अमेजन 2030 तक भारत में 35 अरब डॉलर से अधिक का अतिरिक्त निवेश करेगी

कंपनी ने कुल निवेश लक्ष्य बढ़ाकर लगभग 75 अरब डॉलर किया; AI, निर्यात और रोजगार सृजन पर जोर

Last Modified:
Wednesday, 10 December, 2025
BWHindi

वैश्विक ई-कॉमर्स दिग्गज अमेज़न ने बुधवार को घोषणा की कि वह 2030 तक भारत में 35 अरब डॉलर से अधिक का नया निवेश करेगी. इस कदम के बाद कंपनी का भारत में कुल निवेश दशक के अंत तक लगभग 75 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा.

अमेजन का नया निवेश प्लान जुलाई में किए गए अनुमान से कहीं बड़ा है, जब कंपनी ने कहा था कि वह 2030 तक कुल 26 अरब डॉलर निवेश करेगी. कंपनी का कहना है कि बढ़ा हुआ लक्ष्य भारत में तेज से व्यापार विस्तार और तीन रणनीतिक स्तंभों AI-चालित डिजिटलीकरण, निर्यात वृद्धि और रोजगार सृजन पर फोकस को दर्शाता है.

अमेजन 2010 से अब तक भारत में लगभग 40 अरब डॉलर निवेश कर चुकी है, जिसमें लॉजिस्टिक्स, डिजिटल पेमेंट्स, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और ई-कॉमर्स नेटवर्क शामिल हैं.

कंपनी ने कहा कि वह 2030 तक भारत में 10 लाख नई नौकरियां बनाने, अपने प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से सक्षम cumulative निर्यात को 80 अरब डॉलर तक पहुंचाने और 1.5 करोड़ छोटे व्यवसायों व करोड़ों उपभोक्ताओं को AI-आधारित टूल्स उपलब्ध कराने की योजना पर काम कर रही है.

अमेज़न के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट (इमर्जिंग मार्केट्स) अमित अग्रवाल ने बयान में कहा, “हम भारत की वृद्धि में उत्प्रेरक की भूमिका निभाने को लेकर उत्साहित हैं, क्योंकि हम AI की पहुंच को करोड़ों भारतीयों तक लोकतांत्रिक बना रहे हैं, 10 लाख रोजगार अवसर तैयार कर रहे हैं और 2030 तक ई-कॉमर्स निर्यात को चार गुना बढ़ाकर 80 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखते हैं.”

दिल्ली में आयोजित अमेज़न के प्रमुख साम्भव (Sambhav) कार्यक्रम में बोलते हुए अग्रवाल ने कहा कि कंपनी भारत को अपनी सबसे महत्वपूर्ण वैश्विक बाजारों में से एक मानती है और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, AI इनोवेशन और MSME क्षमता वृद्धि देश के आर्थिक भविष्य को परिभाषित करेंगे.

उन्होंने यह भी जोर दिया कि भारत में छोटे व्यवसायों और उद्यमियों को वैश्विक बाजारों तक पहुंच दिलाने में अमेज़न की भूमिका आने वाले वर्षों में और मजबूत होगी.

TAGS amazon