ISS की ओर रवाना होने वाले पहले भारतीय बनेंगे ग्रुप कैप्टन
by
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो ।।
SpaceX ने पुष्टि की है कि Axiom Mission 4 के सभी तकनीकी सिस्टम लॉन्च के लिए तैयार हैं. बुधवार सुबह 2:31 बजे EDT (भारत में दोपहर 12:01 बजे IST) अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ओर चौथे निजी अंतरिक्ष मिशन के लॉन्च की योजना है. यह मिशन NASA, Axiom Space और SpaceX के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है.
SpaceX ने मंगलवार देर रात X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा. “Axiom Space के Ax-4 मिशन के लिए सभी सिस्टम ठीक हैं. मौसम की स्थिति भी 90 प्रतिशत अनुकूल है.”
Axiom-4 मिशन भारत के लिए बेहद अहम है. SpaceX के Falcon 9 रॉकेट पर सवार होकर Dragon अंतरिक्षयान को उड़ाएंगे भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला. यह पहली बार है जब कोई भारतीय अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की यात्रा करेगा.
शुक्ला, जो इस मिशन के पायलट होंगे, अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बन जाएंगे. उनसे पहले केवल राकेश शर्मा (1984 में सोवियत मिशन के तहत) अंतरिक्ष यात्रा कर चुके हैं. लेकिन ISS की कक्षा में जाने वाले शुभांशु पहले भारतीय होंगे.
Axiom-4 मिशन की बाकी टीम
चार सदस्यीय Ax-4 क्रू का नेतृत्व करेंगी पूर्व NASA अंतरिक्ष यात्री और Axiom Space की मानव अंतरिक्ष उड़ान निदेशक, पैगी व्हिटसन. मिशन स्पेशलिस्ट के रूप में पोलैंड के ESA परियोजना अंतरिक्ष यात्री स्लावोश उजनांस्की-विस्निवेस्की और हंगरी के तिबोर कपू शामिल हैं.
पूरी टीम पिछले सप्ताह से फ्लोरिडा में quarantine में थी और अब लॉन्च के लिए अंतिम चरण में पहुंच गई है. यह मिशन नासा के केनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39A से लॉन्च किया जाएगा. इसी लॉन्चपैड से पहले अपोलो और स्पेस शटल मिशनों का प्रक्षेपण हुआ था.