होम / बिजनेस / आज गोता लगाएगा या उड़ान भरेगा बाजार, कौनसे शेयर हैं खबरों में? जानें यहां
आज गोता लगाएगा या उड़ान भरेगा बाजार, कौनसे शेयर हैं खबरों में? जानें यहां
शेयर बाजार में आज यानी गुरुवार को भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. बुधवार को विदेशी निवेशकों ने जमकर बिकवाली की थी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
शेयर बाजार (Stock Market) के लिए बुधवार का दिन उतार-चढ़ाव वाला रहा. मार्केट शुरुआत में बढ़त के साथ कारोबार करता रहा और अंत में गिरावट के साथ बंद हुआ. इस दौरान, BSE Sensex 223.94 अंक (0.34%) टूटकर 65,393.90 और NSE Nifty 55.10 अंक (0.28%) की गिरावट के साथ 19,384.30 के लेवल पर बंद हुआ. आज यानी गुरुवार को भी बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. आज कुछ कंपनियों के जून तिमाही के नतीजे भी आ रहे हैं, जिसका असर भी बाजार पर पड़ सकता है.
मजबूत हुई TCS की स्थिति
दिग्गज IT कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (Tata Consultancy Services) के शेयरों पर आज नजर बनाए रखें. कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के परिणाम जारी कर दिए हैं और अच्छा-खासा मुनाफा कमाया है. TCS ने अप्रैल-जून तिमाही में 11,074 करोड़ का प्रॉफिट दर्ज किया है. इस तरह कंपनी के नेट प्रॉफिट में 16.8% का उछाल आया है. वहीं, कंपनी के रिवेन्यु में भी 12.5 प्रतिशत की तेजी आई है. यानी कंपनी की आर्थिक सेहत मजबूत हुई है और यह मजबूती उसके शेयरों में भी नजर आ सकती है. फिलहाल TCS का शेयर गिरावट के साथ 3,260.95 रुपए पर ट्रेड कर रहा है. बीते 5 दिनों में यह 1.50% टूट चुका है.
SpiceJet को लगेंगे पंख!
इसी तरह, एयरलाइन कंपनी SpiceJet के शेयरों में आज तेजी देखने को मिल सकती है. इसकी वजह है कंपनी को मिला प्रमोटर का साथ. स्पाइसजेट के प्रमोटर अजय सिंह (Ajay Singh) ने कंपनी की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए 500 करोड़ रुपए डालने की पेशकश की है. ये निवेश तरजीही आधार पर इक्विटी शेयर्स सब्सक्राइब करके या कन्वर्टिबल सिक्योरिटीज के जरिए किया जाएगा. कल स्पाइसजेट के शेयरों में 4.39% का उछाल देखने को मिला था. 31.16 के भाव पर मिल रहा ये शेयर बीते 5 दिनों में 1.96% और एक महीने में 10.81% ऊपर चढ़ चुका है. 500 करोड़ के ऑफर की खबर का असर कंपनी के शेयरों पर पड़ सकता है. लिहाजा, आज इस पर नजर बनाए रखें.
ब्रोकरेज फर्म की सलाह
वहीं, ब्रोकरेज फर्म ICICI Securities ने दो स्टॉक्स को बाय (Stock Buy) रेटिंग दी है. ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि दोनों शेयर बढ़िया रिटर्न दे सकते हैं. इसमें पहला स्टॉक मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड का है. ब्रोकरेज फर्म ने इसके लिए 983 रुपए का टार्गेट प्राइज निर्धारित किया है. बुधवार को यह स्टॉक गिरावट के साथ 740 रुपए पर बंद हुआ था. मोतीलाल ओसवाल का बाजार पूंजीकरण 10992.47 करोड़ रुपए है और यह एक मिडकैप कंपनी है. आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने रियल एस्टेट सेक्टर की कंपनी सोभा (Sobha) को भी खरीदने की सलाह दी है. इसके लिए टार्गेट प्राइज 891 रुपए रखा गया है. सोभा 1995 से रियल एस्टेट से जुड़े कारोबार का हिस्सा है. यह एक मिडकैप सेगमेंट की कंपनी है.
इनके आ रहे हैं नतीजे
आज यानी 13 जुलाई को कुछ कंपनियों के तिमाही नतीजे भी आने वाले हैं. इस लिस्ट में IT कंपनी WIpro, फेडरल बैंक, आदित्य बिड़ला मनी और टाटा मेटालिक्स शामिल हैं. ये कंपनियां जून तिमाही के नतीजे जारी करेंगी. इन नतीजों का असर कंपनियों के शेयरों पर भी पड़ सकता है. लिहाजा आज इन स्टॉक्स पर भी नजर बनाए रखें. बता दें कि 12 जुलाई को भारतीय बाजारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FPI) ने 1242.44 करोड़ रुपए की बिकवाली की है. जबकि घरेलू निवेशकों ने 436.71 करोड़ की खरीदारी की.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर और अपने विवेक के आधार पर ही निवेश करें).
टैग्स