होम / बिजनेस / आर्थिक विकास को गति देने के लिए UP सरकार ने पेश किया अनुपूरक बजट
आर्थिक विकास को गति देने के लिए UP सरकार ने पेश किया अनुपूरक बजट
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने FY 2022-23 के लिए अपना अनुपूरक बजट सोमवार को पेश किया.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
- तरन्नुम मंजुल
उत्तर प्रदेश में विकास को नई रफ्तार देने के लिए और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को भव्य रूप से आयोजित करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को विधानसभा के शीतकालीन सत्र में अनुपूरक बजट पेश किया. प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के पहले दिन ₹3376954.67 लाख का अनुपूरक बजट पेश किया. इसमें करीब ₹14 हजार करोड़ नई योजनाओं पर खर्च करने का प्रावधान रखा गया है.
इन पर रखा फोकस
इस अनुपूरक बजट में प्रदेश को $1 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनाने का संकल्प भी दोहराया गया है. बजट में फरवरी में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए 296 करोड़ का प्रावधान है, तो अगले साल प्रदेश में होने वाले G-20 के कार्यक्रमों के खर्च के लिए भी व्यवस्था की गई है. वहीं स्टार्टअप व इन्क्यूबेटर के लिए 100 करोड़, प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना के लिए 200 करोड़, स्मार्ट सिटी परियोजना के लिए 899 करोड़ रुपए आवंटित किए जाएंगे. सबसे ज्यादा 8000 करोड़ रुपए की राशि का आवंटन औद्योगिक विकास प्राधिकरणों को निजी इंडस्ट्रियल पार्क व हब के तौर पर विकसित करने के लिए किया जाएगा.
सड़कों के लिए 2000 करोड़
प्रयागराज कुंभ को भव्य-दिव्य बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए इस अनुपूरक बजट में ₹521 करोड़ आवंटित किए गए हैं, जबकि 10 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट पर न्यायालय परिसरों के निर्माण के लिए 400 करोड़ का प्रावधान है. बजट में मुख्यमंत्री योगी की महात्वाकांक्षी योजना सीएम फेलोशिप का भी ध्यान रखा गया है. साथ ही स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी व प्रधानमंत्री आवास योजना को आगे बढाने के लिए भी बजट में वित्तीय प्रस्ताव शामिल है. सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए लगभग ₹2000 करोड़ का प्रावधान और युवाओं को निशुल्क टैबलेट व स्मार्ट फोन के लिए 300 करोड़ खर्च किए जाएंगे.
पक्ष-विपक्ष लॉबी का उद्घाटन
आजमगढ़ के हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री योगी की घोषणा को पूरा करते हुए इस बजट में ₹5 करोड़ रुपए रखे गए हैं. CM आदित्यनाथ ने सोमवार को विधान भवन में नवीन कोरिडोर के अलावा सत्ता पक्ष लॉबी और प्रतिपक्ष लॉबी का उद्घाटन भी किया. दोनों ही लॉबी में बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है और इनकी दीवारों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों के साथ पूर्व विधायकों के भी चित्र प्रदर्शित हैं.
टैग्स