बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले जारी हैं. अब तक कई हिंदू परिवारों को निशाना बनाया जा चुका है. वहां रहने वाले अल्पसंख्यक खौफ में हैं.
by
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो ।।
बांग्लादेश में अराजकता और हिंसा का दौर जारी है. अब तक बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो चुकी है. शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर देश छोड़कर भाग जाने के बाद हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है. उग्र प्रदर्शनकारी अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमले कर रहे हैं. मशहूर संगीतकार राहुल आनंद (Rahul Ananda) पर भी अटैक हुआ है. गनीमत इतनी है कि आनंद और उनका परिवार दंगाइयों के हमले से किसी तरह बचने में कामयाब रहा.
म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स लूट लिए
हिंदू समुदाय से आने वाले आनंद बांग्लादेश के नामी संगीतकार हैं. उनका अपना एक बैंड भी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दंगाइयों ने उनके ढाका स्थित धानमोंडि 32 आवास पर धावा बोला और जमकर उत्पात मचाया. बताया जा रहा है कि आनंद, उनकी पत्नी और बेटा बचकर भाग निकलने में कामयाब रहे, लेकिन हमलावर उनके घर से सबकुछ लूटकर ले गए. उग्र भीड़ ने आनंद के घर से 3 हजार म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स भी चुरा लिए हैं.
ये भी पढ़ें - पड़ोस में लगी आग से कहीं जल न जाएं हमारी कंपनियों के हाथ, इनके शेयर हुए लाल
घर में आग भी लगा गए दंगाई
संगीतकार, गीतकार और गायक राहुल आनंद ढाका में Joler Gaan नाम से एक बैंड चलाते हैं. बांग्लादेशी अखबार 'द डेली स्टार' के अनुसार, हमलावरों ने पहले गेट तोड़ा और फिर घर तबाह करना शुरू कर दिया. दंगाई फर्नीचर से लेकर कीमती सामान तक सब लूट ले गए. इसके बाद उन लोगों ने राहुल के पूरे घर में आग लगा दी. हालांकि, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि राहुल और उनका परिवार कहां हैं.
यूनुस के हाथों में मुल्क की कमान
उधर, बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के गठन की तैयारी शुरू हो गई है. नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व करेंगे. देश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन की अध्यक्षता में राष्ट्रपति भवन में एक बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया है. प्रदर्शनकारी छात्रों ने भी इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है. वहीं, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के नेताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं. पूरे बांग्लादेश से अवामी लीग के 20 नेताओं की हत्या हुई है. उनके घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाया जा रहा है.