टाटा संस ने बॉम्बे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की कैविएट, 30 नवंबर की बोर्ड बैठक पर नजर

दोनों ट्रस्ट्स ने 26 नवंबर को टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दायर किए थे. इनमें एन चंद्रशेखरन को लगातार तीसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त करने के फैसले को चुनौती दी गई है.

Last Modified:
Saturday, 28 November, 2026
BWHindi

टाटा समूह में चेयरमैन की दोबारा नियुक्ति और कंपनी के कामकाज को लेकर चल रहा विवाद अब कानूनी मोर्चे पर भी आगे बढ़ गया है. टाटा ट्रस्ट्स को बॉम्बे हाईकोर्ट से अंतरिम राहत नहीं मिलने के बाद टाटा संस ने बॉम्बे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल की है. कंपनी की इस पहल का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि ट्रस्ट्स की ओर से किसी नई कानूनी चुनौती की स्थिति में अदालत कोई आदेश देने से पहले टाटा संस का पक्ष भी सुने. यह घटनाक्रम 30 नवंबर को होने वाली कंपनी की बोर्ड बैठक से पहले आया है.

30 नवंबर की बोर्ड बैठक को कोर्ट से मिली हरी झंडी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) और आरडी टाटा ट्रस्ट (RDTT) ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर 30 नवंबर की बोर्ड बैठक टालने की मांग की थी. इसके अलावा उन्होंने अदालत से अनुरोध किया था कि टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को ऐसी स्थिति में कास्टिंग वोट का इस्तेमाल करने से रोका जाए, जब टाटा ट्रस्ट्स की ओर से नामित निदेशकों के बीच किसी मुद्दे पर असहमति हो.

हालांकि, बॉम्बे हाईकोर्ट ने तत्काल अंतरिम राहत देने से इनकार करते हुए बोर्ड बैठक तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित करने की अनुमति दे दी. अदालत ने स्पष्ट किया कि बैठक में होने वाली कार्यवाही और लिए जाने वाले फैसले उसके अंतिम आदेश के अधीन रहेंगे.

चंद्रशेखरन की तीसरी बार नियुक्ति को दी चुनौती

दोनों ट्रस्ट्स ने 26 नवंबर को टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दायर किए थे. इनमें एन चंद्रशेखरन को लगातार तीसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त करने के फैसले को चुनौती दी गई है.

टाटा संस के बोर्ड ने 17 सितंबर को एक प्रस्ताव के जरिए चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को मंजूरी दी थी. हालांकि, ट्रस्ट्स का तर्क है कि कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी सकारात्मक मतदान नहीं मिलने के कारण यह प्रस्ताव वैध नहीं है.

ट्रस्ट्स को आशंका थी कि 30 नवंबर की बैठक में उनके नामित निदेशकों के बीच किसी मुद्दे पर मतभेद हो सकता है. ऐसी स्थिति में वे चंद्रशेखरन के कास्टिंग वोट के इस्तेमाल पर रोक चाहते थे. इसके साथ ही उन्होंने बोर्ड बैठक स्थगित करने की मांग भी की थी, जिसका टाटा संस ने विरोध किया.

18 जनवरी 2027 को होगी अगली सुनवाई

बॉम्बे हाईकोर्ट में जस्टिस अभय आहूजा की अध्यक्षता वाली पीठ ने टाटा संस और छह निदेशकों सहित अन्य प्रतिवादियों को दोनों मुकदमों पर जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है. मामले की अगली सुनवाई 18 जनवरी 2027 को होगी.

टाटा संस की ओर से दोनों अदालतों में दाखिल कैविएट का उद्देश्य यह है कि ट्रस्ट्स की ओर से कोई नई याचिका या अपील दाखिल किए जाने पर अदालत कंपनी का पक्ष सुने बिना अंतरिम आदेश पारित न करे.

65 करोड़ रुपये के हर्जाने की भी मांग

इस विवाद में वित्तीय दावे भी शामिल हैं. सिर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने टाटा संस से 50 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है, जबकि आरडी टाटा ट्रस्ट ने 15 करोड़ रुपये का दावा किया है. दोनों ट्रस्ट्स ने इस रकम पर सालाना 18 फीसदी ब्याज की मांग भी की है.

यह कानूनी विवाद टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा और टाटा संस के बीच कंपनी के प्रशासन, नियंत्रण और भविष्य की संरचना को लेकर चल रहे व्यापक मतभेदों का हिस्सा है.

टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की 66 फीसदी हिस्सेदारी

टाटा ट्रस्ट्स की टाटा संस में कुल 66 फीसदी हिस्सेदारी है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने टाटा संस को अपर-लेयर नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) के रूप में वर्गीकृत किया है. इस वर्गीकरण के तहत कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होना जरूरी है.

हालांकि, नोएल टाटा प्रस्तावित आईपीओ से बचने के लिए कंपनी के कारोबारी ढांचे में पुनर्गठन की पैरवी कर रहे हैं. ऐसे में चेयरमैन की नियुक्ति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब टाटा संस के भविष्य के ढांचे और लिस्टिंग के मुद्दे से भी जुड़ता नजर आ रहा है.


आंध्र प्रदेश में बनेगा देश का पहला बॉन्डेड एयरपोर्ट-पोर्ट कॉरिडोर, अंतरराष्ट्रीय कारोबार को मिलेगी रफ्तार

प्रस्तावित योजना के तहत दो एकीकृत एयर-सी कार्गो कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे. पहला कॉरिडोर तिरुपति एयरपोर्ट को कृष्णापट्टनम पोर्ट से जोड़ेगा, जबकि दूसरा प्रस्तावित डगदार्थी एयरपोर्ट को रामायपट्टनम पोर्ट से जोड़ेगा.

बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो by
Published - Saturday, 28 November, 2026
Last Modified:
Saturday, 28 November, 2026
BWHindia

आंध्र प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में बड़ी पहल करने की तैयारी कर रहा है. राज्य के नौ जिलों में फैले तिरुपति इकोनॉमिक रीजन (TER) में देश का पहला बॉन्डेड कस्टम्स-फ्री एयरपोर्ट-पोर्ट कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है. इसके तहत हवाई अड्डों और समुद्री बंदरगाहों को एकीकृत किया जाएगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय माल की आवाजाही आसान होगी. इस व्यवस्था से निर्यात और री-एक्सपोर्ट कारोबार को बढ़ावा मिलने के साथ राज्य को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

दो एयर-सी कार्गो कॉरिडोर बनाने की योजना

प्रस्तावित योजना के तहत दो एकीकृत एयर-सी कार्गो कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे. पहला कॉरिडोर तिरुपति एयरपोर्ट को कृष्णापट्टनम पोर्ट से जोड़ेगा, जबकि दूसरा प्रस्तावित डगदार्थी एयरपोर्ट को रामायपट्टनम पोर्ट से जोड़ेगा.

इस व्यवस्था के तहत एयरपोर्ट के एयर कार्गो टर्मिनल और उससे जुड़े समुद्री बंदरगाह को एक ही कस्टम्स-नियंत्रित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा. इसके लिए एकीकृत प्रशासन और समान सुरक्षा मानकों की व्यवस्था होगी.

इसका फायदा यह होगा कि समुद्री मार्ग से आने वाले माल को बिना सामान्य कस्टम्स प्रक्रिया से दोबारा गुजरे एयरपोर्ट तक पहुंचाकर आगे दूसरे देशों में भेजा जा सकेगा. इसी तरह हवाई मार्ग से आने वाले माल को समुद्री बंदरगाह के जरिए दूसरे देशों तक पहुंचाना आसान होगा.

यह मॉडल संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के जेबेल अली फ्री जोन (JAFZA) से प्रेरित है. वहां बंदरगाह और एयरपोर्ट के बीच एकीकृत कनेक्टिविटी के जरिए मल्टीमॉडल कार्गो परिवहन को सुविधाजनक बनाया गया है.

इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा और ऑटोमोबाइल सेक्टर को होगा फायदा

प्रस्तावित कॉरिडोर से उन उद्योगों को विशेष फायदा मिलने की उम्मीद है, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक माल तेजी से पहुंचाने की जरूरत होती है. इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स, फार्मास्यूटिकल्स, जल्द खराब होने वाले उत्पाद, फैशन और सीजनल सामान शामिल हैं. इसके अलावा औद्योगिक इकाइयों के लिए जरूरी मशीनरी और स्पेयर पार्ट्स की आपूर्ति भी आसान हो सकती है.

तिरुपति इकोनॉमिक रीजन में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग की अहम भूमिका रहने का अनुमान है. क्षेत्र से आंध्र प्रदेश के 50 अरब डॉलर के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग लक्ष्य में करीब 70-80 फीसदी योगदान की उम्मीद जताई गई है. श्री सिटी-नायडूपेटा औद्योगिक क्षेत्र को इस विस्तार का प्रमुख केंद्र माना जा रहा है.

एयरपोर्ट और पोर्ट के बीच बेहतर कनेक्टिविटी से यहां बनने वाले उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी.

2047 तक 900 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य

यह प्रस्ताव आंध्र प्रदेश की उस व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत तिरुपति इकोनॉमिक रीजन को देश के पूर्वी तट पर प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने की योजना है.

इस रणनीति में समुद्री, हवाई, सड़क और रेल कनेक्टिविटी को एक नेटवर्क के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया है. इसके जरिए औद्योगिक केंद्रों से बंदरगाहों और एयरपोर्ट तक माल की आवाजाही को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा.

क्षेत्र की अर्थव्यवस्था का आकार 2026 में करीब 67 अरब डॉलर आंका गया है. विकास योजना के मुताबिक, इसके 2032 तक बढ़कर 153 अरब डॉलर और 2047 तक 900 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है. एकीकृत लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर से निवेश आकर्षित करने और वैश्विक व्यापार में क्षेत्र की प्रतिस्पर्धी क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है.

अभी शुरुआती चरण में है प्रस्ताव

हालांकि, एयरपोर्ट-पोर्ट कॉरिडोर की योजना फिलहाल शुरुआती अवधारणा के स्तर पर है. इसे लागू करने से पहले कॉरिडोर का सटीक रूट, कस्टम्स व्यवस्था, प्रशासनिक ढांचा और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तय किया जाना बाकी है.

इसके अलावा उत्तरी कॉरिडोर के लिए प्रस्तावित डगदार्थी एयरपोर्ट का विकास भी इस योजना का अहम हिस्सा होगा. इन सभी पहलुओं पर विस्तृत मूल्यांकन और अंतिम निर्णय के बाद ही परियोजना के क्रियान्वयन की दिशा स्पष्ट हो सकेगी.

अगर यह योजना लागू होती है, तो आंध्र प्रदेश को एक ऐसा एकीकृत एयर-सी लॉजिस्टिक्स नेटवर्क मिल सकता है, जो निर्यातकों और विनिर्माताओं के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच आसान बनाएगा.


मुंबई के दादर में बनेगा ₹98 करोड़ का रेलवे डिपो, वंदे भारत समेत लंबी दूरी की ट्रेनों को मिलेगी सुविधा

इस परियोजना का एक अहम उद्देश्य दादर स्टेशन की परिचालन भूमिका का विस्तार करना है. फिलहाल दादर स्टेशन का इस्तेमाल मुख्य रूप से उन ट्रेनों के लिए होता है, जो अपनी यात्रा पूरी करने के बाद यहां वापस आती हैं.

बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो by
Published - Saturday, 28 November, 2026
Last Modified:
Saturday, 28 November, 2026
BWHindia

मुंबई में रेलवे परिचालन और रखरखाव की क्षमता बढ़ाने के लिए पश्चिम रेलवे ने 98 करोड़ रुपये की लागत से नया कोचिंग और मेंटेनेंस डिपो बनाने की योजना बनाई है. यह डिपो दादर के पास करी रोड (Currey Road) में विकसित किया जाएगा. यहां वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव के साथ लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए भी अतिरिक्त सुविधाएं तैयार की जाएंगी. इस परियोजना से दादर स्टेशन से लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन बढ़ाने का रास्ता भी खुल सकता है.

दो चरणों में पूरा होगा 98 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट

पश्चिम रेलवे की इस प्रस्तावित परियोजना के लिए करीब 55,000 वर्ग मीटर जमीन का इस्तेमाल किया जाएगा. फिलहाल इस जमीन पर मध्य रेलवे का स्टोर डिपो संचालित है. परियोजना के लिए इस डिपो को ठाणे जिले के ठाकुर्ली में स्थानांतरित करने की योजना है, ताकि करी रोड में नई सुविधा विकसित की जा सके.

इस परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा. पहले चरण के लिए पश्चिम रेलवे ने 49 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं. वहीं, दूसरे चरण पर भी करीब 49 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसके लिए अभी मंजूरी का इंतजार है.

डिपो में होंगी 10 रेलवे लाइनें

प्रस्तावित डिपो में कुल 10 रेलवे लाइनें बनाई जाएंगी. इनमें दो पूरी लंबाई वाली पिट लाइन, छह स्टेबलिंग लाइन और दो सिक लाइन शामिल होंगी.

- पिट लाइन: इनका इस्तेमाल वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव और जांच के लिए किया जाएगा.
- स्टेबलिंग लाइन: इन पर फिलहाल परिचालन में नहीं रहने वाली ट्रेनों के रेक खड़े किए जा सकेंगे.
- सिक लाइन: इनका इस्तेमाल मरम्मत की जरूरत वाली ट्रेनों के लिए होगा.

इसके अलावा, डिपो में शंटिंग नेक भी बनाया जाएगा, जिससे परिसर के भीतर ट्रेनों और उनके रेक को एक लाइन से दूसरी लाइन पर ले जाने में आसानी होगी. इस व्यवस्था से वंदे भारत के साथ लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के रखरखाव की क्षमता भी बढ़ेगी.

दादर स्टेशन से शुरू हो सकेंगी लंबी दूरी की ट्रेनें

इस परियोजना का एक अहम उद्देश्य दादर स्टेशन की परिचालन भूमिका का विस्तार करना है. फिलहाल दादर स्टेशन का इस्तेमाल मुख्य रूप से उन ट्रेनों के लिए होता है, जो अपनी यात्रा पूरी करने के बाद यहां वापस आती हैं. यहां लंबी दूरी की ट्रेनों के प्राथमिक रखरखाव (Primary Maintenance) की पर्याप्त सुविधा नहीं है.

नया डिपो बनने के बाद दादर से ही ट्रेनों का प्राथमिक रखरखाव करके उन्हें यात्रा के लिए रवाना किया जा सकेगा. पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरुण कुमार मीणा के मुताबिक, इस सुविधा से दादर से प्राथमिक रखरखाव वाली ट्रेनों का संचालन संभव होगा. इससे पश्चिम रेलवे को लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन की योजना बनाने में अधिक लचीलापन मिलेगा.

मुंबई सेंट्रल को भी मिलेगी अतिरिक्त क्षमता

करी रोड में बनने वाला नया डिपो मुंबई सेंट्रल के मौजूदा कोचिंग डिपो को भी सहयोग देगा. यह सुविधा मौजूदा और प्रस्तावित छठी रेल लाइन के बुनियादी ढांचे के माध्यम से दादर और मुंबई सेंट्रल से जुड़ेगी.

इससे मुंबई के इन दोनों प्रमुख रेलवे टर्मिनलों के आसपास लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के रखरखाव तथा उन्हें खड़ा करने के लिए अतिरिक्त जगह उपलब्ध होगी. मौजूदा मुंबई सेंट्रल डिपो पर परिचालन का दबाव भी कम करने में मदद मिल सकती है.

वंदे भारत के रखरखाव पर भी रहेगा फोकस

करी रोड डिपो की योजना में वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव को विशेष रूप से ध्यान में रखा गया है. इसके लिए दो पूरी लंबाई वाली पिट लाइन बनाई जाएंगी. हालांकि, यह सुविधा सिर्फ वंदे भारत तक सीमित नहीं रहेगी. यहां लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के रेक खड़े करने और उनकी मरम्मत की भी व्यवस्था होगी.

परियोजना पूरी होने के बाद पश्चिम रेलवे को मुंबई से लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन और रखरखाव बेहतर तरीके से करने में मदद मिलने की उम्मीद है. साथ ही, दादर स्टेशन से नई ट्रेनों की शुरुआत की संभावनाएं भी बढ़ेंगी. हालांकि, परियोजना के लिए मध्य रेलवे के मौजूदा स्टोर डिपो को ठाकुर्ली स्थानांतरित करना एक अहम प्रक्रिया होगी.


नेस्ले इंडिया पर EPFO की कार्रवाई, 7 साल पुराने मामले में 36 लाख रुपये से ज्यादा का नोटिस

नेस्ले इंडिया ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया कि उसे 26 नवंबर 2026 को EPFO के मैसूरु क्षेत्रीय कार्यालय से यह डिमांड नोटिस मिला है. इसमें कुल 36,36,548 रुपये जमा करने की मांग की गई है.

बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो by
Published - Saturday, 28 November, 2026
Last Modified:
Saturday, 28 November, 2026
BWHindia

मैगी, किटकैट और नेस्कैफे जैसे लोकप्रिय ब्रांड बनाने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से 36.36 लाख रुपये की मांग का नोटिस मिला है. यह नोटिस वर्ष 2012 से 2019 के बीच की अवधि से जुड़ा है. इसमें 20.09 लाख रुपये हर्जाने और जुर्माने के रूप में शामिल हैं. कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा है कि इस नोटिस का उसके वित्तीय प्रदर्शन या कारोबारी गतिविधियों पर कोई बड़ा असर पड़ने की आशंका नहीं है.

क्यों मिला नेस्ले इंडिया को EPFO का नोटिस?

नेस्ले इंडिया ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया कि उसे 26 नवंबर 2026 को EPFO के मैसूरु क्षेत्रीय कार्यालय से यह डिमांड नोटिस मिला है. इसमें कुल 36,36,548 रुपये जमा करने की मांग की गई है.

इस राशि में कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) कोड के तहत वर्ष 2012 से 2019 की अवधि के लिए 20,09,516 रुपये हर्जाने और जुर्माने के तौर पर शामिल हैं. EPFO ने कर्मचारी भविष्य निधि एवं विविध प्रावधान अधिनियम, 1952 की धारा 7Q और 14B के तहत यह नोटिस जारी किया है.

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस नोटिस का उसके वित्तीय प्रदर्शन, परिचालन या अन्य कारोबारी गतिविधियों पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं पड़ेगा.

क्या है EPF एक्ट की धारा 7Q और 14B?

कर्मचारी भविष्य निधि अधिनियम की धारा 7Q और 14B के तहत नियोक्ताओं पर अलग-अलग तरह की वित्तीय देनदारियां तय की गई हैं.

- धारा 7Q: इसके तहत नियोक्ता को EPF के बकाया भुगतान में देरी होने पर निर्धारित ब्याज देना होता है.
- धारा 14B: इस धारा के तहत EPFO को भविष्य निधि अंशदान या अन्य वैधानिक बकाया जमा करने में चूक के लिए नियोक्ता से हर्जाना वसूलने का अधिकार है.

मैगी, किटकैट समेत कई बड़े ब्रांड बनाती है कंपनी

नेस्ले इंडिया देश की प्रमुख खाद्य एवं पेय पदार्थ कंपनियों में शामिल है. कंपनी के पोर्टफोलियो में मैगी, नेस्कैफे, किटकैट, मिल्कमेड और एवरीडे जैसे लोकप्रिय ब्रांड शामिल हैं. कंपनी भारत में इंस्टेंट नूडल्स, कॉफी, चॉकलेट, डेयरी और अन्य खाद्य उत्पादों का कारोबार करती है.

FSSAI से जुड़े मामले में भी दे चुकी है सफाई

इससे पहले नेस्ले इंडिया के बेबी फॉर्मूला उत्पादों को लेकर भी खबरें सामने आई थीं. एक मीडिया रिपोर्ट में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से कंपनी को कथित नियम उल्लंघन के संबंध में नोटिस दिए जाने का जिक्र किया गया था.

हालांकि, कंपनी ने इस रिपोर्ट को तथ्यात्मक रूप से गलत बताते हुए खारिज कर दिया था. 18 सितंबर 2026 को स्टॉक एक्सचेंज को दिए स्पष्टीकरण में नेस्ले इंडिया ने कहा था कि उसके NAN Excella Pro और Lactogen Pro जैसे उत्पाद लागू नियमों का पालन करते हैं. कंपनी के मुताबिक, इन उत्पादों और उनके लेबल को FSSAI की विशेषज्ञ समिति से मंजूरी मिली है.

कंपनी ने यह भी कहा था कि उत्पादों के लेबल पर किए गए दावे तथ्यों और वैज्ञानिक दस्तावेजों पर आधारित हैं. वहीं, रिपोर्ट के मुताबिक, FSSAI ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उत्पादों और उनके प्रचार से जुड़ी सामग्री की जांच के बाद शिशु पोषण उत्पादों से संबंधित तीन मामले दर्ज किए थे. इनमें '5 HMOs' और 'व्हे प्रोटीन' जैसे दावों को लेकर सवाल उठाए गए थे.

 


दो सप्ताह में 18.65 अरब डॉलर घटा भारत का विदेशी मुद्रा भंडार, RBI ने जारी किए आंकड़े

RBI के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा विदेशी मुद्रा संपत्ति होता है. 20 नवंबर को समाप्त सप्ताह में इसमें 26.6 करोड़ डॉलर की कमी आई और यह घटकर 583.186 अरब डॉलर रह गई.

बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो by
Published - Saturday, 28 November, 2026
Last Modified:
Saturday, 28 November, 2026
BWHindia

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट का सिलसिला लगातार दूसरे सप्ताह भी जारी रहा है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 20 नवंबर 2026 को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 4.443 अरब डॉलर घटकर 700.898 अरब डॉलर रह गया. इससे पिछले सप्ताह इसमें 14.205 अरब डॉलर की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी. विदेशी मुद्रा संपत्ति से लेकर सोने के भंडार तक में कमी इस गिरावट की प्रमुख वजह रही.

रिकॉर्ड स्तर से लगातार नीचे आ रहा विदेशी मुद्रा भंडार

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार इस साल 4 सितंबर को 785.706 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था. इसके बाद से इसमें गिरावट का रुख बना हुआ है. उस समय विदेशों में रहने वाले भारतीयों (डायस्पोरा) से बैंकों ने एक विशेष योजना के तहत करीब 133 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा जुटाई थी. इससे देश के विदेशी मुद्रा भंडार में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई थी. हालांकि, अब रिकॉर्ड स्तर से विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार कमी आ रही है. पिछले दो सप्ताह में ही इसमें कुल 18.648 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई है.

विदेशी मुद्रा संपत्ति में भी आई कमी

RBI के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा विदेशी मुद्रा संपत्ति (Foreign Currency Assets) होता है. 20 नवंबर को समाप्त सप्ताह में इसमें 26.6 करोड़ डॉलर की कमी आई और यह घटकर 583.186 अरब डॉलर रह गई.

विदेशी मुद्रा संपत्ति में अमेरिकी डॉलर के अलावा यूरो, ब्रिटिश पाउंड और जापानी येन जैसी अन्य प्रमुख विदेशी मुद्राएं भी शामिल होती हैं. इन मुद्राओं की डॉलर के मुकाबले विनिमय दर में होने वाले बदलाव का असर भी विदेशी मुद्रा संपत्ति के मूल्य पर पड़ता है.

सोने के भंडार में 4.09 अरब डॉलर की गिरावट

विदेशी मुद्रा भंडार के साथ देश के गोल्ड रिजर्व में भी लगातार दूसरे सप्ताह गिरावट दर्ज की गई. RBI के मुताबिक, 20 नवंबर को समाप्त सप्ताह में सोने का भंडार 4.095 अरब डॉलर घटकर 94.519 अरब डॉलर रह गया.

इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) से जुड़े विशेष आहरण अधिकार (SDR) में भी 6.7 करोड़ डॉलर की कमी आई. यह घटकर 18.451 अरब डॉलर रह गया. वहीं, IMF में भारत की रिजर्व स्थिति 1.5 करोड़ डॉलर घटकर 4.743 अरब डॉलर पर आ गई.

 


पतंजलि फूड्स का दूसरा अंतरिम डिविडेंड घोषित, हर शेयर पर मिलेंगे ₹1.25; जानें कब तक आएगा पैसा

पतंजलि फूड्स ने एक्सचेंज फाइलिंग में दूसरे अंतरिम डिविडेंड से जुड़ी अहम तारीखों की जानकारी दी है. कंपनी ने इसके लिए 11 दिसंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट निर्धारित की है. यानी इस तारीख तक जिन निवेशकों के नाम कंपनी के रिकॉर्ड में शेयरधारक के तौर पर दर्ज होंगे, वे डिविडेंड पाने के पात्र होंगे.

बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो by
Published - Saturday, 28 November, 2026
Last Modified:
Saturday, 28 November, 2026
BWHindia

पतंजलि फूड्स ने चालू वित्त वर्ष में शेयरधारकों के लिए दूसरे अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है. कंपनी के बोर्ड ने हर इक्विटी शेयर पर 1.25 रुपये के भुगतान को मंजूरी दी है. इसके लिए 11 दिसंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है. पात्र निवेशकों के बैंक खातों में 25 दिसंबर तक डिविडेंड की रकम पहुंच जाएगी. डिविडेंड के इस ऐलान के साथ कंपनी ने सितंबर तिमाही के वित्तीय नतीजों में भी अपने कारोबार के प्रदर्शन की जानकारी दी है.

11 दिसंबर है रिकॉर्ड डेट, 25 दिसंबर तक होगा भुगतान

पतंजलि फूड्स ने एक्सचेंज फाइलिंग में दूसरे अंतरिम डिविडेंड से जुड़ी अहम तारीखों की जानकारी दी है. कंपनी ने इसके लिए 11 दिसंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट निर्धारित की है. यानी इस तारीख तक जिन निवेशकों के नाम कंपनी के रिकॉर्ड में शेयरधारक के तौर पर दर्ज होंगे, वे डिविडेंड पाने के पात्र होंगे.

कंपनी के मुताबिक, पात्र शेयरधारकों को 25 दिसंबर 2026 या उससे पहले डिविडेंड का भुगतान कर दिया जाएगा. इस तरह हर इक्विटी शेयर पर निवेशकों को 1.25 रुपये मिलेंगे.

पहले भी निवेशकों को दे चुकी है डिविडेंड

पतंजलि फूड्स का पिछले कुछ वर्षों में शेयरधारकों को डिविडेंड देने का सिलसिला जारी रहा है. इससे पहले अगस्त 2026 में कंपनी ने प्रति शेयर 0.80 रुपये का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया था.

वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) में कंपनी ने तीन बार अंतरिम डिविडेंड दिया था. इस दौरान निवेशकों को कुल 5 रुपये प्रति शेयर मिले थे. वहीं, वित्त वर्ष 2024-25 (FY25) के लिए कंपनी ने 2 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था.

सितंबर तिमाही में 19% घटा कंपनी का मुनाफा

डिविडेंड के ऐलान के बीच पतंजलि फूड्स के सितंबर तिमाही (Q2 FY27) के नतीजे मिले-जुले रहे. कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 19 फीसदी घटकर 419.77 करोड़ रुपये रह गया. हालांकि, पिछली तिमाही की तुलना में मुनाफे में 25 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

वहीं, ऑपरेशन से कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर करीब 16 फीसदी बढ़कर 11,323 करोड़ रुपये हो गई. हालांकि, पिछली तिमाही के मुकाबले इसमें मामूली गिरावट रही.

बिस्किट कारोबार की कमाई में 28% की बढ़ोतरी

कंपनी के एफएमसीजी कारोबार की बिक्री सितंबर तिमाही में 2,923 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह आंकड़ा 2,914 करोड़ रुपये था.

इस दौरान बिस्किट कारोबार ने बेहतर प्रदर्शन किया. कंपनी के बिस्किट डिविजन ने तिमाही और छमाही आधार पर अब तक की सबसे अधिक कमाई दर्ज की. जुलाई से सितंबर के बीच इस सेगमेंट का राजस्व सालाना आधार पर 28 फीसदी बढ़कर 638 करोड़ रुपये पहुंच गया.

बिस्किट कारोबार का एबिटा मार्जिन भी पिछले साल के 9.79 फीसदी से बढ़कर 11.91 फीसदी हो गया. वहीं, ऑयल पाम प्लांटेशन कारोबार से कंपनी को 742 करोड़ रुपये की बिक्री हुई. कंपनी ने इस कारोबार का और विस्तार करने की योजना भी जाहिर की है.

छह महीने में 13% से ज्यादा फिसला शेयर

कंपनी के कारोबारी प्रदर्शन के बीच शेयर बाजार में पतंजलि फूड्स के शेयर पर दबाव देखने को मिला है. हालिया कारोबारी सत्र में कंपनी का शेयर 0.4 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ. पिछले छह महीनों में इसमें करीब 13.1 फीसदी की गिरावट आई है. वहीं, एक साल के दौरान शेयर करीब 28.5 फीसदी टूट चुका है.

खाद्य तेल से लेकर एफएमसीजी तक फैला है कारोबार

पतंजलि फूड्स लिमिटेड पहले रुचि सोया के नाम से जानी जाती थी. यह पतंजलि ग्रुप का हिस्सा है और इसका मुख्यालय इंदौर, मध्य प्रदेश में है. कंपनी खाद्य तेल, फूड प्रोडक्ट्स, होम एंड पर्सनल केयर, न्यूट्रास्युटिकल्स और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में कारोबार करती है. इसके प्रमुख ब्रांड्स में पतंजलि, रुचि गोल्ड, न्यूट्रेला, महाकोश, सनरिच और दंत कांति शामिल हैं.

 


सेबी के नए नियमों से NSE-BSE में नेतृत्व परिवर्तन की तैयारी, 2027 में खत्म हो सकता है दोनों प्रमुखों का कार्यकाल

सेबी के प्रस्तावित नियमों के लागू होने पर NSE के MD और CEO आशीष कुमार चौहान को जुलाई 2027 में अपना पद छोड़ना पड़ सकता है. वहीं, BSE के प्रमुख सुंदररमन राममूर्ति जून 2027 में 65 वर्ष की उम्र पूरी होने पर रिटायर होंगे.

बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो by
Published - Saturday, 28 November, 2026
Last Modified:
Saturday, 28 November, 2026
BWHindia

देश के दो प्रमुख शेयर बाजारों NSE और BSE में अगले साल नेतृत्व परिवर्तन देखने को मिल सकता है. भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के नए प्रस्तावित नियमों के चलते NSE के प्रमुख आशीष कुमार चौहान के लिए जुलाई 2027 के बाद पद पर बने रहना मुश्किल हो सकता है. वहीं, BSE के MD एवं CEO सुंदररमन राममूर्ति जून 2027 में 65 साल की उम्र पूरी करने पर रिटायर होंगे. ऐसे में सेबी के कार्यकाल संबंधी प्रस्ताव दोनों एक्सचेंजों के शीर्ष नेतृत्व में बदलाव की वजह बन सकते हैं.

सेबी ने मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर इंस्टीट्यूशंस (MIIs) के शीर्ष अधिकारियों के कार्यकाल को सीमित करने के लिए नए नियमों का प्रस्ताव दिया है. इनमें स्टॉक एक्सचेंज, क्लियरिंग कॉरपोरेशन और डिपॉजिटरी जैसी संस्थाएं शामिल हैं. इसका उद्देश्य किसी एक व्यक्ति के पास लंबे समय तक अधिकारों का केंद्रीकरण रोकना, कॉरपोरेट गवर्नेंस मजबूत करना और नेतृत्व में समय-समय पर बदलाव सुनिश्चित करना है.

NSE में आशीष कुमार चौहान के कार्यकाल पर नियमों का असर

NSE के प्रमुख आशीष कुमार चौहान का अगला कार्यकाल सेबी के प्रस्तावित नियमों से प्रभावित हो सकता है. NSE में जुलाई 2022 में शामिल होने से पहले वह करीब 10 साल तक BSE के मैनेजिंग डायरेक्टर रह चुके हैं.

NSE में उनका मौजूदा पांच साल का कार्यकाल 25 जुलाई 2027 को पूरा होगा. तब तक दोनों प्रमुख स्टॉक एक्सचेंजों में MD के रूप में उनका कुल कार्यकाल करीब 15 साल हो जाएगा. ऐसे में सेबी के प्रस्तावित ट्रांजिशन प्रावधानों के तहत उनके लिए NSE में एक और कार्यकाल हासिल करना मुश्किल हो सकता है.

सेबी ने प्रस्ताव दिया है कि किसी व्यक्ति का एक मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर इंस्टीट्यूशन में MD के रूप में अधिकतम कार्यकाल आठ साल और अलग-अलग संस्थानों में कुल कार्यकाल 12 साल होना चाहिए. हालांकि, नियम लागू होने के समय पद पर मौजूद अधिकारियों के लिए सुचारु बदलाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 15 साल की संक्रमणकालीन सीमा का प्रस्ताव रखा गया है. इसका मतलब है कि आशीष कुमार चौहान 65 साल की मौजूदा रिटायरमेंट उम्र पूरी करने से पहले ही कार्यकाल संबंधी प्रस्तावित नियमों के कारण पद छोड़ने की स्थिति में आ सकते हैं.

BSE प्रमुख सुंदररमन राममूर्ति भी जून 2027 में होंगे रिटायर

BSE के प्रमुख सुंदररमन राममूर्ति का कार्यकाल भी अगले साल समाप्त होने की संभावना है, हालांकि इसकी वजह अलग है. वह जून 2027 में 65 साल के हो जाएंगे. यह मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर इंस्टीट्यूशंस के MD के लिए निर्धारित मौजूदा अधिकतम आयु सीमा है.

सेबी ने स्पष्ट किया है कि उसके हालिया कंसल्टेशन पेपर में MD की रिटायरमेंट उम्र में बदलाव का प्रस्ताव नहीं है. इसमें मुख्य रूप से एक संस्थान और अलग-अलग संस्थानों में अधिकारियों के कुल कार्यकाल को सीमित करने पर जोर दिया गया है.

राममूर्ति के नेतृत्व में BSE ने डेरिवेटिव्स कारोबार, खासकर इंडेक्स ऑप्शंस सेगमेंट में अपनी स्थिति मजबूत की है. इस क्षेत्र में एक्सचेंज ने NSE को कड़ी प्रतिस्पर्धा दी है. ऐसे में BSE में नेतृत्व परिवर्तन को बाजार के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

क्या हैं सेबी के नए कार्यकाल नियमों के प्रस्ताव?

सेबी ने 20 नवंबर 2026 को जारी कंसल्टेशन पेपर में मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर इंस्टीट्यूशंस के गवर्नेंस नियमों में व्यापक बदलाव का प्रस्ताव दिया है. इसके प्रमुख प्रावधान इस प्रकार हैं:

- मैनेजिंग डायरेक्टर (MD): एक संस्थान में अधिकतम आठ साल और अलग-अलग संस्थानों में कुल 12 साल का कार्यकाल प्रस्तावित है. मौजूदा MD के लिए संक्रमणकालीन सीमा 15 साल रखी गई है.
- एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (ED): एक संस्थान में अधिकतम आठ साल और अलग-अलग संस्थानों में कुल 16 साल का कार्यकाल प्रस्तावित है.
- MD और ED दोनों पदों पर रहने वाले अधिकारी: एक संस्थान में कुल 12 साल और अलग-अलग संस्थानों में अधिकतम 20 साल का कार्यकाल प्रस्तावित है.
- पब्लिक इंटरेस्ट डायरेक्टर: अधिकतम आयु सीमा 75 साल से घटाकर 70 साल करने का प्रस्ताव है.
- कार्यकाल की संख्या: पब्लिक इंटरेस्ट डायरेक्टर के लिए अधिकतम कार्यकाल तीन से घटाकर दो करने का प्रस्ताव है. प्रत्येक कार्यकाल तीन साल का होगा.

इसके अलावा, सेबी ने पब्लिक इंटरेस्ट डायरेक्टर्स के एक साथ कई मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर इंस्टीट्यूशंस और उनसे जुड़ी इकाइयों में निदेशक पद संभालने पर भी अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव दिया है.

गवर्नेंस मजबूत करने के लिए बदलाव की तैयारी

सेबी का मानना है कि मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर इंस्टीट्यूशंस में लंबे समय तक एक ही व्यक्ति के शीर्ष पद पर बने रहने से संस्थागत जानकारी, कारोबारी संबंधों और निर्णय लेने की शक्तियों का केंद्रीकरण हो सकता है.

नियामक के मुताबिक, लंबे कार्यकाल से किसी एक व्यक्ति पर संस्थान की निर्भरता बढ़ने का जोखिम रहता है. इससे संस्थान के बोर्ड और नियामक की ओर से रखी जाने वाली निगरानी और जवाबदेही व्यवस्था भी कमजोर हो सकती है.

प्रस्तावित बदलावों का उद्देश्य संस्थागत स्वतंत्रता बढ़ाना, जवाबदेही सुनिश्चित करना और देश के पूंजी बाजार से जुड़ी संस्थाओं में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाना है.

सेबी ने इस कंसल्टेशन पेपर पर बाजार से जुड़े प्रतिभागियों और अन्य हितधारकों से 11 दिसंबर 2026 तक सुझाव और प्रतिक्रियाएं मांगी हैं. परामर्श प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन प्रस्तावों पर आगे विचार किया जाएगा.

 


2030 तक 10 लाख करोड़ रुपये का हो जाएगा भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार, छोटे शहरों से मिलेगी रफ्तार

प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती मांग, पुराने उपकरणों को अपग्रेड करने का चलन और नए इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स की बढ़ती स्वीकार्यता से अगले छह साल में बाजार में 3 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी का अनुमान है. क्रोमा और केर्नी की रिपोर्ट में टियर-2 और टियर-3 शहरों को विकास का प्रमुख केंद्र बताया गया है.

बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो by
Published - Saturday, 28 November, 2026
Last Modified:
Saturday, 28 November, 2026
BWHindia

भारत का कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है. साल 2024 में करीब 7 लाख करोड़ रुपये का रहा यह बाजार 2030 तक बढ़कर लगभग 10 लाख करोड़ रुपये पहुंच सकता है. यानी अगले छह वर्षों में इसमें 3 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त वृद्धि होने का अनुमान है. टाटा ग्रुप की इलेक्ट्रॉनिक्स रिटेल कंपनी क्रोमा (Croma) और ग्लोबल मैनेजमेंट कंसल्टिंग फर्म केर्नी (Kearney) की संयुक्त रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है.

'हाउ इंडिया अपग्रेड्स' (How India Upgrades) नाम से जारी इस रिपोर्ट में भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स की खरीदारी से जुड़े बदलते रुझानों और उपभोक्ताओं की प्राथमिकताओं का विश्लेषण किया गया है. यह रिपोर्ट ऐसे समय में जारी हुई है, जब क्रोमा मुंबई के जुहू में अपना पहला स्टोर शुरू करने के 20 साल पूरे कर रही है.

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार अब पहली बार उत्पाद खरीदने वाले उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं रह गया है. अब लोग पुराने उपकरणों को अपग्रेड करने, प्रीमियम प्रोडक्ट्स खरीदने और नई इलेक्ट्रॉनिक कैटेगरी को अपनाने पर अधिक खर्च कर रहे हैं. इसके साथ ही छोटे शहरों में भी इलेक्ट्रॉनिक्स की मांग तेजी से बढ़ रही है.

इन्फिनिटी रिटेल लिमिटेड (क्रोमा) के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर शिवाशीष रॉय ने कहा कि पिछले दो दशकों में भारत का कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार पहली बार खरीदारी के दौर से आगे बढ़कर आकांक्षाओं, बेहतर अनुभव और लगातार अपग्रेड करने की प्रवृत्ति से संचालित होने लगा है. उन्होंने कहा कि क्रोमा का फोकस उत्पादों के विकल्प, विशेषज्ञ सलाह, किफायती समाधान और बिक्री के बाद बेहतर सेवाओं के जरिए इलेक्ट्रॉनिक्स की खरीदारी को आसान बनाना है.

वहीं, केर्नी इंडिया की चेयरमैन कौशिका माधवन के मुताबिक, इस उद्योग का भविष्य इस बात से तय होगा कि उपभोक्ता तकनीक के जरिए अपनी जीवनशैली को किस तरह बेहतर बनाना चाहते हैं. प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती मांग, नए बाजारों का विस्तार और बदलती उपभोक्ता अपेक्षाएं इस क्षेत्र में नए अवसर पैदा करेंगी.

छोटे शहरों में तेजी से बढ़ रही इलेक्ट्रॉनिक्स की बिक्री

रिपोर्ट के अनुसार, भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स की मांग का केंद्र अब महानगरों से आगे बढ़ रहा है. टियर-2 और टियर-3 शहरों में बिक्री की रफ्तार महानगरों के मुकाबले तेज रही है. क्रोमा के बिक्री आंकड़ों के मुताबिक, 2022 से 2025 के बीच टियर-3 शहरों में कंपनी की बिक्री 40 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ी. वहीं, टियर-2 शहरों में यह वृद्धि 30 फीसदी रही. टियर-1 शहरों में बिक्री 35 फीसदी और महानगरों में 13 फीसदी की दर से बढ़ी.

कंपनी की कुल बिक्री में गैर-महानगरीय बाजारों की हिस्सेदारी भी बढ़ी है. साल 2022 में यह 32 फीसदी थी, जो 2025 में बढ़कर 44 फीसदी हो गई. रिपोर्ट के मुताबिक, भले ही कुल मांग में महानगरों की हिस्सेदारी अभी अधिक है, लेकिन आने वाले समय में छोटे शहर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार के विस्तार में अहम भूमिका निभाएंगे.

महंगे स्मार्टफोन और प्रीमियम उपकरणों की बढ़ी मांग

बाजार में प्रीमियम उत्पादों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है. उपभोक्ता अब अधिक कीमत वाले स्मार्टफोन और एडवांस फीचर्स वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदने को प्राथमिकता दे रहे हैं.

क्रोमा के आंकड़ों के अनुसार, 2021 से 2025 के बीच स्मार्टफोन की औसत बिक्री कीमत में 34 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, 50,000 रुपये से अधिक कीमत वाले स्मार्टफोन की बिक्री 2022 से 2025 के दौरान 26 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ी.

घरेलू उपकरणों और टेलीविजन की खरीदारी में भी यह बदलाव दिखाई दे रहा है. साल 2015 में कुल एयर कंडीशनर बिक्री में इन्वर्टर एसी की हिस्सेदारी केवल 9 फीसदी थी, जो 2025 में बढ़कर 91 फीसदी हो गई. इससे पता चलता है कि पहले प्रीमियम माने जाने वाले फीचर्स अब आम उपभोक्ताओं के बीच भी लोकप्रिय हो रहे हैं.

टेलीविजन के मामले में भी स्क्रीन का आकार बढ़ा है. क्रोमा में 2025 के दौरान बिकने वाले हर तीन टेलीविजन में से एक 55 इंच या उससे बड़ी स्क्रीन वाला था. साल 2015 में यह आंकड़ा हर 25 टीवी में से एक था.

डिशवॉशर, गेमिंग डिवाइस और एयर फ्रायर की बढ़ी मांग

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार की अगली विकास यात्रा में नई उत्पाद श्रेणियों की भी अहम भूमिका रहने वाली है. रिपोर्ट के मुताबिक, डिशवॉशर, क्लॉथ ड्रायर, गेमिंग डिवाइस, हियरएबल्स और एयर फ्रायर जैसे उत्पादों की मांग बढ़ रही है.

2021 से 2025 के बीच डिशवॉशर और ड्रायर की बिक्री में वॉल्यूम के आधार पर 29 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि वृद्धि दर्ज की गई. इसी अवधि में गेमिंग डिवाइस की बिक्री 26 फीसदी और हेडफोन व ईयरबड्स जैसे हियरएबल्स की बिक्री 23 फीसदी बढ़ी. वहीं, एयर फ्रायर की बिक्री में 22 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई.

रिपोर्ट में वियरेबल डिवाइस को भी भविष्य की मांग बढ़ाने वाली प्रमुख श्रेणियों में शामिल किया गया है. जिन बाजारों में इन उत्पादों की पहुंच अभी कम है, वहां पहली बार खरीदारी करने वाले उपभोक्ताओं से भी मांग बढ़ने की उम्मीद है.

पुराने उपकरणों को अपग्रेड करने से बढ़ेगा बाजार

क्रोमा और केर्नी की रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 से 2030 के बीच इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में अनुमानित 3 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त वृद्धि में पुराने उपकरणों को अपग्रेड करने की प्रवृत्ति की अहम भूमिका होगी.

बढ़ती आय और आकांक्षाओं, प्रीमियम उत्पादों तक आसान पहुंच और महानगरों से बाहर बढ़ती मांग से बाजार को गति मिलने की उम्मीद है.

रिपोर्ट के निष्कर्ष बताते हैं कि भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार की वृद्धि अब केवल नए उपभोक्ताओं के जुड़ने पर निर्भर नहीं है. मौजूदा उपभोक्ता भी पुराने उपकरणों की जगह अधिक कीमत और बेहतर फीचर्स वाले उत्पाद खरीद रहे हैं. इसके साथ ही नई उत्पाद श्रेणियों को अपनाने का चलन बढ़ रहा है. ऐसे में आने वाले वर्षों में उत्पादों की गुणवत्ता, प्रीमियम फीचर्स, इनोवेशन और बेहतर उपभोक्ता अनुभव बाजार की दिशा तय करेंगे.

 


पानी के सैंपल में बैक्टीरिया मिलने पर बिसलेरी के खिलाफ एक और केस, FSSAI ने दी मुकदमा चलाने की मंजूरी

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित प्लांट से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की पुष्टि हुई. इससे पहले गोवा प्लांट के पानी के सैंपल में रासायनिक तत्वों की मौजूदगी के बाद भी कंपनी के खिलाफ कार्रवाई को मंजूरी दी गई थी.

बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो by
Published - Saturday, 28 November, 2026
Last Modified:
Saturday, 28 November, 2026
BWHindia

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बनाने वाली कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल (Bisleri International) के खिलाफ एक और मामले में मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है. पश्चिम बंगाल के एक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से लिए गए कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाए गए हैं. जांच में पानी को खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत असुरक्षित घोषित किया गया है.

इस सप्ताह बिसलेरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी का यह दूसरा मामला है. इससे पहले गोवा स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में रासायनिक प्रदूषक पाए जाने के बाद FSSAI ने कार्रवाई को मंजूरी दी थी.

जलपाईगुड़ी प्लांट के सैंपल में मिले बैक्टीरिया

सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित बिसलेरी के प्लांट से पानी का सैंपल लिया गया था. प्रयोगशाला में जांच के दौरान इसमें कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई. इसके बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत इस सैंपल को असुरक्षित घोषित कर दिया गया.

खास बात यह है कि प्राथमिक प्रयोगशाला के साथ-साथ रेफरल लैब में भी जांच के दौरान इन नतीजों की पुष्टि हुई. इसके बाद नियामक ने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई.

पानी के एक बैच की बिक्री पर लगाई गई थी रोक

जांच में सामने आई गड़बड़ियों के बाद FSSAI ने 12 अगस्त 2026 को बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक खास बैच (PB 201) की बिक्री पर रोक लगा दी थी.

कोलीफॉर्म बैक्टीरिया ऐसे सूक्ष्मजीव हैं, जिनकी पेयजल में मौजूदगी संभावित प्रदूषण का संकेत हो सकती है. यह सीवेज के रिसाव, पाइपलाइन में खराबी या पानी की आपूर्ति से जुड़े बुनियादी ढांचे में गड़बड़ी के कारण हो सकता है.

इन उल्लंघनों को ध्यान में रखते हुए नियामक ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है.

गोवा प्लांट के मामले में भी हुई थी कार्रवाई

बिसलेरी के खिलाफ यह ताजा कार्रवाई गोवा स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में रासायनिक प्रदूषक पाए जाने के कुछ दिनों बाद हुई है.

गोवा के मामले में FSSAI ने बताया था कि पानी का सैंपल ब्रोमेट (Bromate) के निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरा था. इसके बाद इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया था.

कंपनी की ओर से अपील किए जाने के बाद सैंपल को रेफरल फूड लैब में भेजा गया. वहां जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी का पता चला और सैंपल को दोबारा असुरक्षित घोषित किया गया.

लैब की रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद नियामक ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी थी.

वहीं, बिसलेरी इंटरनेशनल ने अपने उत्पादों को उपभोग के लिए सुरक्षित बताया था. कंपनी ने यह भी कहा था कि नियामक की ओर से उठाई गई चिंताओं के समाधान के लिए वह FSSAI के साथ सहयोग करेगी.

पैकेज्ड पानी की कंपनियों पर बढ़ी निगरानी

बिसलेरी के खिलाफ यह कार्रवाई देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और मिनरल वॉटर निर्माताओं की बढ़ती नियामकीय जांच के बीच हुई है.

FSSAI के CEO राजित पुनहानी ने हाल ही में बताया था कि प्राधिकरण देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल इकट्ठा कर रहा है. इनकी प्रयोगशाला जांच अगले एक से दो महीने में पूरी होने की उम्मीद है.

नियामक ने सभी राज्यों के खाद्य आयुक्तों और क्षेत्रीय निदेशकों को पत्र लिखकर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और मिनरल वॉटर की निगरानी, निरीक्षण और सैंपलिंग बढ़ाने को कहा है.

इस अभियान का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना और नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माताओं के खिलाफ कार्रवाई करना है.

इसके अलावा, FSSAI ने इस साल अपनी निगरानी और प्रवर्तन गतिविधियों का दायरा बढ़ाते हुए फूड बिजनेस ऑपरेटर्स, ई-कॉमर्स कंपनियों, एनर्जी ड्रिंक और अल्कोहलिक बेवरेज बनाने वाली कंपनियों को भी इसमें शामिल किया है.

 


भारत-अमेरिका व्यापार समझौता जल्द हो सकता है फाइनल, टैरिफ पर बातचीत में बढ़ी सहमति: पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि दोनों देशों के बीच समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया और उसका रास्ता अब स्पष्ट होता जा रहा है.

बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो by
Published - Friday, 27 November, 2026
Last Modified:
Friday, 27 November, 2026
BWHindia

भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से अटके द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement) को अंतिम रूप देने की दिशा में बातचीत आगे बढ़ रही है. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि दोनों देशों के बीच समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया और उसका रास्ता अब स्पष्ट होता जा रहा है. हालांकि, यह बातचीत ऐसे समय में आगे बढ़ रही है, जब अमेरिका भारतीय उत्पादों पर 25% तक अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है. इस प्रस्ताव में कुछ शर्तों के साथ शुल्क की दर 17% रखने का विकल्प भी शामिल है.

भारतीय उत्पादों पर 25% तक टैरिफ का प्रस्ताव

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने भारत की विनिर्माण नीतियों और उत्पादन से जुड़ी गतिविधियों की जांच के बाद भारतीय उत्पादों पर 25% तक अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है. यह जांच अमेरिकी व्यापार कानून की धारा 301 (Section 301) के तहत शुरू की गई थी.

अमेरिका का आरोप है कि भारत की औद्योगिक नीतियां, प्रोत्साहन योजनाएं और बाजार से जुड़ी कुछ व्यवस्थाएं विनिर्माण क्षेत्र में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता को बढ़ावा देती हैं और अमेरिकी कारोबार के लिए बाधाएं पैदा करती हैं.

प्रस्ताव के तहत कुछ छूटों को छोड़कर भारतीय वस्तुओं पर 25% तक अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है. हालांकि, इसमें यह प्रावधान भी है कि अगर भारत जांच में सामने आए मुद्दों को दूर करने के लिए अमेरिका के साथ पारस्परिक व्यापार समझौता (Agreement on Reciprocal Trade) करता है, तो शुल्क की दर 17% रखने पर विचार किया जा सकता है.

फिलहाल यह केवल प्रस्ताव है, अंतिम टैरिफ व्यवस्था नहीं. USTR ने इस पर आम लोगों और संबंधित पक्षों से टिप्पणियां मांगी हैं. इस प्रस्ताव पर सार्वजनिक सुनवाई 25 जनवरी 2027 से शुरू होने वाली है.

भारत ने अमेरिकी आरोपों को खारिज किया है. वाणिज्य मंत्रालय का कहना है कि भारत के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक रूप से अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है. मंत्रालय ने यह भी कहा है कि भारत ने जांच के दौरान रचनात्मक तरीके से अपनी बात रखी है और व्यापार से जुड़े मुद्दों का समाधान जारी द्विपक्षीय बातचीत के जरिए किया जाना चाहिए.

फरवरी में तैयार हुआ था समझौते का शुरुआती ढांचा

भारत और अमेरिका ने फरवरी 2026 में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए शुरुआती ढांचे को अंतिम रूप दिया था. हालांकि, अमेरिकी टैरिफ नीतियों में बदलाव के कारण समझौते पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया आगे बढ़ गई और दोनों देशों के बीच अतिरिक्त बातचीत की जरूरत पड़ी.

इसके बाद से दोनों देश प्रस्तावित समझौते को लेकर लगातार चर्चा कर रहे हैं. भारत का जोर अमेरिकी बाजार में अपने उत्पादों के लिए बेहतर पहुंच और अन्य विनिर्माण अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले प्रतिस्पर्धी स्थिति हासिल करने पर है.

इस महीने की शुरुआत में पीयूष गोयल ने कहा था कि भारत ने बातचीत में अनुकूल नतीजे हासिल किए हैं. समझौता लागू होने के बाद भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में बेहतर और प्राथमिकता वाली बाजार पहुंच मिलेगी. उन्होंने यह भी कहा था कि भारत को अमेरिका में सबसे अधिक प्राथमिकता वाली बाजार पहुंच हासिल होगी.

 


FTA का लाभ उठाने में भारतीय कंपनियां पीछे, सिर्फ 20-30% रियायतों का कर रहीं इस्तेमाल: RBI गवर्नर

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को कहा कि देश की कंपनियां इन समझौतों के तहत उपलब्ध लाभों में से केवल 20-30% का ही इस्तेमाल कर रही हैं, जबकि व्यापारिक साझेदार देशों की कंपनियों में यह आंकड़ा 60-70% है.

बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो by
Published - Friday, 27 November, 2026
Last Modified:
Friday, 27 November, 2026
BWHindia

भारतीय कंपनियां मुक्त व्यापार समझौतों (Free Trade Agreements-FTA) के तहत मिलने वाली रियायती टैरिफ सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं उठा पा रही हैं. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को कहा कि देश की कंपनियां इन समझौतों के तहत उपलब्ध लाभों में से केवल 20-30% का ही इस्तेमाल कर रही हैं, जबकि व्यापारिक साझेदार देशों की कंपनियों में यह आंकड़ा 60-70% है. उन्होंने छोटे और मझोले उद्यमों (MSMEs) से निर्यात की तैयारी मजबूत करने और व्यापार समझौतों का बेहतर इस्तेमाल करने की अपील की.

FTA के लाभ उठाने में भारतीय कंपनियां पीछे

RBI गवर्नर ने कहा कि भारत ने कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं, जिनके तहत भारतीय कंपनियों को कम शुल्क पर विदेशी बाजारों तक पहुंच मिलती है. हालांकि, घरेलू कंपनियां इन रियायतों का अपेक्षित लाभ नहीं उठा पा रही हैं. इसके मुकाबले भारत के व्यापारिक साझेदार देशों की कंपनियां इन सुविधाओं का कहीं अधिक इस्तेमाल कर रही हैं.

मल्होत्रा के मुताबिक, खासतौर पर छोटे और मझोले उद्यमों को FTA के प्रावधानों की जानकारी हासिल करने की जरूरत है. इससे वे समझौतों के तहत मिलने वाले अवसरों की पहचान कर सकेंगे और विदेशी बाजारों में प्रतिस्पर्धी शर्तों पर अपने उत्पाद बेच पाएंगे.

MSME को गुणवत्ता और मानकों पर देना होगा ध्यान

मल्होत्रा ने छोटे और मझोले कारोबारों से निर्यात क्षमता बढ़ाने के लिए उत्पादों की गुणवत्ता, समय पर डिलीवरी और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुपालन पर ध्यान देने को कहा. उन्होंने कहा कि व्यापार समझौतों के बारे में जागरूकता बढ़ने से कंपनियों को उपलब्ध रियायतों और विदेशी बाजारों में प्रवेश की शर्तों को समझने में मदद मिलेगी.

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कंपनियों को अलग-अलग व्यापार समझौतों की शर्तों और रियायती टैरिफ का लाभ उठाने से जुड़े नियमों की जानकारी होनी चाहिए. इससे छोटे कारोबार भी अंतरराष्ट्रीय व्यापार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा सकते हैं.

ब्रिटेन, ओमान और न्यूजीलैंड के साथ व्यापार समझौते

भारत ने हाल के वर्षों में अपने व्यापारिक साझेदारों का दायरा बढ़ाते हुए कई देशों के साथ समझौते किए हैं. भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (CETA) 15 जुलाई 2026 से लागू हुआ. वहीं, भारत और ओमान के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA) 1 जून 2026 से प्रभावी हुआ. भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) 20 अक्टूबर 2026 से लागू हुआ.

इसके अलावा, भारत और यूरोपीय संघ (EU) ने 27 जनवरी 2026 को प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के लिए बातचीत पूरी की थी. इस समझौते से भारत और यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों के बीच बाजार तक पहुंच और निवेश के अवसर बढ़ने की उम्मीद है. हालांकि, बातचीत पूरी होने का मतलब यह नहीं है कि समझौता लागू भी हो गया है.

MSME क्षेत्र में AI का इस्तेमाल केवल 14%

RBI गवर्नर ने अलग से बताया कि भारत के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अपनाने की दर करीब 14% है. उन्होंने कहा कि इस मामले में भारत चीन जैसे देशों से पीछे है. यह आंकड़ा छोटे कारोबारों में नई तकनीक को अपनाने की सीमित रफ्तार को दर्शाता है.

 

TAGS bw-hindi