होम / बिजनेस / मुनाफा कमा रही Nykaa का हर दांव फेल, इन्वेस्टर्स के साथ इस बड़े अधिकारी ने भी छोड़ा साथ
मुनाफा कमा रही Nykaa का हर दांव फेल, इन्वेस्टर्स के साथ इस बड़े अधिकारी ने भी छोड़ा साथ
शेयर बाजार में ब्यूटी फैशन रिटेलर कंपनी नायका का प्रदर्शन बिगड़ता जा रहा है. इस बीच उसके चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर ने भी इस्तीफा दे दिया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
ब्यूटी फैशन रिटेलर Nykaa अच्छा मुनाफा कमा रही है. बीते दिनों उसने बोनस शेयर देने की घोषणा भी की थी, लेकिन इसके बावजूद उसके शेयरों में बिकवाली का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है. सीधे शब्दों में कहें तो कंपनी के निवेशक उससे बाहर निकलने के लिए लगातार शेयर बेच रहे हैं. इस वजह से नायका के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है. मंगलवार को भी कंपनी के शेयर करीब साढ़े 4 फीसदी गिरकर बंद हुए. इस तरह शेयरधारकों का कंपनी से विश्वास उठाना, नायका और उसकी फाउंडर फाल्गुनी नायर दोनों के लिए चिंता की बात है. इस बीच, Nykaa कंपनी के CFO अरविंद अग्रवाल ने इस्तीफा दे दिया है.
अब क्या करेंगे रविंद अग्रवाल?
चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) अरविंद अग्रवाल 25 नवंबर को कार्यमुक्त हो जाएंगे. अग्रवाल जुलाई, 2020 में नायका से जुड़े थे और पिछले साल आए कंपनी के IPO में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी. नायका से पहले वह अमेजन में कार्यरत थे. ऐसे समय में कब कंपनी शेयर बाजार में खराब प्रदर्शन से जूझ रही है, अग्रवाल का इस्तीफा फाल्गुनी नायर के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है. अरविंद अग्रवाल अब डिजिटल इकॉनमी और स्टार्टअप क्षेत्र में अन्य अवसरों की तलाश करेंगे.
मौजूदा गिरावट की वजह
नायका के शेयरों में मौजूदा गिरावट निजी इक्विटी फर्म लाइटहाउस इंडिया के एक ब्लॉक डील की खबर से आई है. एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लाइटहाउस इंडिया नायका के 1.8 करोड़ शेयर बेच दिए है. 12 नवंबर तक कंपनी के पास Nykaa में 2.04 फीसदी हिस्सेदारी थी, यानी उसके पास 5.81 करोड़ से कुछ अधिक शेयर थे. जिसमें से कंपनी ने 320 करोड़ रुपए के शेयर बेच दिए हैं. इस खबर ने नायका के शेयरों को काफी नुकसान पहुंचाया है. माना जा रहा है कि नायका के शेयरों में बिक्री का दौर अभी जारी रह सकता है.
इन्होंने भी खींचा हाथ
10 नवंबर को नायका के प्री-IPO निवेशकों के लिए लॉक-इन पीरियड खत्म हो गया था, इसके बाद से कंपनी के शेयरों की बिक्री में तेजी देखी गई है. गौरतलब है कि लॉक-इन पीरियड के दौरान प्री-IPO निवेशकों के लिए कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचने पर रोक रहती है. अमेरिकी इनवेस्टमेंट फर्म TPG Capital भी नायका से हाथ खींच चुकी है. इसी तरह, विदेशी निवेशक माला गोपाल गांवकर ने नायका का साथ छोड़ दिया है. उन्होंने 1,009 करोड़ रुपए के शेयर बेच दिए हैं. यह सबकुछ तब हो रहा है जब कंपनी अच्छा मुनाफा कमा रही है.
नायर को था अहसास
नायका के लॉक-इन में करीब 67 फीसदी शेयर थे. फाल्गुनी नायर को यह अहसास हो गया था कि लॉक इन पीरियड खत्म होते है बिकवाली देखने को मिलेगी. इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनी के बोर्ड ने 5:1 के रेश्यो पर बोनस शेयर देने का ऐलान किया था. कंपनी को उम्मीद थी कि बोनस शेयर देकर निवेशकों को बिकवाली से रोका जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इन्वेस्टर्स लगातार नायका के शेयर बेच रहे हैं और कंपनी का स्टॉक मार्केट में प्रदर्शन कमजोर हो रहा है.
काफी बढ़ा है मुनाफा
Nykaa ने मौजूदा वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 5.19 करोड़ रुपए का मुनाफा दर्ज किया है, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1.17 करोड़ रुपए था. वहीं, नायका का कंसॉलिडेटेड रिवेन्यू सितंबर तिमाही के दौरान 1,230.8 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 885.26 करोड़ रुपए था. गौरतलब है कि कंपनी का आईपीओ हिट रहा था, लेकिन बाद में उसके शेयरों में गिरावट का दौर शुरू हो गया. पिछले पांच दिनों में कंपनी के शेयरों में 6.24% की गिरावट दर्ज की गई है.
टैग्स