होम / बिजनेस / टाटा संस ने बॉम्बे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की कैविएट, 30 नवंबर की बोर्ड बैठक पर नजर
टाटा संस ने बॉम्बे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की कैविएट, 30 नवंबर की बोर्ड बैठक पर नजर
दोनों ट्रस्ट्स ने 26 नवंबर को टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दायर किए थे. इनमें एन चंद्रशेखरन को लगातार तीसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त करने के फैसले को चुनौती दी गई है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 15 hours ago
टाटा समूह में चेयरमैन की दोबारा नियुक्ति और कंपनी के कामकाज को लेकर चल रहा विवाद अब कानूनी मोर्चे पर भी आगे बढ़ गया है. टाटा ट्रस्ट्स को बॉम्बे हाईकोर्ट से अंतरिम राहत नहीं मिलने के बाद टाटा संस ने बॉम्बे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल की है. कंपनी की इस पहल का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि ट्रस्ट्स की ओर से किसी नई कानूनी चुनौती की स्थिति में अदालत कोई आदेश देने से पहले टाटा संस का पक्ष भी सुने. यह घटनाक्रम 30 नवंबर को होने वाली कंपनी की बोर्ड बैठक से पहले आया है.
30 नवंबर की बोर्ड बैठक को कोर्ट से मिली हरी झंडी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) और आरडी टाटा ट्रस्ट (RDTT) ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर 30 नवंबर की बोर्ड बैठक टालने की मांग की थी. इसके अलावा उन्होंने अदालत से अनुरोध किया था कि टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को ऐसी स्थिति में कास्टिंग वोट का इस्तेमाल करने से रोका जाए, जब टाटा ट्रस्ट्स की ओर से नामित निदेशकों के बीच किसी मुद्दे पर असहमति हो.
हालांकि, बॉम्बे हाईकोर्ट ने तत्काल अंतरिम राहत देने से इनकार करते हुए बोर्ड बैठक तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित करने की अनुमति दे दी. अदालत ने स्पष्ट किया कि बैठक में होने वाली कार्यवाही और लिए जाने वाले फैसले उसके अंतिम आदेश के अधीन रहेंगे.
चंद्रशेखरन की तीसरी बार नियुक्ति को दी चुनौती
दोनों ट्रस्ट्स ने 26 नवंबर को टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दायर किए थे. इनमें एन चंद्रशेखरन को लगातार तीसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त करने के फैसले को चुनौती दी गई है.
टाटा संस के बोर्ड ने 17 सितंबर को एक प्रस्ताव के जरिए चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को मंजूरी दी थी. हालांकि, ट्रस्ट्स का तर्क है कि कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी सकारात्मक मतदान नहीं मिलने के कारण यह प्रस्ताव वैध नहीं है.
ट्रस्ट्स को आशंका थी कि 30 नवंबर की बैठक में उनके नामित निदेशकों के बीच किसी मुद्दे पर मतभेद हो सकता है. ऐसी स्थिति में वे चंद्रशेखरन के कास्टिंग वोट के इस्तेमाल पर रोक चाहते थे. इसके साथ ही उन्होंने बोर्ड बैठक स्थगित करने की मांग भी की थी, जिसका टाटा संस ने विरोध किया.
18 जनवरी 2027 को होगी अगली सुनवाई
बॉम्बे हाईकोर्ट में जस्टिस अभय आहूजा की अध्यक्षता वाली पीठ ने टाटा संस और छह निदेशकों सहित अन्य प्रतिवादियों को दोनों मुकदमों पर जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है. मामले की अगली सुनवाई 18 जनवरी 2027 को होगी.
टाटा संस की ओर से दोनों अदालतों में दाखिल कैविएट का उद्देश्य यह है कि ट्रस्ट्स की ओर से कोई नई याचिका या अपील दाखिल किए जाने पर अदालत कंपनी का पक्ष सुने बिना अंतरिम आदेश पारित न करे.
65 करोड़ रुपये के हर्जाने की भी मांग
इस विवाद में वित्तीय दावे भी शामिल हैं. सिर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने टाटा संस से 50 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है, जबकि आरडी टाटा ट्रस्ट ने 15 करोड़ रुपये का दावा किया है. दोनों ट्रस्ट्स ने इस रकम पर सालाना 18 फीसदी ब्याज की मांग भी की है.
यह कानूनी विवाद टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा और टाटा संस के बीच कंपनी के प्रशासन, नियंत्रण और भविष्य की संरचना को लेकर चल रहे व्यापक मतभेदों का हिस्सा है.
टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की 66 फीसदी हिस्सेदारी
टाटा ट्रस्ट्स की टाटा संस में कुल 66 फीसदी हिस्सेदारी है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने टाटा संस को अपर-लेयर नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) के रूप में वर्गीकृत किया है. इस वर्गीकरण के तहत कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होना जरूरी है.
हालांकि, नोएल टाटा प्रस्तावित आईपीओ से बचने के लिए कंपनी के कारोबारी ढांचे में पुनर्गठन की पैरवी कर रहे हैं. ऐसे में चेयरमैन की नियुक्ति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब टाटा संस के भविष्य के ढांचे और लिस्टिंग के मुद्दे से भी जुड़ता नजर आ रहा है.
टैग्स