होम / बिजनेस / इस करोड़पति ने भी टमाटर से की तौबा, लगातार चढ़ती कीमतों से हुए परेशान
इस करोड़पति ने भी टमाटर से की तौबा, लगातार चढ़ती कीमतों से हुए परेशान
पिछले कुछ वक्त में ही टमाटर की कीमतें आसमान पर पहुंच गई हैं. टमाटर के अलावा कुछ दूसरी सब्जियों के भाव भी बढ़ रहे हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
टमाटर (Tomato) की कीमतें रॉकेट की रफ्तार से चढ़ी हैं और फिलहाल इसके नीचे आने की कोई उम्मीद नजर नहीं आती. लगातार 'लाल' होते टमाटर से केवल आम आदमी का बजट ही नहीं बिगड़ा है, बल्कि करोड़पतियों की रसोई भी इससे प्रभावित हुई है. बॉलीवुड स्टार और करोड़पति बिजनेसमैन सुनील शेट्टी (Sunil Shetty) ने टमाटर की महंगी होती कीमतों के चलते उसकी खपत कम कर दी है. शेट्टी का कहना है कि टमाटर की चढ़ती कीमतों का असर उनकी रसोई पर भी पड़ा है और इसके चलते वो टमाटर कम खरीद रहे हैं.
कम कर दिया है खाना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनील शेट्टी ने बताया कि उनकी पत्नी केवल एक या दो दिन के लिए सब्जियां खरीदती हैं. क्योंकि वो ताजे प्रोडक्ट खाने में विश्वास करते हैं. आजकल टमाटर के दाम आसमान छू रहे हैं और इसका असर हमारी रसोई पर भी पड़ा है. हमने टमाटर खाना कम कर दिया है. शेट्टी ने आगे कहा - लोग सोच सकते हैं कि चूंकि मैं सुपरस्टार हूं, इसलिए ये चीजें मुझ पर असर नहीं करेंगी, लेकिन ऐसा नहीं है. हमें ऐसे मुद्दों से भी निपटना होता है. सुनील शेट्टी ने बताया कि वो ज्यादातर ऑनलाइन डिलीवरी करने वाले ऐप पर सब्जी ऑर्डर करते हैं.
इस वजह से चढ़ी कीमतें
मौसम के बदले मिजाज के चलते टमाटर के उत्पादन पर असर पड़ा है और इस वजह से कीमतें बढ़ रही हैं. आमतौर पर जून और जुलाई के कम उत्पादन वाले महीनों में टमाटर महंगे हो जाते हैं, लेकिन इस बार इसकी कीमतें रिकॉर्ड तोड़ स्पीड से भाग रही हैं. दरअसल, पिछले महीने कुछ उत्पादक क्षेत्रों में भारी बारिश और सामान्य से ज्यादा तापमान के कारण टमाटर का उत्पादन प्रभावित हुआ था, जिससे इसकी कीमतें कई गुना बढ़ गई हैं. आलम ये है कि McDonald जैसी बड़ी कंपनी ने भी टमाटर से तौबा कर ली है. वहीं, टमाटर के विकल्प के तौर पर इस्तेमाल की जाने वाली टोमेटो प्यूरी भी बाजार से आउट होती जा रही है.
यहां भी बढ़ रहे हैं भाव
कई शहरों में टमाटर की कीमत 150 से 200 रुपए तक पहुंच गई है. इस वजह से लोगों ने टमाटर की खपत कम कर दी है या फिलहाल उसे खरीदना बंद कर दिया है. सब्जी विक्रेताओं का भी मानना है कि कीमत बढ़ने से टमाटर की बिक्री में गिरावट आई है. वैसे, केवल टमाटर ही नहीं कई दूसरी सब्जियों और मसलों के दाम भी लगातार चढ़ रहे हैं. वहीं, महंगाई दर की बात करें, तो रिटेल महंगाई दर जून में तीन महीने के हाई लेवल 4.81% पर पहुंच गई, जो मई में 4.31% थी. जून में खाद्य वस्तुओं की रिटेल महंगाई दर मई के 2.29% की तुलना में उछलकर 4.49% पर जा पहुंची.
टैग्स