एयरबस अलर्ट के बाद भारतीय A320 फ्लीट पर बड़ा ऑपरेशन: सभी विमान 30 नवंबर तक अपग्रेड होंगे

इन विमानों का संचालन इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस करती हैं, जिनमें A320 ceo, neo और A321 ceo, neo मॉडल शामिल हैं

Last Modified:
Saturday, 29 November, 2025
BWHindi

भारतीय एयरलाइनों के A320 परिवार के कुल 338 विमानों में से आधे से अधिक विमानों में आवश्यक सॉफ्टवेयर अपग्रेड कर दिया गया है. यह कदम एयरबस द्वारा उड़ान नियंत्रण से जुड़े संभावित जोखिम की चेतावनी के बाद उठाया गया है, जिससे उड़ानों में मामूली देरी हो रही है, लेकिन किसी तरह की रद्दीकरण की स्थिति नहीं बनी है.

डीजीसीए के मुताबिक, 29 नवंबर सुबह 10 बजे तक 338 में से 189 A320 परिवार के विमानों में सॉफ्टवेयर अपग्रेड पूरा हो चुका था. शेष सभी विमानों में यह अपडेट 30 नवंबर सुबह 5:29 बजे तक पूरा कर लिया जाएगा.

इन विमानों का संचालन इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस करती हैं, जिनमें A320 ceo, neo और A321 ceo, neo मॉडल शामिल हैं.

एयरबस ने शुक्रवार को कहा था कि तीव्र सौर विकिरण से A320 परिवार के कई विमानों में उड़ान नियंत्रण से जुड़े महत्वपूर्ण डेटा में करप्शन की आशंका हो सकती है. कंपनी ने यह भी बताया कि इस समस्या को ठीक करने के लिए आवश्यक सॉफ्टवेयर उपलब्ध है, लेकिन इसे लागू करने में परिचालन में अस्थायी व्यवधान हो सकता है.

इस चेतावनी के बाद EASA (यूरोपीय विमानन सुरक्षा एजेंसी) ने भी एक आपातकालीन एयरवर्थिनेस डायरेक्टिव जारी किया.

एयरबस और EASA के अलर्ट के बाद डीजीसीए ने भारतीय ऑपरेटर्स को तुरंत सॉफ्टवेयर अपग्रेड लागू करने का निर्देश जारी किया. नियामक ने स्पष्ट किया कि यह एक एहतियाती कदम है जिससे उड़ान सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.