होम / बिजनेस / रेलवे सख्त : अब ट्रेन में भी लागू होंगे फ्लाइट जैसे लगेज नियम, ज्यादा सामान पर लगेगा जुर्माना
रेलवे सख्त : अब ट्रेन में भी लागू होंगे फ्लाइट जैसे लगेज नियम, ज्यादा सामान पर लगेगा जुर्माना
अब ट्रेन में सफर करने के लिए सिर्फ टिकट ही नहीं, बैग का वजन और साइज भी नियमों के दायरे में लाना होगा.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 10 months ago
अगर आप भी ट्रेन में सफर करते वक्त भारी-भरकम बैग साथ लेकर चलते हैं, तो अब सतर्क हो जाइए. दरअसल, रेलवे यात्रियों के सामान को लेकर अब एयरपोर्ट जैसी सख्ती करने जा रहा है. तय सीमा से अधिक सामान ले जाने पर अब आपको जुर्माना भरना पड़ेगा. रेल मंत्रालय के अनुसार, अब यात्रियों के बैग का वजन रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक मशीनों से तौला जाएगा. अगर वजन तय सीमा से अधिक हुआ, तो तत्काल जुर्माना लगाया जाएगा. तो आइए इस नियम के बारे में विस्तार से जानते हैं.
कहां से शुरू होगी यह व्यवस्था?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह नई व्यवस्था पहले चरण में प्रयागराज, मिर्जापुर, कानपुर और अलीगढ़ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर लागू की जा रही है. यहां इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीनें लगाई जा रही हैं, जिनसे यात्रियों का सामान चेक किया जाएगा.
किस क्लास में कितना सामान ले जा सकते हैं?
रेलवे पहले से ही प्रत्येक यात्री वर्ग के लिए सामान की सीमा तय कर चुका है, लेकिन अब इसे सख्ती से लागू किया जाएगा.
क्लास फ्री लिमिट अतिरिक्त छूट पार्सल वैन बुकिंग
फर्स्ट AC 70 किलो 15 किलो 65 किलो
सेकंड AC 50 किलो 10 किलो 30 किलो
थर्ड AC / चेयर कार 40 किलो 10 किलो 30 किलो
स्लीपर क्लास 40 किलो 10 किलो 70 किलो
जनरल / सेकंड क्लास 35 किलो 10 किलो 60 किलो
बैग का साइज भी होगा नियंत्रित
सिर्फ वजन ही नहीं, बैग का साइज भी निर्धारित सीमा में होना जरूरी होगा. रेलवे द्वारा सामान्य बैग का साइज 100 x 60 x 25 सेमी व थर्ड AC और चेयर कार 55 x 45 x 22.5 सेमी निर्धारित किया गया है. अगर बैग इन सीमाओं से बड़ा हुआ तो उसे ब्रेक वैन से भेजना होगा, और इसके लिए कम से कम ₹30 शुल्क लिया जाएगा.
बच्चों और भारी बैग वालों के लिए नियम
1. 5 से 12 साल के बच्चों को वयस्कों की तुलना में आधी वजन छूट मिलेगी.
2. 50 किलो से अधिक वजन किसी भी यात्री को ले जाने की अनुमति नहीं होगी.
3, अगर कोई यात्री अपने बैग से पैसेज ब्लॉक करता है या दूसरों को असुविधा पहुंचाता है, तो उस पर फाइन लगाया जाएगा.
तय सीमा से ज्यादा सामान? लगेगा अतिरिक्त चार्ज
अगर कोई यात्री फ्री लिमिट से ज्यादा सामान ले जाता है, तो 1.5 गुना शुल्क देना होगा (नॉर्मल बुकिंग रेट से), न्यूनतम चार्ज ₹30 से शुरू होगा. इसकी गणना 10 किलो वजन और 50 किलोमीटर दूरी से होगी. रेलवे का कहना है कि यह नियम यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं, विशेषकर त्योहारों और छुट्टियों के दौरान, जब भीड़ सबसे अधिक होती है.
भारी सामान? पहले से कराएं बुकिंग
अगर आप ट्रेन में साइकिल, स्कूटर या अन्य भारी सामान ले जाना चाहते हैं, तो इसके लिए अलग से पार्सल बुकिंग जरूरी होगी. आखिरी समय में असुविधा से बचने के लिए बेहतर होगा कि आप पहले से रेलवे के पार्सल कार्यालय में जाकर बुकिंग करवा लें.
टैग्स