होम / बिजनेस / RVNL को मिला ₹447 करोड़ का मेट्रो प्रोजेक्ट, बनाएगी 7 स्टेशन; जानिए शेयर का हाल
RVNL को मिला ₹447 करोड़ का मेट्रो प्रोजेक्ट, बनाएगी 7 स्टेशन; जानिए शेयर का हाल
सरकारी रेलवे कंपनी RVNL को दिल्ली मेट्रो फेज-IV के तहत 447 करोड़ रुपये का नया ठेका मिला है, जिससे कंपनी की परियोजना क्षमता और सरकारी भरोसे को मजबूती मिली है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 11 months ago
सरकारी कंपनी रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) को दिल्ली मेट्रो फेज-IV के तहत 447 करोड़ रुपये का नया ठेका मिला है. इस प्रोजेक्ट में कंपनी 7.29 किलोमीटर लंबा वायाडक्ट और सात नए मेट्रो स्टेशनों का निर्माण करेगी. यह निर्माण कार्य लाजपत नगर से जी ब्लॉक कॉरिडोर के बीच होगा, जिसमें प्रमुख स्टेशन शामिल हैं.
दिल्ली मेट्रो से मिला बड़ा कॉन्ट्रैक्ट
RVNL को दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) से जो कॉन्ट्रैक्ट मिला है, उसकी कुल लागत 447 करोड़ रुपये है. इस ठेके के अंतर्गत कंपनी सात मेट्रो स्टेशनों के साथ-साथ प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग स्ट्रक्चर का भी निर्माण करेगी. यह कार्य 36 महीनों में पूरा किया जाएगा. प्रस्तावित स्टेशन पुष्प विहार, साकेत डिस्ट्रिक्ट कोर्ट, पुष्प भवन, चिराग दिल्ली, ग्रेटर कैलाश-I, एंड्रयूज गंज और लाजपत नगर हैं.
हाल ही में मिला था सेंट्रल रेलवे का भी प्रोजेक्ट
इससे पहले RVNL को सेंट्रल रेलवे से 143 करोड़ रुपये का एक और ठेका मिला था. इसमें कंपनी को सलेम जंक्शन-पोदनूर जंक्शन और इरुगुर-कोयंबटूर-पोदनूर सेक्शन में इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम को 1x25kV से 2x25kV में अपग्रेड करना है. इस प्रोजेक्ट को कंपनी को 24 महीनों के भीतर पूरा करना होगा.
पिछले 5 साल में दिया 1880% का जबरदस्त रिटर्न
RVNL ने बीते पांच वर्षों में अपने निवेशकों को जबरदस्त मुनाफा दिया है. कंपनी के शेयरों ने पांच साल में 1880 फीसदी और पिछले तीन साल में 1441 फीसदी का रिटर्न दिया है. हालांकि, बीते एक साल की बात करें तो इसमें 39 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है, जिससे अल्पकालिक निवेशकों को थोड़ा नुकसान झेलना पड़ा है.
शेयर बाजार में कंपनी का प्रदर्शन
14 जुलाई 2025 को RVNL का शेयर 0.17 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 382 रुपये पर बंद हुआ. कंपनी का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन 79,710 करोड़ रुपये है. बीते 52 हफ्तों के दौरान कंपनी के शेयर ने 639 रुपये का उच्चतम स्तर और 295 रुपये का न्यूनतम स्तर छुआ है. वर्तमान में RVNL का प्राइस-टू-अर्निंग (P/E) अनुपात 62.2 है, जबकि प्रति शेयर बुक वैल्यू 45.9 रुपये है. इसके शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है.
क्या करती है RVNL?
रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) की स्थापना वर्ष 2003 में भारत सरकार द्वारा की गई थी. यह कंपनी रेल मंत्रालय की ओर से रेलवे से जुड़ी निर्माण परियोजनाओं को क्रियान्वित करती है. RVNL और इसकी सहयोगी कंपनियां निम्नलिखित कार्यों में सक्रिय हैं:
- रेलवे लाइनों का दोबारा बिछाना
- छोटी लाइन को ब्रॉड गेज में बदलना
- नई रेल लाइनों का निर्माण
- इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम लगाना
- बड़े पुल, वर्कशॉप्स और फैक्ट्रियों का निर्माण
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर, अपने विवेक के आधार पर और किसी सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह के बाद ही निवेश करें, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है.)
टैग्स