होम / बिजनेस / टैरिफ का दबाव या Q1 नतीजों का सहारा? आज इन संकेतों से तय होगी शेयर बाजार की चाल
टैरिफ का दबाव या Q1 नतीजों का सहारा? आज इन संकेतों से तय होगी शेयर बाजार की चाल
बीते कारोबारी सत्र यानी शुक्रवार को सेंसेक्स 331.62 अंक यानी 0.43% गिरकर 76,059.77 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 102.15 अंक फिसलकर 23,767.45 पर पहुंच गया था.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 44 minutes ago
भारतीय शेयर बाजार के लिए नया कारोबारी सप्ताह कई अहम घरेलू और वैश्विक घटनाक्रमों के बीच शुरू होने जा रहा है. पिछले सप्ताह लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए बाजार पर इस सप्ताह भी दबाव बने रहने की आशंका है. निवेशकों की नजर अमेरिका के नए टैरिफ, पश्चिम एशिया में जारी तनाव, कच्चे तेल की कीमतों, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति बैठक और जून तिमाही के कॉर्पोरेट नतीजों पर रहेगी.
बीते कारोबारी सत्र यानी शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) सेंसेक्स 331.62 अंक यानी 0.43% गिरकर 76,059.77 पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE)निफ्टी 102.15 अंक फिसलकर 23,767.45 पर आ गया. कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 900 अंक तक टूट गया था. पूरे सप्ताह में सेंसेक्स 2,091.68 अंक (2.67%) और निफ्टी 566.85 अंक (2.32%) लुढ़क गया.
अमेरिकी टैरिफ और वैश्विक संकेतों पर रहेगी नजर
बाजार पर सबसे बड़ा दबाव अमेरिका के उस फैसले का रहा, जिसमें भारत समेत 17 देशों से आयात होने वाले कुछ उत्पादों पर 10% टैरिफ लगाने का ऐलान किया गया है. इस कदम से वैश्विक व्यापार और भारतीय निर्यात पर असर की आशंका बढ़ी है. ऐसे में सप्ताह के पहले कारोबारी दिन निवेशकों की नजर इस घटनाक्रम से जुड़े आगे के संकेतों पर रहेगी.
इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति बैठक भी बाजार के लिए अहम रहेगी. ब्याज दरों में बदलाव की संभावना कम है, लेकिन महंगाई और आर्थिक वृद्धि पर फेड की टिप्पणी वैश्विक बाजारों की दिशा तय कर सकती है. वहीं, पश्चिम एशिया में तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित करेंगे.
Q1 नतीजों से बढ़ेगी बाजार में हलचल
घरेलू मोर्चे पर जून तिमाही (Q1 FY27) के नतीजों का सिलसिला जारी रहेगा. इस सप्ताह Coal India, BEL, Larsen & Toubro, Hindustan Unilever, Adani Enterprises, Asian Paints, Adani Ports, Bajaj Finance, Mahindra & Mahindra, Tata Steel, Maruti Suzuki, ITC और Sun Pharma जैसी दिग्गज कंपनियां अपने तिमाही नतीजे जारी करेंगी. इनके प्रदर्शन का असर संबंधित सेक्टरों और बाजार की चाल पर देखने को मिल सकता है. इसके अलावा निवेशकों की नजर जून महीने के औद्योगिक उत्पादन (IIP) के आंकड़ों, विदेशी निवेशकों (FII) की गतिविधियों, रुपये की चाल और वैश्विक बाजारों के रुख पर भी रहेगी.
आज इन शेयरों पर रहेगी खास नजर
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, कॉर्पोरेट अपडेट्स के चलते आज कई शेयर फोकस में रह सकते हैं. Waaree Renewable Technologies को दो बड़े सोलर प्रोजेक्ट्स के ऑर्डर मिले हैं, जबकि NBCC को ₹108.85 करोड़ के नए वर्क ऑर्डर प्राप्त हुए हैं. Landmark Cars को अहमदाबाद में नया MG Experia शोरूम खोलने के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) मिला है.
वहीं, Bank of Baroda ने विदेशी बाजार से फंड जुटाने की सीमा बढ़ाने का फैसला किया है. Indo Tech Transformers को NTPC से बड़ा ऑर्डर मिला है. IDFC First Bank ने ₹20,000 करोड़ तक पूंजी जुटाने की मंजूरी दी है, जबकि Sarda Energy ने ₹300 करोड़ के पूंजीगत निवेश को मंजूरी दी है. इसके अलावा Shadowfax Technologies में बड़ी ब्लॉक डील हुई है. Caliber Mining & Logistics और Gandhar Oil Refinery में विदेशी व संस्थागत निवेशकों ने हिस्सेदारी खरीदी है. दूसरी ओर, HDFC Bank ने 25 अगस्त को अपने 1 अरब डॉलर के AT1 बॉन्ड्स को रिडीम करने का फैसला किया है. इन घटनाक्रमों के चलते इन शेयरों में आज अच्छी-खासी हलचल देखने को मिल सकती है.
पिछले सत्र में इन शेयरों पर रहा दबाव
शुक्रवार को सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए. Eternal, Bajaj Finance, Mahindra & Mahindra, Bharti Airtel, Infosys, Asian Paints, Tata Steel और Sun Pharma में सबसे ज्यादा बिकवाली रही. वहीं HCL Tech, ITC, Axis Bank, Trent, Maruti Suzuki, Reliance Industries, TCS और Kotak Mahindra Bank ने बाजार को कुछ सहारा दिया.
विश्लेषकों का मानना है कि पिछले सप्ताह की तेज गिरावट के बाद इस सप्ताह बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. ऐसे में निवेशकों को वैश्विक घटनाक्रमों के साथ-साथ कंपनियों के तिमाही नतीजों और प्रमुख कॉर्पोरेट अपडेट्स पर पैनी नजर रखनी होगी.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर, अपने विवेक के आधार पर और किसी सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह के बाद ही निवेश करें, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है.)
टैग्स