होम / बिजनेस / आसमान पर कब्जे की कवायद में इस कमी से जूझ रही ये एयरलाइन, अब की है खास तैयारी
आसमान पर कब्जे की कवायद में इस कमी से जूझ रही ये एयरलाइन, अब की है खास तैयारी
इंडियन एविएशन सेक्टर में अभी इंडिगो का जलवा है, कंपनी देश की नंबर वन एयरलाइन बनी हुई है, एयर इंडिया तेजी से उसका मुकाबला करने की कोशिश में है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
एयर इंडिया तेजी से अपनी परफॉरमेंस में सुधार कर रही है. टाटा समूह की यह कंपनी अपने बेड़े में नए विमान शामिल कर रही है, ताकि डोमेस्टिक और इंटरनेशनल ऑपरेशंस का विस्तार किया जा सके. अब जब काम बढ़ेगा, जो ज्यादा लोगों की भी जरूरत पड़ेगी. लिहाजा, एयर इंडिया को पायलट्स की दरकार है. एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि कंपनी इस वक्त पायलट की कमी से जूझ रही है.
इतने पायलट्स होंगे भर्ती
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि एयर इंडिया की अगले कुछ महीनों में अपने बेड़े में 5 बोइंग 777 शामिल करने की योजना बनाई है. उसने अमेरिका के लिए नई उड़ानें भी शुरू की हैं, लेकिन पायलट की सीमित संख्या से उसे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसलिए अब कंपनी 90 से 100 पायलट्स की नियुक्त कर सकती है. एयर इंडिया विभिन्न एजेंसियों के भी संपर्क में है.
समय पर पहुंच रहीं फ्लाइट्स
दरअसल, एयर इंडिया में पायलट की कमी पहले से थी, अब जब कंपनी ने अपनी उड़ानों का विस्तार किया है, तो समस्या और बढ़ गई है. आसमान पर कब्जे के लिए एयर इंडिया लगातार खुद को मजबूत करने में लगी है. कंपनी अपनी सेवाओं में विस्तार के साथ-साथ क्वालिटी पर भी फोकस कर रही है. उसकी फ्लाइट्स समय से पहुंच रही हैं, जो सबसे बड़ी उपलब्धि है. क्योंकि पहले इस मामले में उसकी स्थिति काफी खराब थी.
इंडिगो को टक्कर की तैयारी
टाटा समूह के एयर इंडिया को अपना बनाए जाने के बाद से उसमें कई बड़े बदलाव हुए हैं. बता दें कि Tata ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टैलेस प्राइवेट लिमिटेड ने 8 अक्टूबर, 2021 को एयर इंडिया के अधिग्रहण की बोली 18,000 करोड़ रुपए में जीत ली थी. अब इंडिगो जैसी एयरलाइन को कड़ी टक्कर देने के लिए टाटा समूह ने कमर कस ली है. समूह की योजना एयर इंडिया के विमानों के बेड़े में ज़बरदस्त इजाफा करने की है. कुछ वक्त पहले आई एक रिपोर्ट में बताया गया था कि एयर इंडिया के लिए 200 नए विमान खरीदे जा सकते हैं. इसमें करीब छह बोइंग, 25 एयरबस A320 निओ सहित छोटे आकार के विमान शामिल हैं. इसके अलावा, अब कंपनी 5 बोइंग 777 भी अपने बेड़े में शामिल कर रही है.
टैग्स