Pahalgam Attack के बाद एयरलाइन कंपनियों का ऐलान, नहीं लेंगे कैंसिलेशन फीस

पहलगाम हमले के बाद एयरलाइंस कंपनियों ने कुछ अहम कदम उठाए हैं. कंपनियों ने कहा है कि श्रीनगर आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर कैंसिलेशन चार्ज की वसूली नहीं की जाएगी.

Last Modified:
Wednesday, 23 April, 2025
BWHindi

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बीते कल यानी मंगलवार को आतंकवादियों की ओर से एक कायराना हमले को अंजाम दिया. इस हमले में उन्होंने 25 से ज्यादा पर्यटकों की गोलियों से भुनकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं आतंकवादियों ने गोली चलाने से पहले पर्यटकों से उनके घर्म के बारे में पूछा फिर उनपर हमला किया. घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब के दौरे से दिल्ली लौट आए हैं. पीएम मोदी थोड़ी देर में कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी की मीटिंग करेंगे. दूसरी ओर इतनी बड़ी घटना के बाद कई एयरलाइंस ने श्रीनगर आने-जाने वाली उड़ानों पर कैंसिलेशन चार्ज नहीं लेने का ऐलान किया है.

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने किया माफ

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने एक बयान में कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर एयर इंडिया एक्सप्रेस 30 अप्रैल, 2025 तक श्रीनगर से आने-जाने वाली उड़ानों के लिए कैंसलेशन चार्ज माफ करेगी. उसने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘हम मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए 30 अप्रैल, 2025 तक श्रीनगर से आने-जाने वाली अपनी उड़ानों के लिए टिकट चेंज करने या कैंसल का चार्ज माफ कर रहे हैं.’

दिल्ली, मुंबई से श्री नगर के लिए अतिरिक्त उड़ानें

इससे पहले एयर इंडिया और इंडिगो ने अपनी फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव किया है और श्रीनगर आने-जाने वाली उड़ानों पर कैंसलेशन चार्ज हटाने का ऐलान किया है. इसके अलावा, दोनों एयरलाइंस ने दिल्ली और मुंबई के लिए दो अतिरिक्त उड़ानों संचालित करेगी. इंडिगो ने एक्स पर लिखा, 'श्रीनगर आने-जाने वाले लोगों की मदद के लिए कैंसिलेशन चार्ज और रीशेड्यूल के लिए छूट की पेशकश कर रहे हैं और दिल्ली-मुंबई से दो अतिरिक्त उड़ानें जोड़ी हैं.'

बता दें कि उड़ान बुधवार सुबह 11:30 बजे दिल्ली और दोपहर 12 बजे मुंबई से रवाना होगी. एयर इंडिया अभी मुंबई और दिल्ली से प्रति दिन पांच उड़ानों का संचालन करती है, जबकि इंडिगो हर दिन लगभग 20 उड़ानों का संचालन करती है. एयर इंडिया एक्सप्रेस की बात करें तो यह बेंगलुरु, दिल्ली, हैदराबाद, जम्मू और कोलकाता से हफ्ते में करीब 80 उड़ानों का संचालन करती है.