होम / बिजनेस / आज कैसा रहेगा बाजार का मिजाज, किन शेयरों पर लगा सकते हैं दांव? जानें सबकुछ
आज कैसा रहेगा बाजार का मिजाज, किन शेयरों पर लगा सकते हैं दांव? जानें सबकुछ
शेयर बाजार के लिए अच्छी बात यह है कि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) लगातार खरीदारी कर रहे हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
शेयर बाजार में शुक्रवार को मामूली गिरावट देखी गई थी. BSE Sensex करीब 416 अंक टूटकर 62,868.50 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान बीच में गिरावट थोड़ी ज्यादा थी, लेकिन बाजार बंद होते-होते सेंसेक्स संभल गया. यानी ब्लैक फ्राइडे वाली स्थिति नहीं बनी. इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE का निफ्टी भी 116.40 अंक की गिरावट के साथ 18,696.10 अंक पर बंद हुआ. आज भी बाजार से मिलीजुली प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है.
FPI कर रहे खरीददारी
शेयर बाजार के लिए अच्छी बात यह है कि लगातार दो महीनों तक बाजार से निकासी के बाद विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) फिर से खरीदारी कर रहे हैं. FPI ने नवंबर में भारतीय शेयर बाजार में शुद्ध रूप से 36,329 करोड़ रुपए का निवेश किया है. यह इस साल जुलाई, अगस्त के बाद यह तीसरा महीना है जब एफपीआई का निवेश प्रवाह सकारात्मक रहा है. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि इस महीने यानी कि दिसंबर में भी FPI इंडियन स्टॉक मार्केट में अच्छा-खासा निवेश करते रहेंगे. बता दें कि भारतीय शेयर बाजार की चाल काफी हद तक विदेशों निवेशकों के रुख पर निर्भर करती है. ऐसे में उनका यहां इन्वेस्ट करना, शुभ संकेत है.
इनमें आ सकती है तेजी
अब जानते हैं कि आज कौनसे शेयर खबरों में रह सकते हैं. फूड डिलीवरी कंपनी Zomato में भले ही उथल-पुथल चल रही हो, लेकिन कंपनी का शेयर तेजी से भाग रहा है. शुक्रवार को यह 3.15% तेजी के साथ 68.75 रुपए पर बंद हुआ. बीते पांच दिनों में इसने 7.00% का रिटर्न दिया है. हालांकि, यह अपने 52-वीक के उच्चतम स्तर 153.80 रुपए से काफी नीचे चल रहा है. आज भी इस शेयर में तेजी का रुख रह सकता है. इसके अलावा, Polycab India में भी मजबूती देखने को मिल सकती है. यह फिलहाल 2,676 रुपए पर ट्रेड कर रहा है.
इन पर भी रखें नजर
Paytm के शेयरों में पिछले कुछ वक्त से तेजी देखने को मिल रही है और इसके आज भी बरकरार रहने की उम्मीद है. शुक्रवार को यह 7.72% की बढ़त के साथ 539.75 रुपए पर बंद हुआ था. Finolex Industries Ltd के शेयर भी आज चढ़ सकते हैं. पिछले एक महीने में इसने 3.76% का रिटर्न दिया है और फिलहाल यह 162.80 पर ट्रेड कर रहा है. मोमेंटम इंडिकेटर मूविंग एवरेज कन्वर्जेंस डिवर्जेंस (MACD) ने इन सभी शेयरों में आज तेजी का रुख दिखाया है. साथ ही कुछ एक्सपर्ट्स SBI, ONGC और टाटा स्टील पर भी नजर रखने की सलाह दे रहे हैं.
टैग्स