भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच, गृह मंत्रालय ने 7 मई को पूरे देश में मॉक ड्रिल का दिया आदेश

मॉक ड्रिल में हवाई हमले के सायरन, निकासी योजनाएं और ब्लैकआउट उपाय शामिल होंगे, जो पूरे देश में सिविल डिफेंस की तैयारी का हिस्सा हैं.

Last Modified:
Monday, 05 May, 2025
BWHindi

पाकिस्‍तान से तनाव के बीच केंद्र सरकार ने कई राज्यों से मॉक ड्रिल करने के लिए कहा है. गृह मंत्रालय ने राज्‍यों को 7 मई को नागरिक सुरक्षा के लिए मॉक ड्रिल करने के लिए कहा है. राज्‍यों को हवाई हमलों से बचने के लिए मॉक ड्रिल का निर्देश दिया है. केंद्र सरकार के इन निर्देशों की टाइमिंग बेहद महत्‍वपूर्ण है. पिछली बार ऐसी मॉक ड्रिल 1971 में आयोजित की गई थी. 1971 में भारत और पाकिस्‍तान के बीच दो मोर्चों पर युद्ध हुआ था. इस युद्ध के 54 सालों बाद अब देश में मॉक ड्रिल होने जा रही है.

7 मई को होगी मॉक ड्रिल

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्रालय ने 7 मई को प्रभावी नागरिक सुरक्षा के लिए मॉक ड्रिल करने को कहा है. इसमें निम्‍न कदम उठाने के लिए कहा गया है. 

• हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन को बजाया जाएगा.
• हमले की स्थिति में बचाव के लिए नागरिकों और छात्रों आदि को सिविल डिफेंस का प्रशिक्षण दिया जाए.
• मॉक ड्रिल के दौरान ब्‍लैक आउट किया जाएगा. 
• महत्वपूर्ण संयंत्रों/प्रतिष्ठानों को समय से पहले ही छिपाने के उपाय किए जाएंगे. 
• साथ ही लोगों को निकालने की योजना और उसका अभ्‍यास किया जाएगा.

पहलगाम हमले के बाद जबरस्‍त तनाव

यह कदम 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उठाया गया है, जिसमें 26 नागरिक मारे गए थे. भारत ने इसके लिए पाकिस्तान के आतंकी संगठनों को जिम्मेदार ठहराया है और कड़े कदम उठाए हैं, जैसे सिंधु जल संधि को रोकना और राजनयिक संबंध कम करना. गृह मंत्रालय का यह आदेश दिखाता है कि सरकार अब देश के अंदर भी सुरक्षा तैयारियों को बहुत गंभीरता से ले रही है.

पीएम मोदी ने दी है चेतावनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेतावनी दी है कि आतंकी हमले को अंजाम देने और इसकी साजिश रचने वालों को ऐसी सजा मिलेगी जिसकी वे कल्पना भी नहीं कर सकते हैं. यह भावना लगभग सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने दोहराई है.  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक दिन पहले ही देश को आश्वस्त करते हुए कहा था कि "आप जो चाहते हैं वह निश्चित रूप से होगा". इसके साथ ही उन्‍होंने भारत के अगले कदम को लेकर व्‍यापक संकेत दिए हैं.