीन जगहों — मुज़फ़्फराबाद, कोटली और बहावलपुर के अहमद ईस्ट क्षेत्र में किए गए. उन्होंने दावा किया कि इन हमलों में एक बच्चे की मौत हो गई है, जबकि एक पुरुष और एक महिला गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना ने यह हमले भारत की सीमा के अंदर से किए और किसी भी भारतीय विमान ने पाकिस्तान की हवाई सीमा में प्रवेश नहीं किया. पाकिस्तान की वायुसेना ने हमले के तुरंत बाद अपने फाइटर जेट्स को हवा में भेज दिया था.