होम / बिजनेस / मारुति सुजुकी ने बढ़ाई अर्टिगा और बलेनो की कीमतें, टेस्ला की एंट्री के बीच उठाया कदम
मारुति सुजुकी ने बढ़ाई अर्टिगा और बलेनो की कीमतें, टेस्ला की एंट्री के बीच उठाया कदम
टेस्ला की भारत में एंट्री जहां ऑटोमोबाइल बाजार में नई प्रतिस्पर्धा लेकर आई है, वहीं मारुति ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अपने मॉडल्स में बदलाव किए हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 11 months ago
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की कंपनी टेस्ला (Tesla) ने भारत में आधिकारिक एंट्री कर ली है. कंपनी ने मुंबई में अपना पहला शोरूम खोला है. इसी बीच देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (Maruti Suzuki) ने अपने दो लोकप्रिय मॉडलों अर्टिगा और बलेनो की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. यह बढ़ोतरी 16 जुलाई, 2025 से प्रभावी हो गई है.
छह एयरबैग का हुआ स्टैंडर्डाइजेशन
मारुति ने बताया कि कंपनी ने नए सुरक्षा मानकों के तहत अर्टिगा और बलेनो में छह एयरबैग को अनिवार्य कर दिया है. इसी कारण अर्टिगा की एक्स-शोरूम कीमत में औसतन 1.4% और बलेनो की कीमत में 0.5% की बढ़ोतरी हुई है. कंपनी ने शेयर बाजार को दी गई सूचना में बताया कि यह निर्णय सरकार द्वारा एम1 कैटगरी की गाड़ियों में सुरक्षा मानकों को सख्त किए जाने के बाद लिया गया है. सरकार पहले ही ड्राइवर और को-ड्राइवर एयरबैग को क्रमशः 2019 और 2021 में अनिवार्य कर चुकी है.
अब कितनी हो गई है इन गाड़ियों की कीमत
- बलेनो (प्रीमियम हैचबैक) की कीमत अब ₹6.7 लाख से शुरू होकर ₹9.92 लाख तक पहुंच गई है.
- अर्टिगा (7-सीटर एमपीवी) की कीमत अब ₹8.97 लाख से ₹13.25 लाख तक हो गई है.
बिक्री में गिरावट, लेकिन अर्टिगा बनी सबसे ज्यादा बिकने वाली 7-सीटर
मारुति की कुल बिक्री में जून 2025 में सालाना आधार पर 6% की गिरावट देखी गई है. जून महीने में कंपनी ने 1.68 लाख यूनिट्स की बिक्री की, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 1.79 लाख यूनिट्स था. घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री 13% गिरकर 1.19 लाख यूनिट्स रही.
हालांकि, अर्टिगा कंपनी के लिए एक मजबूत मॉडल साबित हुई है. 2025 की पहली छमाही में अर्टिगा सबसे ज्यादा बिकने वाली 7-सीटर गाड़ी रही, जिसकी बिक्री में 4% की वृद्धि के साथ 91,991 यूनिट्स का आंकड़ा दर्ज किया गया.
टैग्स