होम / बिजनेस / आंखें रखें खुली, पैसा रखें तैयार; ये खबर वाले शेयर आज करा सकते हैं कमाई
आंखें रखें खुली, पैसा रखें तैयार; ये खबर वाले शेयर आज करा सकते हैं कमाई
शेयर बाजार में गुरुवार को भी तेजी देखने को मिली. आज यानी शुक्रवार को भी बाजार बढ़त के साथ बंद हो सकता है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
शेयर बाजार के लिए बीते कुछ दिन अच्छे रहे हैं. आज सप्ताह का आखिरी कारोबारी दिन है और उम्मीद है कि बाजार की तेजी बरकरार रह सकती है. गुरुवार को सेंसेक्स 762 अंक की तेजी के साथ 62,272.68 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया था. ऐसे में आज यानी शुक्रवार को सबकी नजरें बाजार की चाल पर बनी रहेंगी. कुछ शेयर हैं, जो आज खबरों में बने रह सकते हैं. यदि सोच-समझकर उनमें निवेश किया जाए, तो मुनाफा कमाया जा सकता है.
PNB पर लगा सकते हैं दांव
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) का शेयर आज खबरों में रह सकता है. दरअसल, PNB को यूटीआई एसेट मैनेजमेंट कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचने के लिए वित्त मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है. PNB की यूटीआई एएमसी में 15.22 फीसदी हिस्सेदारी है. माना जा रहा है कि इस मंजूरी का असर PNB के शेयरों पर भी देखने को मिले. इस सरकारी बैंक का शेयर गुरुवार को 0.89% की बढ़त के साथ 50.80 रुपए पर बंद हुआ था. पिछला रिकॉर्ड देखें, तो बीते 5 दिनों में ये शेयर 14.54% और एक महीने में 17.32% ऊपर चढ़ा है. जबकि एक साल में इसने 27.16% रिटर्न दिया है.
पोर्टफोलियो होगा मजबूत
इसी तरह, ट्यूब इनवेस्टमेंट्स ऑफ इंडिया का शेयर भी आज चर्चा में रह सकता है. कंपनी स्टार्टअप कंपनी X2Fuels and Energy में 50 फीसदी हिस्सेदारी 6.15 करोड़ रुपए में खरीदने जा रही है. इस डील से ट्यूब इनवेस्टमेंट्स ऑफ इंडिया का पोर्टफोलियो मजबूत होगा और इस मज़बूरी का असर उसके शेयरों पर भी देखने को मिल सकता है. फिलहाल कंपनी का शेयर 2,599 रुपए पर ट्रेड कर रहा है. पिछले छह महीनों में इसने 67.42% रिटर्न दिया है. जबकि बीते 5 दिनों में यह 0.15% ऊपर चढ़ा है.
लॉरस लैब्स को मिलेगा फायदा
फार्मा कंपनी लॉरस लैब्स के शेयरों में भी आज तेजी का रुख रह सकता है. दरअसल, कंपनी ने 24 नवंबर को ऐलान किया है कि वो Ethan Energy India में 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने जा रही है. लॉरस लैब्स Ethan Energy India के कुल 7,40,000 शेयर खरीदेगी. लॉरस लैब्स ने 30 सितंबर, 2022 को समाप्त तिमाही में समेकित शुद्ध लाभ में सालाना आधार पर 14 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है. माना जा रहा है कि इस डील से शेयर बाजार में कंपनी के शेयर उछाल मार सकते हैं. गुरुवार को कंपनी के शेयर गिरावट के साथ 450 रुपए पर बंद हुए थे.
इन शेयरों पर भी रखें नजर
जिन अन्य शेयरों में आज तेजी देखने को मिल सकती है उसमें Hariom Pipe, Biocon, Apollo Hospitals, HCL Tech और Hindalco शामिल हैं. बता दें कि विदेशी निवेशकों ने फिर से भारतीय शेयर बाजार में निवेश करना शुरू कर दिया था. कुछ वक्त पहले जब वह पैसा निकाल रहे थे, तो बाजार नीचे गिर रहा था. अब एक बार फिर से उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था पर भरोसा जताते हुए निवेश शुरू कर दिया है.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'बिज़नेस वर्ल्ड हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर और अपने विवेक के आधार पर ही निवेश करें)
टैग्स