अमेरिका और रूस के बीच 15 अगस्त को होने वाली बैठक में यूक्रेन युद्ध समाप्ति की दिशा में अहम चर्चा संभव, ट्रंप ने कहा – "लक्ष्य है जानें बचाना"
by
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो ।।
अलास्का में शुक्रवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से होने वाली मुलाकात से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भरोसा जताया कि पुतिन अब शांति की राह पर आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं. यह शिखर बैठक 15 अगस्त को जॉइंट बेस एल्मेनडॉर्फ-रिचर्डसन, अलास्का में निर्धारित है.
ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "मेरा मानना है कि राष्ट्रपति पुतिन शांति स्थापित करेंगे और राष्ट्रपति जेलेंस्की भी शांति स्थापित करेंगे." जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका युद्ध समाप्त करने के लिए पुतिन को दुर्लभ खनिजों तक पहुंच देने पर विचार करेगा, तो ट्रंप ने जवाब दिया, "देखते हैं हमारी बैठक में क्या होता है. यह एक बड़ी बैठक है. यह रूस के लिए बहुत अहम होगी और हमारे लिए भी, क्योंकि इससे बहुत सी जानें बचाई जा सकती हैं."
अलास्का वार्ता के बाद ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात की योजना बताई, जिसमें यूरोपीय नेताओं को भी शामिल किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि यह बैठक पहली बैठक से भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो सकती है. "हमारी पुतिन से कल मुलाकात है. मेरा मानना है कि यह अच्छी होगी, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बैठक वह होगी जिसमें पुतिन, जेलेंस्की, मैं और संभवतः कुछ यूरोपीय नेता शामिल होंगे."
ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को "बाइडन का युद्ध" बताते हुए कहा, "अगर मैं राष्ट्रपति होता, तो यह युद्ध कभी नहीं होता. मेरी प्रशासन में यह स्थिति कभी नहीं आती. लेकिन अब लाखों लोग मारे जा चुके हैं." उन्होंने आगे कहा, "मैं वहां सिर्फ एक वजह से हूं – यह देखने के लिए कि क्या मैं इसे सुलझा सकता हूं. यह बाइडन का युद्ध है, मेरा नहीं. मैं देखना चाहता हूं कि क्या मैं इस हत्या-खून को रोक सकता हूं."