होम / बिजनेस / आज ऐसा रहेगा मार्केट का मिजाज, इन शेयरों पर खेल सकते हैं दांव
आज ऐसा रहेगा मार्केट का मिजाज, इन शेयरों पर खेल सकते हैं दांव
शेयर बाजार में आज भी उतार-चढ़ाव का दौर देखने को मिल सकता है. निवेशकों की निगाहें RBI की बैठक पर हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
शेयर बाजार में बीते कुछ दिन नजर आई तेजी रुक गई है. इस हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को BSE सेंसेक्स 34 अंक की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ. हालांकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में जरूर 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त दर्ज की गई. अब ऐसे में यह सवाल अहम हो जाता है कि आज बाजार का मिजाज कैसा रहेगा? क्या वो तेजी के साथ ऊपर भागेगा या फिर लुढ़कर गिरावट के साथ बंद होगा? स्टॉक मार्केट के बारे में सटीक भविष्यवाणी मुश्किल होती है, लेकिन मौजूदा स्थितियों को देखकर यह कहा जा सकता है कि आज भी बाजार का रुख मिला-जुला रह सकता है.
RBI की बैठक पर नजर
शेयर बाजार में निवेश करने वालों की नजर इस समय रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की चल रही बैठक पर है. इस बैठक के नतीजे कल यानी 7 दिसंबर को सामने आएंगे. माना जा रहा है कि RBI एक बार फिर से नीतिगत ब्याज दरों में इजाफा कर सकता है. इस बैठक के फैसलों पर बाजार पर क्या रुख होगा, इन्वेस्टर इसी का इंतजार कर रहे हैं. इस कारण से बाजार का रुख आज भी मिला-जुला रह सकता है. बता दें कि सोमवार को अन्य एशियाई बाजार भी नरमी के साथ बंद हुए थे.
इनमें रह सकती है मजबूती
आज जो शेयर मजबूती दर्ज कर सकते हैं, उसमें JSW Energy, Avanti Feeds, Sequent Scientific, City Union Bank और Century Ply शामिल हैं. मोमेंटम इंडिकेटर मूविंग एवरेज कन्वर्जेंस डिवर्जेंस (MACD) ने इन शेयरों में तेजी का रुख दिखाया है. सिटी यूनियन के शेयर पिछले पांच दिनों से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. सोमवार को यह करीब ढाई प्रतिशत की तेजी के साथ 195.90 रुपए पर बंद हुआ. यह अपने 52 हफ्तों के हाई लेवल 199.95 रुपए के काफी करीब पहुंच गया है. JSW एनर्जी भी बढ़त के साथ फिलहाल 309.35 रुपए पर ट्रेड कर रहा है. इसी तरह, सेंचुरी प्लाई, अवंती सीड्स और Sequent Scientific भी हरे निशान पर चल रहा है. ये शेयर 97 रुपए पर ट्रेड कर रहा है.
आ रहा है ये आईपीओ
पुणे की ड्रोन कंपनी ड्रोन आचार्य एरियल इनोवेशन का आईपीओ आ रहा है. 13 दिसंबर को IPO खुलेगा और इसमें 15 दिसंबर तक निवेश किया जा सकता है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी आईपीओ के माध्यम से फ्रेश शेयर जारी करेगी और उसका लक्ष्य 34 करोड़ रुपए जुटाने का है. यदि आप IPO में निवेश करते हैं, तो यह आपके लिए एक अच्छा मौका हो सकता है. हालांकि, BW हिंदी सलाह देता है कि कोई भी निवेश करने से पहले पूरी रिसर्च कर लें, सोच-समझकर, पूरी जानकारी जुटाने के बाद ही कोई फैसला लें.
टैग्स