होम / बिजनेस / कच्चा तेल ही नहीं इस पर भी डिस्काउंट दे रहा है रूस, बन गया सबसे बड़ा सप्लायर
कच्चा तेल ही नहीं इस पर भी डिस्काउंट दे रहा है रूस, बन गया सबसे बड़ा सप्लायर
रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद भारत ने सस्ते दामों में रूस से कच्चा तेल खरीदा है. इसके लिए भारत ने अमेरिका के विरोध को भी दरकिनार कर दिया.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद से भारत बड़े पैमाने पर रूस से कच्चा तेल मंगा रहा है. इसकी वजह है बंपर डिस्काउंट. अब यह भी सामने आया है कि मॉस्को केवल क्रूड ऑयल ही नहीं बल्कि फर्टिलाइजर पर भी छूट दे रहा है और इस कारण वह उर्वरक यानी फर्टिलाइजर की आपूर्ति में भारत का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता बनकर उभरा है.
ऐसे हासिल की ये पोजीशन
मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि वित्त वर्ष 2022-23 की पहली छमाही में रूस उर्वरक की आपूर्ति में भारत का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता बन गया है. रिपोर्ट्स में उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि वैश्विक बाजार की दरों पर रूस ने डिस्काउंट ऑफर करके यह पोजीशन हासिल की है और वह बाजार के आकार के पांचवें हिस्से के बराबर कारोबार पर कब्जा कर चुका है.
1.6 अरब डॉलर का आयात
इस वित्त वर्ष की शुरुआत के 6 महीने में रूस से भारत को उर्वरकों का आयात 371 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 21.5 लाख टन पर पहुंच चुका है. मूल्य के हिसाब से देखें तो इस अवधि में यह 765 प्रतिशत बढ़कर 1.6 अरब डॉलर पहुंच गया है. पिछले वित्त वर्ष के दौरान भारत ने रूस से कुल 12.6 लाख टन आयात किया था. सूत्रों का कहना है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद भारत उचित मूल्य पर उर्वरक खरीदने के लिए संघर्ष कर रहा था. ऐसे में रूस ने समय पर और उचित मूल्यों पर आपूर्ति की, जिससे फर्टिलाइजर की संभावित कमी से बचने में मदद मिली.
तेजी से बढ़े थे दाम
रूस और बेलारूस फर्टिलाइजर के प्रमुख आपूर्तिकर्ता हैं. ऐसे में जब पश्चिमी देशों द्वारा इन देशों से फर्टिलाइजर के शिपमेंट पर प्रतिबंध लगाया गया, तो वैश्विक बाजार में उर्वरक के दाम में जोरदार बढ़ोतरी हुई है. बाद में रूस ने डिस्काउंट ऑफर किया और भारत के कच्चे तेल के साथ-साथ फर्टिलाइजर की व्यवस्था भी कर डाली. बता दें कि वैश्विक पोटाश निर्यात में रूस और बेलारूस की हिस्सेदारी लगभग 40 फीसदी है. अमोनिया के वैश्विक निर्यात में रूस की 22%, यूरिया निर्यात में 14% और मोनो अमोनियम फॉस्फेट के निर्यात में लगभग 14% हिस्सेदारी है. ये सभी उर्वरक के प्रमुख घटक हैं.
टैग्स