होम / बिजनेस / पैसा रखें तैयार, कल आने वाला है इस कैश मैनेजमेंट कंपनी का IPO
पैसा रखें तैयार, कल आने वाला है इस कैश मैनेजमेंट कंपनी का IPO
यदि आप पहले किसी आईपीओ में निवेश करने से चूक गए थे, तो आपके लिए एक और मौका आ रहा है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
आईपीओ यानी इनिशियल पब्लिक ऑफर में निवेश करने वालों के लिए अच्छी खबर है. रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज (Radiant Cash Management Services) का IPO कल यानी 23 दिसंबर को आने वाला है. कंपनी ने इसके लिए 94-99 रुपए प्रति शेयर का प्राइज बैंड तय किया है. रेडियंट का IPO 23 दिसंबर को खुलकर 27 दिसंबर को बंद होगा. IPO में 60 करोड़ रुपए तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे. इसके अलावा, कंपनी के प्रमोटर्स और इन्वेस्टर्स द्वारा 3.31 करोड़ शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी.
इतना है लॉट साइज
रेडियंट कैश मैनेजमेंट आईपीओ का लॉट साइज 150 शेयरों का है. यानी निवेशक न्यूनतम इतने शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं. OFS के तहत कंपनी के प्रमोटर डेविड देवसहायम 1.01 करोड़ शेयर और निवेशक एसेंट कैपिटल एडवाइजर्स इंडिया 2.3 करोड़ शेयर बेचेंगे. एसेंट कैपिटल ने 2015 में कंपनी में 30% से ज्यादा हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया था. जबकि डेविड देवसाहयम के पास कंपनी में 58 फीसदी हिस्सेदारी है. आईपीओ से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल संबंधी जरूरतों के लिए किया जाएगा.
कंपनी के बारे में
रेडियंट बैंकों, वित्तीय संस्थानों, ऑर्गेनाइज्ड रिटेल और ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए कैश मैनेजमेंट सर्विसेज से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करती है. कंपनी की उपस्थिति लक्षद्वीप को छोड़कर देश के लगभग सभी जिलों में है. रेडियंट को नेटवर्क लोकेशन के मामले में रिटेल कैश मैनेजमेंट सेगमेंट की सबसे बड़ी कंपनी माना जाता है. मुनाफे की बात करें, तो पिछले वर्ष की तुलना में मार्च 2022 में इसमें 18 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इसके अलावा, इस अवधि में कंपनी के रिवेन्यु में भी 29% उछाल देखने को मिला है. रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज के कुछ प्रमुख क्लाइंट्स में एक्सिस बैंक, ड्यूश बैंक लिमिटेड, सिटी बैंक, HDFC बैंक लिमिटेड, ICICI बैंक, यस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और SBI शामिल हैं.
IPO क्या होता है?
Initial Public Offer यानी IPO, जब कोई कंपनी इक्विटी मार्केट से यानी शेयर बाजार से पैसे जुटाना चाहती है तो उसके पास बहुत से तरीके होते हैं. उसी में से एक तरीका होता है IPO. जब कोई कंपनी पहली बार अपने शेयर पब्लिक में बेचने के लिए ऑफर करती है, तो उसे Initial Public Offer या IPO कहते हैं. ये शेयर BSE और NSE जैसे स्टॉक एक्सचेंज के जरिए निवेशकों की खरीद के लिए रखे जाते हैं. जब ये शेयर निवेशकों द्वारा खरीद लिए जाते हैं तो वो कंपनी स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट हो जाती है और प्राइवेट से पब्लिक लिस्टेड कंपनी बन जाती है.
टैग्स