होम / बिजनेस / आने वाला है देश की पहली डिपॉजिटरी फर्म का IPO! जानें इसके बारे में सबकुछ
आने वाला है देश की पहली डिपॉजिटरी फर्म का IPO! जानें इसके बारे में सबकुछ
यदि आप आईपीओ में निवेश करते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. NSDL अपना आईपीओ लाने की तैयारी में है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड यानी NSDL जल्द ही अपना आईपीओ लॉन्च कर सकती है. एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि देश की पहली डिपॉजिटरी सर्विस फर्म NSDL अगले साल IPO लाने की तैयारी में जुटी है. हालांकि, इस संबंध में NSDL की तरफ से अब तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है. माना जा रहा है कि 2023 की शुरुआत में NSDL का आईपीओ आ सकता है. लिहाजा, यदि आप आईपीओ में इन्वेस्ट करते हैं, तो यह एक बेहतरीन मौका हो सकता है.
IDBI बैंक की भी हिस्सेदारी
रिपोर्ट में बताया गया है कि इस इश्यू के लिए NSDL 7 इनवेस्टमेंट बैंक को चुन सकता है. NSDL में IDBI Bank और NSE का भी पैसा लगा हुआ है. यह भी कहा जा रहा है कि NSDL का IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) हो सकता है. इस दौरान IDBI Bank अपनी हिस्सेदारी बेच सकता है. इस साल जून तक इस डिपॉजिटरी सर्विस फर्म में IDBI Bank की कुल हिस्सेदारी 26.1% थी. जबकि NSE की करीब 24 प्रतिशत. इसके अलावा, HDFC Bank सहित कुछ अन्य फर्म की भी इसमें हिस्सेदारी है.
3000 करोड़ का लक्ष्य
NSDL के IPO साइज क्या होगा, इस बारे में खास जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन रिपोर्ट की मानें तो कंपनी की योजना 2500-3000 करोड़ रुपए जुटाने की है. NSDL इश्यू के लिए अगले साल फरवरी में मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास पेपर जमा कर सकती है. वहीं, ड्रोन कंपनी ड्रोन आचार्य एरियल इनोवेशन का आईपीओ भी आ रहा है.13 दिसंबर को यह IPO खुलेगा और इसमें 15 दिसंबर तक निवेश किया जा सकता है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी आईपीओ के माध्यम से फ्रेश शेयर जारी करेगी और उसका लक्ष्य 34 करोड़ रुपए जुटाने का है.
क्या है NSDL?
नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड निवेशकों के शेयर होल्ड करने और ट्रांसफर करने का काम करती है. सरल शब्दों में कहें, तो जिस प्रकार हमारा पैसा बैंकों में सुरक्षित रहता है, उसी तरह हमारे के शेयर, बांड, डिबेंचर या प्रतिभूतियां NSDL में इलेक्ट्रॉनिक फॉर्म में सुरक्षित जमा रहती हैं. NSDL देश की सबसे पहली और सबसे बड़ी डिपॉजिटरी है. इसकी स्थापना का मुख्य उद्देश्य था कि कागजी कार्रवाई से होने वाली परेशानियों और खामियों से छुटकारा दिलाना.
टैग्स