होम / बिजनेस / LIC को लेकर ये बड़ा बदलाव करने जा रही है सरकार, कंपनी के इतिहास में पहली बार होगा ऐसा
LIC को लेकर ये बड़ा बदलाव करने जा रही है सरकार, कंपनी के इतिहास में पहली बार होगा ऐसा
देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC को लेकर सरकार एक योजना पर काम कर रही है. इसके तहत चेयरमैन का पद समाप्त किया जा सकता है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
भारतीय जीवन निगम लिमिटेड (LIC) को जल्द ही अपना पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ मिल सकता है. मोदी सरकार प्राइवेट सेक्टर से जुड़े किसी अधिकारी को LIC का सीईओ नियुक्त करने पर विचार कर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सरकार LIC को मॉर्डन ट्रैक पर लाना चाहती है और इसके लिए प्राइवेट सेक्टर के किसी प्रोफेशनल को इसका CEO बनाया जा सकता है.
खत्म हो जाएगा चेयरमैन का पद
मीडिया रिपोर्ट्स में एक सरकारी अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि मोदी सरकार LIC के सीईओ की नियुक्ति के लिए पात्रता मानदंड को व्यापक बनाने की योजना पर काम कर रही है, ताकि निजी क्षेत्र के उम्मीदवार आवेदन कर सकें. मौजूदा व्यवस्था के तहत LIC चेयरमैन के नेतृत्व में काम करती है, लेकिन मार्च के बाद इस पद को समाप्त कर दिया जाएगा. इस समय एमआर कुमार LIC के चेयरमैन हैं, उनका कार्यकाल अगले साल मार्च में समाप्त हो रहा है. इसी के साथ सरकार यह पद भी समाप्त कर देगी.
66 साल के इतिहास में पहली बार
अपन इस योजना को अमल में लाने के लिए सरकार ने पिछले साल एलआईसी को नियंत्रित करने वाले कानून में बदलाव किए गए थे. अगर सरकार इस फैसले को लागू करती है, तो एलआईसी के 66 साल के इतिहास में पहली बार कंपनी को कोई सीईओ मिलेगा. हालांकि, एलआईसी और उसकी निगरानी करने वाले वित्त मंत्रालय की ओर से इस बारे में अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. बता दें कि एलआईसी 500.69 बिलियन डॉलर का प्रबंधन करती है.
शेयरधारकों को मिलेंगे अच्छे संकेत
रिपोर्ट में एक अन्य अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि सरकार के इस कदम से शेयरधारकों को अच्छे संकेत मिलेंगे. LIC पिछले साल मई में स्टॉक मार्केट में सूचीबद्ध हुई थी, तब से उसके शेयरों में नरमी देखने को मिल रही है. एलआईसी का शेयर भाव अब तक आईपीओ इश्यू प्राइज को नहीं छू पाया है. इसमें इश्यू प्राइज से 30% तक की गिरावट आई है. वहीं, इन्वेस्टर्स की संपत्ति में लगभग 24.31 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है. आज यानी गुरुवार को LIC के शेयर 1.05% की बढ़त के साथ 661.05 रुपए पर बंद हुए.
टैग्स