Operation Sindoor के बाद पूरे देश में अलर्ट, इंडिगो और एयर इंडिया ने कैंसिल की कई फ्लाइट्स

देश के कई हिस्सों में 11 एयरपोर्ट का ऑपरेशन बंद कर दिया गया है और कई एयरलाइन कंपनियों ने कई फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया या इनको देर से चलाया जाएगा.

Last Modified:
Wednesday, 07 May, 2025
BWHindi

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ मंगलवार देर रात ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया. इस ऑपरेशन के तहत इंडियन एयरफोर्स ने पाकिस्तान और PoK स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की. इसके बाद एहतियात के तौर पर श्रीनगर एयरपोर्ट को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है. साथ ही एअर इंडिया ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, चंडीगढ़ और पंजाब जाने वाली कई फ्लाइट्स को रद्द कर दिया है. 

फ्लाइट ऑपरेशन से जुड़ी 4 जरूरी इन्फॉर्मेशन...

• एअर इंडिया ने 9 शहरों के लिए लिए सभी उड़ानें 10 मई की सुबह 05:29 बजे तक रद्द कीं. ये शहर हैं- जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट.
• इंडिगो ने 11 शहरों की सभी फ्लाइट्स 10 मई की सुबह 05:29 बजे तक रद्द कीं. ये शहर हैं- जम्मू, श्रीनगर, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर, जोधपुर, ग्वालियर, किशनगढ़ और राजकोट.
• स्पाइसजेट ने 6 शहरों की सभी उड़ानें 7 मई तक रद्द कीं. ये शहर हैं- लेह, श्रीनगर, जम्मू, कांगड़ा (हिमाचल), कांडला (गुजरात) और अमृतसर.
• 10 मई तक इंडिगो की 165 डोमेस्टिक फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं. एयरलाइंस हर दिन करीब 2200 फ्लाइट्स ऑपरेट करती है. दिल्ली एयरपोर्ट पर अलग-अलग एयरलाइंस की 20 फ्लाइट्स कैंसिल हुई है.

पाकिस्तान ने भी रद्द की कई फ्लाइट्स

वहीं, एयरस्ट्राइक के बाद पूरे पाकिस्तान में तनाव का माहौल है. अब जानकारी आ रही है कि इस्लामाबाद और लाहौर एयरपोर्ट पर जाने वाली सभी फ्लाइट्स अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं. ये फैसला हाल के सुरक्षा हालातों को देखते हुए लिया गया है. दरअसल, दो हफ्ते पहले पहलगाम आतंकवादी हमले का जवाब देते हुए, भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें प्रतिबंधित जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर भी शामिल है.

रक्षा मंत्रालय ने 1.44 बजे एक बयान में कहा कि सैन्य हमले ऑपरेशन सिंदूर के तहत किए गए. मंत्रालय ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई 'केंद्रित, नपी-तुली और गैर-उकसावा देने वाली थी.'

PM मोदी ने की ऑपरेशन की निगरानी

सूत्रों ने बताया कि सभी नौ लक्ष्यों पर हमले सफल रहे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऑपरेशन सिंदूर पर करीबी नजर रख रहे हैं. इसके अलावा एयरस्ट्राइक के बाद भारतीय सैन्य प्रतिष्ठान के सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान से लगी सीमा पर सभी वायु रक्षा यूनिटों को अलर्ट पर रखा गया है.

सूत्रों ने बताया कि इस ऑपरेसन के बाद भारत ने अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब सहित कई प्रमुख देशों से संपर्क किया और उन्हें पाकिस्तान तथा पाक अधिकृत कश्मीर में नौ आतंकवादी ठिकानों पर सैन्य हमले के बारे में जानकारी दी. एक सूत्र ने बताया, 'वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों ने कई देशों में अपने समकक्षों से बात की है और उन्हें भारत द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी है.'