भारत एक्सप्रेस ने मुंबई में किया एनर्जी समिट का आयोजन, डिप्टी सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने की ऊर्जा विकास पर चर्चा  

Bharat Express News Network ने मुंबई में ऊर्जा समिट (Energy Summit) का  आयोजन किया. इस मौके पर महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस मुख्य रूप से शामिल रहे.

Last Modified:
Thursday, 08 August, 2024
BWHindi

भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क (Bharat Express News Network) ने मुंबई में भारत समिट ऊर्जा समिट महाराष्ट्र 2024 (Bharat Summit Urja Summit Maharashtra 2024) का  आयोजन किया. समिट में महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के साथ -साथ ऊर्जा सेक्टर से जुड़े राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी शिरकत की. इस समिट में  भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के सीएमडी उपेंद्र राय और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के बीच राज्य में हो रहे ऊर्जा सेक्टर में विकास के साथ साथ कई  विषयों पर चर्चा हुई.  

उपेंद्र राय और  देवेन्द्र फडणवीस के बीच ऊर्जा सेक्टर पर चर्चा

सत्र की शुरूआत सीएमडी उपेंद्र राय व उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के बीच परिचर्चा से हुई . उपेन्द्र राय द्वारा  विपक्षी नेताओं के होते आक्रमणों पर पूछे गए सवाल पर उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुद को आधुनिक युग का अभिमन्यु भी बताया. उन्होंने कहा कि  मैं आधुनिक अभिमन्यु हूं, चक्रव्यूह से निकलना भी जानता हूं और उसे तोड़ना भी जानता हूं. इसके बाद सीएमडी उपेंद्र राय ने देवेन्द्र फ डणवीस से पूछा कि 2014 में जब आप मुख्यमंत्री बने तो मुंबई को ट्रांसफॉर्म करने के लिए किन योजनाओं को पूरा करने में आप सफल रहे? मुंबई कोस्टल रोड प्रोजेक्ट, बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट और परमाणु संयंत्र की परियोजनाओं में रुकावटें आईं, उनका क्या कारण है? इसका जवाब देते हुए देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हम आज एक ऊर्जावान भारत देख रहे हैं, जिसकी शुरुआत 2014 में हुई. मैं 2014 में महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बना और आज जो ट्रांसफॉर्मेशन हम देख रहे हैं, वह मेरे द्वारा शुरू नहीं किया गया है. मुंबई के लिए किसी भी योजना की शुरुआत मैंने नहीं की. ये योजनाएं पहले से ही विचाराधीन थीं, लेकिन कोई उन्हें पूरा नहीं कर पा रहा था.
 
देश में तेजी से हो रहे विकास  कार्य  

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पास बने अटल सेतु के बारे में पूछे गए सवाल पर  देवेन्द्र फ डणवीस ने बताया कि अटल सेतु का खाका 1972 में तैयार किया गया था. हमारी सरकार ने इसे कागज से धरातल पर उतारा. इसके निर्माण में 17,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है. इसमें फ्रांस के एफिल  टॉवर से 17 गुना ज्यादा स्टील का इस्तेमाल किया गया है. यह पुल देश के सबसे लंबे पुलों में से एक है. इस सत्र के दौरान उपेन्द्र राय और  देवेन्द्र फडणवीस दोनों ने इस बाच पर सहमति जताई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकास कार्यों के अनुमोदन की प्रक्रिया को सरल बना दिया है, जिससे देश में विकास के कार्य तेजी से हो  रहे हैं.
 

कई जाने-माने लोग रहे मौजूद

सम्मेलन में मुंबई बीजेपी अध्यक्ष और विधायक आशीष शेलार, महाराष्ट्र सरकार की ऊर्जा सचिव आभा शुक्ला, DISCOM के प्रबंधक निदेशक लोकेश चंद्रा और मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त सत्य नारायण चौधरी, भाजपा मुंबई महानगर उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, ब्राइट आउटडोर मीडिया लिमिटेड के CMD डॉ. योगेश लखानी सहित मुंबई के कई प्रमुख लोग शामिल हुए.

इसे भी पढ़ें-Zomato से खाना मंगाने पर कैश पेमेंट को लेकर अब चेंज की झंझट खत्म, ग्राहकों को मिलेगी ये सुविधा