होम / बिजनेस / अगले साल आने वाले हैं इन 4 बड़ी कंपनियों के IPO, निवेश के लिए हो जाएं तैयार
अगले साल आने वाले हैं इन 4 बड़ी कंपनियों के IPO, निवेश के लिए हो जाएं तैयार
यदि आप आईपीओ में निवेश करते हैं, तो अगले साल आपको कई मौके मिल सकते हैं. 4 बड़ी कंपनियों के IPO भी 2023 में आ सकते हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
शेयर बाजार में निवेश करने वाले अधिकांश लोग आईपीओ (Initial Public Offer) को कमाई का बेहतरीन मौका समझते हैं. इसलिए जब कोई रेपुटेड कंपनी IPO लेकर आती है, तो उसमें पैसा लगाने वालों की लाइन लग जाती है. इस साल यानी 2022 में भी कई कंपनियों के आईपीओ आए. इनमें से कुछ ज़बरदस्त हिट रहे, तो कुछ ने इन्वेस्टर्स को मायूस किया. अगले साल भी कई कंपनियों के IPO आने वाले हैं, यानी आपको निवेश के कई मौके मिलेंगे. चलिए देखते हैं कि 2023 में कौन सी कंपनियां अपना आईपीओ लेकर आ सकती हैं.
Ola
ऐप बेस्ड कैब सर्विस प्रावोइडर ओला आईपीओ (OLA IPO) लाने जा रही है. माना जा रहा है कि कंपनी अगले साल आईपीओ ला सकती है. हालांकि, पहले इसी साल कंपनी का आईपीओ आने वाला था, लेकिन अब उसे अगले साल तक टाल दिया गया है. Ola की शुरुआत भाविश अग्रवाल और अंकित भाटी ने 2011 में की थी. यह कंपनी भारत के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और ब्रिटेन में सर्विसेज ऑफर करती है. EV सेगमेंट में कंपनी ने अपना अच्छा-खासा मार्केट खड़ा कर लिया है. नवंबर में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटर ओला के ही बिके थे
Byju’s
एड-टेक कंपनी बायजूस (Byju’s) भी अपना आईपीओ लाने की तैयारी में है. माना जा रहा है कि अगले साल की शुरुआत में कंपनी इसकी घोषणा कर सकती है. कोरोना महामारी में कंपनी ने तेजी से तरक्की की थी, लेकिन उसके बाद से उसे थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा है. हालांकि, अभी भी कंपनी में अभी 50 मिलियन से ज्यादा रजिस्टर्ड छात्र हैं. वित्तीय वर्ष 2022 में बायजूस ने 100 बिलियन रुपए का ग्रॉस रिवेन्यु हासिल किया है. रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी 2023 में अपना आईपीओ लॉन्च करने की योजना पर काम कर रही है.
Swiggy
फूड डिलीवरी कंपनी Swiggy भी अगले साल आईपीओ लेकर आ सकती है. हाल ही में आई एक रिपोर्ट में बताया गया था कि स्विगी का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है. 2022 के शुरुआती छह महीने (जनवरी-जून) में इसकी बिक्री और ऑर्डर वॉल्यूम में उछाल देखने को मिला है. स्विगी के सबसे बड़े निवेशकों में शामिल Prosus का कहना है कि Swiggy तेजी से आगे बढ़ रही है. साल के शुरूआती छह महीनों में इसे फूड डिलीवरी के लिए 38 फीसदी अधिक ऑर्डर मिले हैं. मौजूदा समय में Swiggy देश के 500 से ज्यादा शहरों में काम कर रही है. पिछले तीन सालों में, कंपनी का राजस्व 25.4% की सीएजीआर से बढ़ा है.
OYO
होटल एग्रीगेटर Oyo भी अगले साल आईपीओ लॉन्च कर सकती है. वैसे कंपनी ने इसी साल IPO लाने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में यह फैसला टाल दिया गया. सितंबर तिमाही में Oyo को 333 करोड़ रुपए का घाटा हुआ है, मगर एक तिमाही पहले के मुकाबले यह आंकड़ा कम है. यानी कंपनी को घाटा हुआ है, लेकिन पहले से कम. जून तिमाही में Oyo को 414 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था. कोरोना महामारी के चलते होटल एवं टूरिज्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा था, अब जब हालत सुधर गए हैं, तो इस सेक्टर में भी बहार लौटने की उम्मीद है.
टैग्स