होम / बिजनेस / किसान आंदोलन के बीच सरकार ने सुनाई किसानों को खुश करने वाली खबर
किसान आंदोलन के बीच सरकार ने सुनाई किसानों को खुश करने वाली खबर
एक तरफ जहां किसान MSP की गारंटी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं, सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
किसान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. शुक्रवार को वह आगे की रणनीति बनाने वाले हैं, इसके बाद दिल्ली कूच किया जाएगा. इस बीच, केंद्र सरकार ने 2024-25 सत्र के लिए गन्ने का एफआरपी 25 रुपए बढ़ाकर 340 रुपए प्रति क्विंटल करने की मंजूरी दे दी है. उचित और लाभकारी मूल्य (FRP) वह न्यूनतम मूल्य है, जिसे मिल मालिक गन्ना उत्पादकों को चुकाते हैं. गन्ने की एफआरपी बढ़ाने का फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की बैठक में लिया गया.
यहां होती है सबसे ज्यादा पैदावार
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गन्ने के एफआरपी की गई 25 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी मोदी सरकार द्वारा की गई अब तक की सबसे अधिक बढ़ोतरी है. गन्ने की पैदावार मुख्य रूप से महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में होती है. सरकार के इस फैसले को लोकसभा चुनाव से जोड़कर भी देखे जा रहा है.
कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि गन्ना किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने चीनी सत्र 2024-25 (अक्टूबर-सितंबर) के लिए गन्ने के एफआरपी को 340 रुपए प्रति क्विंटल करने को मंजूरी दे दी है.
अंतरिक्ष क्षेत्र में FDI पर बड़ा फैसला
इसके अलावा, केंद्र सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र में विदेशी और निजी कंपनियों को आकर्षित करने का प्रयास किया है. इसके तहत उपग्रहों के उपकरण बनाने में 100 प्रतिशत विदेशी निवेश की अनुमति दी गई है. ऐसा करके अंतरिक्ष क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश यानी FDI मानदंडों को आसान बनाया गया है. सरकार द्वारा अंतरिक्ष के उपग्रह उप-क्षेत्र को 3 अलग-अलग गतिविधियों में विभाजित किया गया है और प्रत्येक क्षेत्र के लिए विदेशी निवेश की सीमा भी अलग-अलग निर्धारित की गई है.
टैग्स