होम / बिजनेस / D-Mart वाले Damani ने 700 करोड़ में खरीद डाली ये कंपनी, ऐसे उठाएंगे फायदा
D-Mart वाले Damani ने 700 करोड़ में खरीद डाली ये कंपनी, ऐसे उठाएंगे फायदा
राधाकिशन दमानी की गिनती दिग्गज इन्वेस्टर्स में होती है. उन्होंने कई कंपनियों में पैसा लगाया हुआ है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
D-Mart की पैरेंट कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स के फाउंडर राधाकिशन दमानी (Radhakishan Damani) ने एक और बड़ा दांव खेला है. दमानी ने ब्यूटी एवं पर्सनल केयर रिटेल चेन हेल्थ एंड ग्लो (Health and Glow) को खरीद लिया है. यह डील 700-750 करोड़ रुपए में हुई है. अब तक Health and Glow का मालिकाना हक राजन रहेजा और हेमेंद्र कोठारी के पास था. बेंगलुरु स्थित इस कंपनी के पोर्टफोलियो में कई प्रोडक्ट्स हैं और देश के कई शहरों में इसके 175 से ज्यादा स्टोर्स हैं.
दूसरा सबसे बड़ा अधिग्रहण
हेल्थ एंड ग्लो को राधाकिशन दमानी का दूसरा सबसे बड़ा अधिग्रहण माना जा रहा है. इससे पहले उन्होंने 2015 में बॉम्बे स्वदेशी स्टोर्स को अपना बनाया था. दमानी की गिनती दिग्गज निवेशकों में होती है. उन्होंने कई कंपनियों में इन्वेस्ट किया हुआ है. इसके अलावा, वह Dमार्ट के विस्तार पर भी तेजी से काम कर रहे हैं. उनकी योजना आने वाले समय में DMart के कई और स्टोर्स खोलने की है. गौरतलब है कि Dmart सस्ते सामान के लिए ग्राहकों के बीच प्रसिद्ध है.
दमानी ने इसलिए लगाया दांव
ब्यूटी एवं पर्सनल केयर रिटेल चेन हेल्थ एंड ग्लो की स्थापना 1997 में हुई थी. इसका पहला फिजिकल स्टोर चेन्नई में खोला गया था. तब से लेकर अब तक इसने बेंगलुरु, मंगलुरु, पुणे, मुंबई, कोलकाता, भोपाल, भुवनेश्वर और हैदराबाद सहित कई शहरों में 175 से ज्यादा स्टोर्स खोल लिए हैं. वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी का रिवेन्यु 200 करोड़ रुपए रहा था और उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी की बिक्री 370 करोड़ के आंकड़े को छू सकती है. दमानी ने बेहद सोच-समझकर इस कंपनी पर दांव लगाया है. दरअसल, भारत का ब्यूटी एंड पर्सनल केयर बाजार 2023 के अंत तक 18.3 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है. ऐसे में दमानी इस सेक्टर में एंट्री के साथ मोटा मुनाफा कमाना चाहते हैं.
कई जगह लगाया है पैसा
वहीं, अब तक हेल्थ एंड ग्लो को संभाल रहे राजन रहेजा और हेमेंद्र कोठारी की बात करें, तो दोनों ने अलग-अलग जगह काफी इन्वेस्टमेंट किया हुआ है. राजन सीमेंट, टाइल्स, फाइनेंशियल सर्विसेज और ऑटोमोटिव सेक्टर में कारोबार करते हैं और उनके पास एक्साइड बैटरीज का स्वामित्व भी है. इसके अलावा उनकी लिस्टेड कंपनी प्रिज्म जॉनसन और ऑस्ट्रेलिया की QBI इंश्योरेंस का एक ज्वाइंट वेंचर भी है, जिसका नाम रहेजा क्यूबीई जनरल इंश्योरेंस है. साथ ही वह आउटलुक पब्लिशिंग ग्रुप के भी मालिक हैं. इसी तरह, हेमेंद्र कोठारी डीएसपी इंवेस्टमेंट मैनेजर्स के प्रमुख हैं. इस कंपनी का एसेट अंडर मैनेजमेंट लगभग 15 अरब डॉलर का है. कोठारी ने 2008 में ब्लैकरॉक के साथ पार्टनरशिप में इस कंपनी की शुरुआत की थी, लेकिन बाद में उन्होंने ब्लैकरॉक की हिस्सेदारी भी खरीद ली.
टैग्स