होम / बिजनेस / जिस Bank को बेच रही मोदी सरकार, उसके Profit में आया जबरदस्त उछाल
जिस Bank को बेच रही मोदी सरकार, उसके Profit में आया जबरदस्त उछाल
सरकार ने 7 अक्टूबर को आईडीबीआई बैंक के एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EoI) के लिए बोलियां आमंत्रित की थीं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
मोदी सरकार जिस सरकारी बैंक को बेचने जा रही है, उसके प्रॉफिट में जबरदस्त उछाल आया है. अपने विनिवेश यानी Disinvestment अभियान के तहत सरकार कई सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में बेचना चाहती है. इस लिस्ट में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक IDBI का नाम भी शामिल है. इस बैंक को निजी हाथों में देने की तैयारी फुल स्पीड में चल रही है. इस बीच, बैंक ने मार्च तिमाही के अपने नतीजे जारी कर दिए गए हैं. पिछली मार्च तिमाही के दौरान IDBI बैंक का नेट प्रॉफिट 64.1 प्रतिशत बढ़कर 1133 करोड़ रुपए रहा है. एक साल पहले की अवधि में बैंक का नेट प्रॉफिट 691 करोड़ रुपए था.
NII में हुआ इजाफा
मार्च तिमाही के लिए IDBI बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 3279.60 करोड़ रुपए रही, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 2420.5 करोड़ थी. 29 अप्रैल यानी आज जारी तिमाही नतीजों में बैंक ने बताया है कि उसका एडीक्वेसी रेशियो बेहतर होकर 20.44% पर पहुंच गया. एक साल पहले इसी तिमाही में यह 19.06 फीसदी था. जबकि दिसंबर तिमाही में यह रेशियो 20.14 प्रतिशत रहा था. बता दें कि कैपिटल एडीक्वेसी रेशियो (CAR) दर्शाता है कि कोई भी बैंक अपने ऑब्लिगेशन से जुड़ी प्रतिबद्धताओं को कितनी अच्छे तरीके से पूरा कर सकती है.
NPA में आई गिरावट
इसी तरह, IDBI बैंक का प्रोविजन मार्च तिमाही में सालाना आधार पर 47 फीसदी और तिमाही आधार पर 26 फीसदी बढ़कर 983.63 करोड़ रुपए रहा है. इसके अलावा, बैंक का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स यानी Gross NPA मार्च में घटकर 6.38% पर आ गया, जो दिसंबर महीने के अंत में 13.82 प्रतिशत था. जबकि इसका Net NPA घटकर 0.92 फीसदी रहा. दिसंबर तिमाही के अंत में यह 1.08 फीसदी पर था. गौरतलब है कि इस बैंक में भारत सरकार की हिस्सेदारी 45.48 फीसदी और LIC की 49.24% है. कुल मिलाकर सरकार और LIC मिलकर IDBI बैंक में 60.72 फीसदी की हिस्सेदारी बेचेंगे.
इनकी भी है दिलचस्पी
सरकार ने 7 अक्टूबर को आईडीबीआई बैंक के एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EoI) के लिए बोलियां आमंत्रित की थीं. हाल ही में आई एक रिपोर्ट में बताया गया था कि घरेलू और विदेशी दोनों निवेशकों ने इस बैंक को अपना बनाने में रुचि दिखाई है. EoI सबमिट करने वालों में जापान का एक बैंक और अमेरिका की एक कंपनी शामिल हैं. जापान के Sumitomo Mitsui Banking Corporation Group (SMBC Bank) और अमेरिका की एसेट मैनेजमेंट कंपनी Oaktree Capital Management ने IDBI बैंक में हिस्सेदारी खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है. Oaktree के फाउंडर मशहूर निवेशक Howard Marks हैं.
टैग्स