होम / बिजनेस / नए साल में कैसी रहेगी GDP की रफ्तार, गोल्डमैन सैक्स ने जताया ये अनुमान
नए साल में कैसी रहेगी GDP की रफ्तार, गोल्डमैन सैक्स ने जताया ये अनुमान
अंतरराष्ट्रीय इनवेस्टमेंट बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विस फर्म गोल्डमैन सैक्स ने अगले साल के लिए भारत की GDP की रफ्तार का आकलन जारी किया है
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
अर्थव्यवस्था के लिहाज से अगला वर्ष कैसा रहेगा, ये तो आने वाला समय ही बताएगा, लेकिन अंतरराष्ट्रीय इनवेस्टमेंट बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विस फर्म गोल्डमैन सैक्स ने जो अनुमान जाहिर किया है वो उत्साहजनक नहीं है. गोल्डमैन सैक्स ने नए साल में देश की आर्थिक विकास दर में गिरावट आने की आशंका जताई है. कंपनी का अनुमान है कि कैलेंडर वर्ष 2023 के दौरान भारत की GDP विकास दर घटकर 5.9 फीसदी हो जाएगी, जो इस साल के अनुमान 6.9 फीसदी से कम है.
कम हो जाएगा फायदा
हालांकि, गोल्डमैन सैक्स ने यह भी कहा है कि 2023 की दूसरी छमाही के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था एक बार फिर से रफ्तार पकड़ सकती है. कंपनी की रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोना महामारी के बाद अर्थव्यवस्था की रीओपनिंग का जो फायदा भारतीय अर्थव्यवस्था को मौजूदा साल में मिल रहा है, वो अगले साल की पहली छमाही में कम हो सकता है. इसके अलावा, महंगाई, बढ़ती ब्याज दरों का असर भी अर्थव्यवस्था पर देखने को मिलेगा.
अलग-अलग प्रदर्शन
विभिन्न कारणों के चलते 2023 की पहली छमाही के दौरान जीडीपी विकास दर में गिरावट देखने को मिल सकती है. हालांकि, अच्छी बात ये है कि 2023 की दूसरी छमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था में एक बार फिर से तेजी नजर आने की उम्मीद है. रिपोर्ट में बताया गया है कि अगले साल की दोनों छमाहियों में इंडियन इकॉनमी का प्रदर्शन अलग-अलग रहेगा. पहली छमाही में जहां घरेलू कारणों से GDP की रफ्तार सुस्त रहेगी. वहीं, दूसरी छमाही तक अंतरराष्ट्रीय आर्थिक हालात में सुधार होने की उम्मीद के चलते, इसमें तेजी देखने को मिलेगी.
महंगाई पर मिलेगी राहत
गोल्डमैन सैक्स की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगले कैलेंडर वर्ष के दौरान भारत की महंगाई दर घटकर 6.1 फीसदी पर आ सकती है. जिसके मौजूदा कैलेंडर वर्ष में 6.8 फीसदी रहने के आसार हैं. हालांकि उनका यह भी मानना है कि महंगाई को बढ़ने से रोकने के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) दिसंबर में एक बार फिर से ब्याज दरों में आधा फीसदी का इजाफा कर सकता है. इसके बाद फरवरी में ब्याज दरों में इजाफे की संभावना है.
टैग्स