होम / बिजनेस / जून में थोक महंगाई दर घटकर 0.13% पर पहुंची, 20 महीने का सबसे निचला स्तर
जून में थोक महंगाई दर घटकर 0.13% पर पहुंची, 20 महीने का सबसे निचला स्तर
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जून में खाद्य और ईंधन कीमतों में नरमी ने लोगों को राहत दी है. सब्जियों और प्याज की कीमतों में भी भारी गिरावट आई है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 11 months ago
जून 2025 में भारत की थोक मूल्य सूचकांक (WPI) आधारित महंगाई दर गिरकर -0.13% पर आ गई, जो अक्टूबर 2023 के बाद का सबसे निचला स्तर है. वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, मई में यह दर 0.39% थी. WPI वह सूचकांक है जो थोक स्तर पर बिकने वाले सामानों की कीमतों में औसत बदलाव को दर्शाता है और यह उत्पादक स्तर पर महंगाई का महत्वपूर्ण संकेतक माना जाता है. आइए इन आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं.
सब्जियों और प्याज की कीमतों में भारी गिरावट
जून में महंगाई में सबसे बड़ी गिरावट खाद्य वस्तुओं की श्रेणी में देखने को मिली.
- सब्जियों की महंगाई दर जून में घटकर -22.65% रही, जबकि मई में यह -21.62% थी.
- प्याज की महंगाई एक महीने पहले के -14.41% से घटकर -33.49% हो गई.
- आलू की कीमतों में भी गिरावट आई और जून में यह -32.67% पर रही, जो मई में -29.42% थी.
- दालों की महंगाई दर जून में -22.65% रही, जबकि मई में यह 10.41% थी.
- वहीं, अनाज की महंगाई मई के 2.56% से बढ़कर जून में 3.75% पर पहुंच गई.
ईंधन और बिजली की महंगाई में राहत
जून में ईंधन और बिजली (Fuel and Power) की महंगाई दर में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और यह -2.65% पर आ गई, जबकि मई में यह 22.27% थी. मैन्युफैक्चर्ड प्रोडक्ट्स की महंगाई दर जून में 1.97% रही. यह ध्यान देने योग्य है कि WPI में मैन्युफैक्चरिंग का वेटेज 60% से अधिक है. इसके अलावा प्राथमिक वस्तुओं की महंगाई दर जून में घटकर 3.38% रही, जबकि मई में यह 2.02% थी.
खुदरा महंगाई भी नीचे, CPI के आंकड़ों का इंतजार
भारत की खुदरा महंगाई दर मई 2025 में गिरकर 2.82% हो गई, जो पिछले छह वर्षों में सबसे कम है. यह अप्रैल के मुकाबले 34 आधार अंक कम रही और फरवरी 2019 के बाद की सबसे न्यूनतम दर है. जून के CPI आंकड़े जल्द जारी होने की संभावना है.
RBI ने घटाया FY26 का महंगाई अनुमान
भारतीय रिजर्व बैंक ने उम्मीद जताई है कि आने वाले महीनों में महंगाई नियंत्रित रहेगी. मौद्रिक नीति समिति (MPC) की पिछली बैठक में, FY26 के लिए खुदरा महंगाई का अनुमान 4% से घटाकर 3.7% कर दिया गया है. Q1 FY26 में 2.9%, Q2 FY26 में 3.4%, Q3 FY26 में 3.9% और Q4 FY26 में 4.4% है.
टैग्स