होम / बिजनेस / इन्वेस्टर्स को रिटर्न गिफ्ट दे रही है Tata Group की ये कंपनी, क्या आपने लगाया है पैसा?
इन्वेस्टर्स को रिटर्न गिफ्ट दे रही है Tata Group की ये कंपनी, क्या आपने लगाया है पैसा?
बनारस होटल्स लिमिटेड ने अपने निवेशकों को डिविडेंड देने का ऐलान किया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
टाटा ग्रुप (Tata Group) की एक कंपनी ने अपने निवेशकों को शानदार रिटर्न गिफ्ट देने का फैसला लिया है. जब से ये खबर सामने आई है कंपनी के शेयर चढ़ रहे हैं. हम बात कर रहे हैं बनारस होटल्स लिमिटेड (Benares Hotels Ltd) की. इस कंपनी के नाम में Tata भले ही नहीं है, लेकिन ये है टाटा समूह की ही कंपनी. बनारस होटल्स लिमिटेड 1971 में अस्तित्व में आई थी. इस कंपनी के वाराणसी में ताज गंगा, नदेसर पैलेस और महाराष्ट्र के गोंदिया में जिंजर होटल है. वाराणसी के दोनों होटलों में 144 और जिंजर होटल में 34 कमरे हैं.
ऐसा है शेयर का हाल
टाटा ग्रुप की इस कंपनी ने निवेशकों के लिए बंपर डिविडेंड का ऐलान किया है. बनारस होटल्स लिमिटेड हर शेयर पर 20 रुपए का डिविडेंड (Dividend) देने जा रही है. इस ऐलान के बाद से ही इस शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिल रही है. कंपनी का शेयर आज 0.75 की बढ़त के साथ 5,900 रुपए पर बंद हुआ. पिछले 5 दिनों में इस शेयर ने 29.41% का रिटर्न दिया है. जबकि एक महीने में यह आंकड़ा 48.20% है. हालांकि, ये अपने 52 वीक के हाई लेवल 6,020 रुपए से अभी काफी पीछे है.
पहले भी दिया था डिविडेंड
कंपनी की बोर्ड मीटिंग में बनारस होटल्स लिमिटेड (Benares Hotels Ltd) के हर शेयर पर निवेशकों को 20 रुपए का डिविडेंड देने का फैसला किया गया है. 4 सितंबर के बाद योग्य निवेशकों को यह डिविडेंड दिया जा सकता है. इसके लिए 17 अगस्त 2023 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है. कंपनी ने निवेशकों को इससे पहले भी 10 रुपए का डिविडेंड दिया था. बता दें कि जब कोई कंपनी साल भर में कमाए गए अपने मुनाफे का कुछ हिस्सा शेयरहोल्डर्स में बांटती है तो उसे डिविडेंड कहते हैं. हालांकि कई बार ऐसे भी होता है कि कंपनियां मुनाफे की बजाय सरप्लस कैश से भी शेयरहोल्डर्स को डिविडेंड बांटती हैं.
क्या हर कंपनी देती है डिविडेंड?
कंपनियों के लिए डिविडेंड देना जरूरी नहीं होता है, क्योंकि इससे कंपनियों को कुछ हासिल नहीं होता, सिवाय शेयरहोल्डर्स की खुशी और भरोसे के. इसलिए कंपनी चाहे तो वो अपने मुनाफे में से एक भी पैसा शेयरहोल्डर्स को डिविडेंड के रूप में न दे. अक्सर देखा गया है कि छोटी-छोटी कंपनियां या जिन्होंने अभी-अभी अपना काम शुरू किया है, वो कंपनियां डिविडेंड नहीं देती हैं. क्योंकि वो अपने मुनाफे को शेयरहोल्डर्स को देने की बजाय वापस बिजनेस के विस्तार और ग्रोथ में लगा देती हैं. जो कंपनियां डिविडेंड देती हैं वो आमतौर पर पूरी तरह से स्थापित और बड़ी कंपनियां होती हैं, लेकिन हर बड़ी कंपनी डिविडेंड दे ये भी जरूरी नहीं.
टैग्स