होम / बिजनेस / अब TATA Group परोसेगा 'देशी चाइनीज', इस डील पर लगने वाली है मुहर!
अब TATA Group परोसेगा 'देशी चाइनीज', इस डील पर लगने वाली है मुहर!
चाइनीज फूड को घर में बनाना आसान करने वाली कंपनी बिकने जा रही है. टाटा समूह डील फाइनल करने के करीब पहुंच गया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
'देशी चाइनीज' यानी चिंग्स का स्वाद टाटा समूह (TATA Group) की जुबां पर भी चढ़ गया है. समूह इसे अपना बनाना चाहता है और फिलहाल इस रेस में सबसे आगे बना हुआ है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स (TCPL) आखिरकार कैपिटल फूड्स प्राइवेट लिमिटेड को खरीदने की दौड़ में अन्य कंपनियों को पीछे छोड़ने में कामयाब रही है. कैपिटल फूड्स ही चिंग्स सीक्रेट (Ching's Secret) और स्मिथ एंड जोन्स ब्रैंड्स के तहत मसाले, फूड प्रोडक्ट्स आदि बेचती है.
और कौनसी कंपनियां थीं दौड़ में?
कैपिटल फूड्स को खरीदने की दौड़ में Tata के साथ-साथ Nestle, हिन्दुस्तान यूनिलीवर (HUL), क्रॉफ्ट हाइंज, ITC, ओरक्ला और निसिन फूड्स जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल थीं, लेकिन टाटा सबसे आगे निकलने में कामयाब रही है. माना जा रहा है TCPL और कैपिटल फूड्स के बीच कई हफ्तों तक चली बातचीत के बाद डील लगभग फाइनल हो चुकी है और जल्द ही इसकी घोषणा भी हो सकती है. TCPL पहले कैपिटल फूड्स के 3 निवेशकों से उनकी 65-70% हिस्सेदारी खरीदेगी. इसके कुछ समय बाद शेष हिस्सेदारी भी खरीद लेगी. इस तरह कैपिटल फूड्स पूरी तरह से उसकी हो जाएगी.
किसके पास, कितनी हिस्सेदारी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैपिटल फूड्स की वैल्यूएशन 5,500 करोड़ रुपए आंकी गई है. इस कंपनी में तीन शेयरहोल्डर्स - यूरोपियन फैमिली ऑफिस एंड इनवेस्टमेंट इनवस (40%), अमेरिकी प्राइवेट इक्विटी ग्रुप जनरल एटलांटिक (35%) और कंपनी के चेयरमैन अजय गुप्ता (25%) की हिस्सेदारी है. कैपिटल चिंग्स सीक्रेट इंस्टेंट चाइनीज नूडल्स, सूप, मसालें, फ्रोजन प्रोडक्ट, पेस्ट, फूड पेस्ट और सॉस जैसे उत्पाद बेचती है. कंपनी ने चाइनीज फूड को घर में बनाना बेहद आसान कर दिया है. इसके विज्ञापनों में रणवीर सिंह और नीना गुप्ता जैसे कलाकार भी नजर आ चुके हैं.
कब हुई थी कंपनी की शुरुआत?
कैपिटल फूड्स की शुरुआत साल 1995 में अजय गुप्ता ने की थी. अपनी शानदार मार्केटिंग और जानदार प्रोडक्ट्स के चलते महज थोड़े से समय में ही कंपनी ने बाजार में एक अलग पहचान स्थापित कर ली. कंपनी के उत्पाद काफी ज्यादा पसंद किए जा रहे है. ऐसे में जब पिछले साल ये खबर आई कि कंपनी के निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं, तो सभी चौंक गए. टाटा सहित देश की नामी कंपनियों ने इसे अपना बनाने की कोशिशें शुरू कर दीं और अब जो खबर निकलकर आ रही है, उसके मुताबिक Tata Group इस डील को सील करने जा रहा है.
टैग्स