होम / बिजनेस / LPG सिलेंडर की कीमतों में कटौती, जानें अब कितना हुआ दाम
LPG सिलेंडर की कीमतों में कटौती, जानें अब कितना हुआ दाम
गैस कंपनियों ने LPG सिलेंडर के नए रेट जारी कर दिए हैं. कमर्शियल सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों को राहत दी गई है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी हुई है. हालांकि, राहत केवल कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल करने वालों को मिली है, घरेलू सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. एक मई यानी आज गैस कंपनियों ने सिलेंडर के नए रेट जारी किए हैं. इसके तहत 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कटौती की गई है. अब राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1,856.50 रुपए रह गई है, जबकि पहले कीमत 2,028 रुपए थी. इस तरह, दाम में 171.50 रुपए की कमी आई है.
दूसरी बार कम हुई कीमत
घरों में इस्तेमाल होने वाले LPG सिलेंडर के दाम आसमान पर पहुंच गए हैं. कई शहरों में इसकी कीमत 1100 रुपए के आसपास है. ऐसे में आम जनता को उम्मीद थी कि कंपनियां उसे भी कुछ राहत देगी, लेकिन एक बार फिर कंपनियों ने जनता की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है. जबकि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में लगातार दूसरी बार कमी की गई है.
अप्रैल में घटे थे दाम
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बदलाव के बाद मुंबई में इसके दाम 1960.50 रुपए, कोलकाता में 1960.50 रुपए और चेन्नई में 2021.50 रुपए हो गए हैं. मार्च में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में सीधे 350 रुपए से अधिक का इजाफा किया गया था, लेकिन एक अप्रैल को 92 रुपए की कटौती भी की गई थी. इस लिहाज से ये दूसरी बार है जब कमर्शियल सिलेंडर के दामों में कमी आई है. बता दें कि 19 किलो वाले इस सिलेंडर का इस्तेमाल दुकानों, होटल आदि में किया जाता है.
महंगा हो सकता है पेट्रोल!
हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. ऐसे में यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ सकते हैं. पिछले काफी समय से इनकी कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. हालांकि, कई मौकों पर कच्चे तेल के दाम नीचे भी आए, लेकिन उसके बावजूद कंपनियों ने उसका फायदा आम जनता को नहीं दिया. कंपनियां पुराने नुकसान का हवाला देते हुए जनता का हक मारती रहीं.
टैग्स